देश

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा तमिलनाडु में सरकार गठन का मामला, पूर्व IPS अधिकारी ने राज्यपाल के कदम को दी चुनौती

Tamil Nadu Govt Formation: सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर एक पूर्व आईपीएस अधिकारी ने शनिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा टीवीके प्रमुख थलपति विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं करने के कदम को चुनौती दी है।

Image

तमिलनाडु में सरकार गठन पर फिर फंसा पेंच (फाइल फोटो)

Tamil Nadu Govt Formation Issue: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद से अबतक तीन बार थलपति विजय ने राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बावजूद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किए। इस बीच, पूर्व आईपीएस अधिकारी ने शनिवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने शीर्ष अदालत में एक याचिका दायर कर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा टीवीके प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं करने के कदम को चुनौती दी है।

किसने दायर की याचिका?

यह याचिका भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के सेवानिवृत्त अधिकारी एम. रामसुब्रमणि द्वारा दायर की गई है। रामसुब्रमणि ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक के रूप में कार्य किया था। उनकी याचिका में दलील दी गई है कि राज्यपाल का विधानसभा के बाहर बहुमत साबित करने का निर्णय असंवैधानिक है। इसमें कहा गया कि राज्यपाल टीवीके को सदन में अपना बहुमत साबित करने का अवसर देने से इनकार नहीं कर सकते।

विजय को वामदलों का मिला समर्थन

विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) को 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीट मिली हैं, जो बहुमत के लिए जरूरी 118 सदस्यों की संख्या से कम है। पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने विजय को समर्थन देने की घोषणा की है। विजय ने सरकार बनाने की कोशिशों के तहत भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) और विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (VCK) से संपर्क किया था। तीनों दलों के सदन में दो-दो विधायक हैं।

कांग्रेस विधायकों ने हैदराबाद में डाला डेरा

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच कांग्रेस के पांच विधायक शनिवार को हैदराबाद में डेरा डाले हुए हैं। पार्टी सूत्रों के कहा कि यह कदम विधायकों की 'जोड़-तोड़' की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने बताया कि मेलूर से कांग्रेस विधायक पी. विश्वनाथन इस समूह का नेतृत्व कर रहे हैं। विश्वनाथन पहले तेलंगाना में पार्टी मामलों के कांग्रेस प्रभारी रह चुके हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article