देश

Expressways in India: देश में बने रहे ये 5 बड़े एक्सप्रेस-वे, शुरू होते ही बदल देंगे भारत की किस्मत

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jun 16, 2023, 02:01 PM IST

यमुना एक्सप्रेस, मुंबई-नागपुर जैसे कई बेहतरीन एक्सप्रेस-वे ने लोगों का जीवन आसान बना दिया है। साथ ही आर्थिक तरक्की में भी इन सड़कों का योगदान है।

Image

5 Big Express-way

Expressways in India: किसी देश की तरक्की की पहली पहचान उस देश की सड़कें होती हैं। बेहतरीन सड़कों से न सिर्फ नागरिकों को आवागमन में आसानी होती है, बल्कि वाहनों से सामान की आवाजाही भी बेहतर होती है। ये सीधे अर्थव्यवस्था से जुड़ा हुआ है। बेहतर सड़कों के बिना आर्थिक तरक्की संभव नहीं है। इसी के मद्देनजर पिछले कुछ वर्षों में देश में एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया जा रहा है। यमुना एक्सप्रेस, मुंबई-नागपुर (आंशिक रूप से खुला) जैसे कई बेहतरीन एक्सप्रेस-वे ने लोगों का जीवन आसान बना दिया है। साथ ही आर्थिक तरक्की में भी इन सड़कों का योगदान है।

भारत सरकार बेहतर कनेक्टिविटी और गाड़ियों के लिए तेज सड़कें या एक्सप्रेस-वे बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पहले ही एक रोड मैप बना लिया है, जिसके तहत वह 1.8 लाख किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने पर काम करेगा। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा बल्कि यात्रियों का खर्चा भी बचेगा। इन परियोजनाओं के 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे (Delhi-Mumbai Expressway)

इनमें पहला नाम है बहुप्रतीक्षित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, जो लंबे समय से चर्चा में है। एक बार इसके पूरा हो जाने पर दोनों शहरों से दूरी को तय करने में केवल 11 से 12 घंटे लगेंगे। यानी लोग सड़क मार्ग से यात्रा के दौरान 13 से 14 घंटे तक की बचत कर पाएंगे।

मुंबई-नागपुर एक्सप्रेस-वे (Mumbai-Nagpur Expressway)

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस एक्सप्रेस-वे को पूरा होने में सिर्फ 6 या 7 महीने लगेंगे। एक बार जब यह शुरू हो जाएगा, तो लोग मुंबई से नागपुर की दूरी को केवल 8 घंटे या उससे भी कम समय में तय कर सकेंगे। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह एक्सप्रेस-वे 701 किलोमीटर लंबा होगा और 8 से अधिक जिलों और 388 या उससे भी अधिक गांवों को जोड़ेगा।

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस-वे (Delhi-Amritsar-Katra Expressway)

648 किमी से अधिक क्षेत्र में फैली यह परियोजना जम्मू के कटरा को दिल्ली में बहादुरगढ़ सीमा से जोड़ेगी। इस चार-लेन एक्सप्रेस-वे का संचालन शुरू हो जाने के बाद लोग अमृतसर, नोकदार और गुरदासपुर सहित अन्य जगह होते हुए कटरा पहुंच सकेंगे।

गंगा एक्सप्रेस-वे (Ganga Expressway)

94 किमी लंबा 6-लेन एक्सप्रेसवे हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, शाहजहांपुर, बदायूं, हरदोई, उन्नाव, प्रतापगढ़ और रायबरेली सहित 12 शहरों को कवर करेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर सब कुछ सुचारू रूप से चलता रहा तो योजना के अनुसार, यह 2025 से पहले आम जनता के लिए शुरू हो जाएगा।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे (Delhi Dehradun Expressway)

देश को इसी साल एक और बड़े एक्सप्रेस की सौगात मिलेगी। इस साल के अंत तक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसके पूरा हो जाने पर लोग दिल्ली से देहरादून सिर्फ दो घंटे में पहुंच सकेंगे। जबकि हरिद्वार 90 मिनट में पहुंचेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण इस साल दिसंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा। यह एक्सप्रेसवे 212 किलोमीटर लंबा है और इसकी निर्माण लागत 12,000 करोड़ रुपए है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि छह लेन वाली दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे नई परियोजना का 60-70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article