देश

Nirav Modi News: ईडी ने भगोड़ा हीरा कारोबारी नीरव मोदी की 29.75 करोड़ रुपये की नयी संपत्ति कुर्क की

ED attaches property of Nirav Modi: पंजाब नेशनल बैंक के साथ दो अरब डॉलर की कथित धोखाधड़ी के मामले में पांच साल से अधिक समय से जांच कर रही एजेंसी ने पूर्व में नीरव मोदी की भारत और विदेश स्थित 2,596 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी।

Image

नीरव मोदी

ED attaches property of Nirav Modi: प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को कहा कि उसने धनशोधन रोधी कानून के तहत भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी की 29.75 करोड़ रुपये की नयी संपत्ति कुर्क की है।डी ने एक बयान में कहा कि संबंधित परिसंपत्तियों को कुर्क करने के लिए धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत एक अनंतिम आदेश जारी किया गया है। इसने कहा कि ये परिसंपत्तियां बैंक जमा, भूमि और भवन के रूप में हैं।

नीरव मोदी वर्तमान में ब्रिटेन की जेल में बंद है और इस कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले के संबंध में भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी याचिका खारिज हो चुकी है। इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो द्वारा भी की जा रही है।मामले में मुख्य आरोपी नीरव और उसके मामा मेहुल चोकसी तथा अन्य के खिलाफ मुंबई में पंजाब नेशनल बैंक की ब्रैडी हाउस शाखा में बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने तथा फर्जी गारंटी पत्र जारी करने के आरोप हैं। ईडी द्वारा इस मामले में धनशोधन के आरोपों की जांच की जा रही है।

नीरव को दिसंबर 2019 में मुंबई पीएमएलए अदालत ने भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था। उसी वर्ष उसे लंदन में गिरफ्तार किया गया था।ईडी ने कहा कि नीरव तथा उसके सहयोगियों की 692.90 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम के प्रावधानों के तहत 'जब्त' की गई है।

इसने बताया कि इसके अलावा, पीड़ित बैंकों-पीएनबी और संबंधित समूह बैंकों को 1,052.42 करोड़ रुपये की संपत्ति सफलतापूर्वक वापस की गई है।ईडी ने कहा, 'नीरव मोदी के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्यवाही शुरू की गई है और यह लंदन, ब्रिटेन में प्रगति पर है। इस साल की शुरुआत में, नीरव मोदी ने ब्रिटेन की एक अदालत में जमानत के लिए आवेदन किया था, लेकिन सातवीं बार इसे अस्वीकार कर दिया गया था।' एजेंसी ने कहा कि नीरव ने जमानत आदेश के खिलाफ ब्रिटेन उच्च न्यायालय में अपील दायर की थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया और फिलहाल वह ब्रिटेन में जेल में बंद है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article