Lokendra Singh Kalvi death news : करणी सेना के संस्थापक लोकेंद्र सिंह कालवी का 68 साल की उम्र में सोमवार रात जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में निधन हो गया। कालवी का अंतिम संस्कार मंगलवार दोपहर 2.15 बजे उनके पैतृक गांव नागौर में किया जाएगा। हार्ट अटैक आने के बाद कालवी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान रात 12.30 बजे के करीब उन्होंने अंतिम सांस ली। कालवी के निधन से क्षत्रिय समुदाय में शोक की लहर है। कुछ समय पहले कालवी को ब्रेन स्ट्रोक आया था जिसके बाद उनका इलाज चल रहा था। एसएमएस अस्पताल की अधीक्षक डॉक्टर आंचल शर्मा ने कहा कि ब्रेन स्ट्रोक आने के बाद जून 2022 से अस्पताल में कालवी का इलाज चल रहा था।
'पद्मावत' के रिलीज के मौके पर सुर्खियों में आई करणी सेना
साल 2018 की फिल्म 'पद्मावत' के रिलीज के मौके पर करणी सेना अचानक सुर्खियों में आई। करणी सेना ने दावा किया कि फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली ने रानी पद्मावती की छवि 'गलत तरीके' से पेश की। इसे लेकर फिल्म के सेट पर करणी सेना के सदस्यों ने हाथापाई भी की। कालवी के पिता कल्याण सिंह कालवी राजस्थान की भैरो सिंह शेखावत सरकार में कृषि मंत्री रहे।
राजनीति से भी जुड़े थे कालवी
लोकेंद्र सिंह राजनीति से भी जुड़े रहे। साल 2018 में वह कांग्रेस में शामिल हुए लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) में शामिल हो गए। कालवी ने बाड़मेर जैसलमेर सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कालवी ने करणी सेना की स्थापना साल 2006 में की। इसका मुख्यालय जयपुर में है। इस सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन का ज्यादा प्रभाव जयपुर, नागौर और सीकर जिलों में है।
