Rahul Gandhi On 'Dead Economy': अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत और रूस की अर्थव्यवस्था को लेकर की गई टिप्पणी को मुद्दा बनाकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार को निशाने पर लिया। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को छोड़कर हर कोई जानता है कि भारत एक डेड इकोनॉमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने भारत की आर्थिक, रक्षा और विदेश नीतियों को बर्बाद कर दिया है।
संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि अमेरिका के साथ एक व्यापार समझौता होगा और ट्रम्प इसे परिभाषित करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री मोदी वही करेंगे जो अमेरिकी राष्ट्रपति उन्हें करने के लिए कहेंगे।
मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने एक तथ्य बताया
राहुल गांधी की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ और जुर्माना लगाने की घोषणा और भारत और रूस को "डेड इकॉनमी यानी मृत अर्थव्यवस्था" कहने के बाद आई है। ट्रंप द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, वह सही हैं, प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर हर कोई यह जानता है। हर कोई जानता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था एक मृत अर्थव्यवस्था है। मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने एक तथ्य बताया है।
राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अरबपति गौतम अडानी की मदद करने के लिए भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। विदेश मंत्री भाषण देते हैं कि हमारी विदेश नीति बहुत शानदार है। एक तरफ अमेरिका आपको गाली दे रहा है और दूसरी तरफ चीन आपके पीछे पड़ा है, और तीसरी बात, जब आप दुनिया भर में अपने प्रतिनिधिमंडल भेजते हैं, तो कोई भी देश पाकिस्तान की निंदा नहीं करता। वे देश कैसे चला रहे हैं? उन्हें देश चलाना नहीं आता।
