देश

घरों में चाकू रखें- विवादित बयान पर बुरी फंसी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर! कर्नाटक में FIR दर्ज

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 29, 2022, 06:38 AM IST

साध्वी प्रज्ञा सिंह के बयान पर कांग्रेस ने भी हमला बोला था। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने इस मामले पर गृहमंत्री अमित शाह पर हमला बोला था। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि हिंदुओं को उन पर हमला करने वालों को जवाब देने का अधिकार है।

Image

बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ कर्नाटक में FIR

Photo : PTI

बेंगलुरु: बीजेपी की भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर (Sadhvi Pragya Singh Thakur) अपने विवादित बयानों को लेकर एक बार फिर से मुसीबत में फंसती दिख रही हैं। कर्नाटक के शिमोगा में उनके खिलाफ FIR दर्ज किया गया है। उनपर भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने क्या कहा

कर्नाटक पुलिस ने ठाकुर के खिलाफ एक सम्मेलन में उनके कथित भड़काऊ भाषण के लिए मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने कहा कि शिवमोगा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच एस सुंदरेश की शिकायत के आधार पर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, भोपाल के सांसद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिसमें 153A (धर्म, नस्ल के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 295A (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्यों का उद्देश्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) शामिल है।

क्या कहा था साध्वी प्रज्ञा ने

बीजेपी सांसद ने कर्नाटक में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था - "अपने घरों में हथियार रखो और कुछ नहीं तो सब्जी काटने वाला चाकू जरा तेज रखो, स्पष्ट बोल रही हूं कि हमारे घरों में भी सब्जी काटने के लिए हथियार तेज होना चाहिए। ...पता नहीं कब कैसा मौका आए। धारदार... पता नहीं क्या स्थिति पैदा हो जाए। अगर हमारी सब्जी अच्छे से कटेगी तो हमारे दुश्मनों के सिर भी अच्छे से कटेंगे।"

कांग्रेस ने घेरा

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने सीधे अमित शाह पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा- "साध्वी देश के गृह मंत्री का मजाक उड़ाने की कोशिश कर रही थीं क्योंकि देश में सुरक्षा सुनिश्चित करना गृह मंत्री का कर्तव्य है। इसलिए मुझे लगता है कि साध्वी यह कहने की कोशिश कर रही थीं कि गृह मंत्री बेकार हैं इसलिए हम सभी को अपने चाकुओं को तेज करने की जरूरत है। मैं यहां खड़े सभी पुलिस कर्मियों से पूछना चाहता हूं कि क्या चाकू को तेज करना हमारा कर्तव्य है। अगर हम चाकू को तेज करने का काम करेंगे तो सुरक्षा बल क्या करेंगे, या कानून क्या करेगा? हमने नियुक्त क्यों किया है?"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article