देश

Goa Nightclub Tragedy: 11:45 पर आग और 1:17 पर थाईलैंड की टिकट! क्या पहले से तय था लूथरा ब्रदर्स के भागने का प्लान?

गोवा सरकार ने विदेश मंत्रालय से अपील की है कि लूथरा भाइयों का पासपोर्ट रद्द किया जाए। गोवा सरकार ने विदेश मंत्रालय को इस बाबत औपचारिक अनुरोध भेजा है। विदेश मंत्रालय (MEA) ङी गोवा सरकार के उस अनुरोध पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

Goa Nightclub Fire

'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में आग की घटना (फोटो: canva)

उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित नाइटक्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' में लगी भीषण अग्निकांड मामले में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।गोवा पुलिस के अधिकारियों ने बताया है कि क्लब में आग लगने के महज 90 मिनट में हादसे के मुख्य आरोपी और क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा के नाम पर थाईलैंड के टिकट बुक हो गए थे। हादसे के बाद इतने कम समय में देश से भागने के प्लान ने जांच एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। ऐसे में यह सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या क्लब में आग लगने से पहले ही उसके मालिकों का देश से भागने का प्लान तैयार था?

पुलिस ने मामले में क्या-क्या बताया?

गोवा पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) नीलेश राणे ने बताया कि हादसे और क्लब मालिकों के देश से भागने की जांच के दौरान पता चला है कि लूथरा ब्रदर्स ने सात दिसंबर को देर रात 1:17 बजे एक ट्रैवल पोर्टल के जरिए थाईलैंड के फुकेट के लिए टिकट बुक कुए थे। उन्होंने कहा कि जांच में यह भी पता चला कि जब पुलिस और अन्य बचाव दल और एजेंसियां क्लब में फंसे लोगों को बचाने की जद्दोजहद में जुटी थीं, उस समय उसके मालिक अपने भागने की योजना बना रहे थे। दोनों रविवार तड़के इंडिगो के विमान से फुकेट के लिए रवाना हुए।

भागने में लूथरा भाइयों की पुलिस की मदद से इनकार

इस दौरान उन्होंने हादसे के बाद देश से भागने में लूथरा बंधुओं की पुलिस द्वारा मदद करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी अग्निकांड की भयावहता का पता चलने से पहले ही देश से भाग गए थे। नीलेश राणे ने कहा कि पुलिस पर मदद करने का आरोप पूरी तरह से झूठा है। हादसे की सूचना उनके पास रात में 11: 45 पर आई थी, जिसके बाद गोवा पुलिस और सभी सहायक एजेंसियां सुबह 6:00 बजे तक घटनास्थल पर बचाव अभियान में बिजी थी। वे उस दौरान आग बुझा रही थीं और पीड़ितों को निकाल रही थीं। जबकि आरोपी सुबह 5:30 बजे मुंबई से फुकेट की फ्लाइट पकड़कर देश से भाग गए थे।

लूथरा ब्रदर्स के पासपोर्ट रद्द करने पर विचार कर रहा विदेश मंत्रालय

इस बीच, सामने आया है कि गोवा सरकार ने विदेश मंत्रालय से अपील की है कि लूथरा भाइयों का पासपोर्ट रद्द किया जाए। गोवा सरकार ने विदेश मंत्रालय को इस बाबत औपचारिक अनुरोध भेजा है। विदेश मंत्रालय (MEA) ङी गोवा सरकार के उस अनुरोध पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू?

सूत्रों के अनुसार, बुधवार को गोवा सरकार की ओर से भेजा गया औपचारिक अनुरोध विदेश मंत्रालय को प्राप्त हो गया है। मंत्रालय इस प्रस्ताव की समीक्षा भारतीय पासपोर्ट अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत कर रहा है। यदि पासपोर्ट रद्द होता है, तो दोनों आरोपियों का विदेश में रुकना मुश्किल हो जाएगा।

घटना के तुरंत बाद थाईलैंड भागे थे दोनों भाई

गौरव और सौरभ लूथरा, जो नॉर्थ गोवा स्थित क्लब के सह-मालिक बताए जाते हैं, आग लगने के कुछ ही घंटों बाद फुकेट, भाग गए थे। इसके बाद गोवा पुलिस के अनुरोध पर दोनों के खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस की जा सके।

दिल्ली कोर्ट ने भी राहत देने से किया इंकार

वहीं, बुधवार को दिल्ली की एक अदालत ने लूथरा ब्रदर्स को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा देने से इंकार कर दिया। उनके एक पार्टनर को गोवा पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। कोर्ट में लूथरा पक्ष के वकील ने दावा किया कि दोनों भाई भागे नहीं हैं, बल्कि बिजनेस मीटिंग के लिए विदेश गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों सिर्फ लाइसेंसी हैं, क्लब के मूल मालिक नहीं।

मैनेजर और स्टाफ पहले ही गिरफ्तार

गोवा पुलिस अब तक क्लब के पांच मैनेजरों और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है। 6 दिसंबर की आधी रात को उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित नाईट क्लब में आग लगी थी, जो राजधानी पणजी से 25 किमी दूर है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article