देश

तेजस्वी यादव के वोटर ID पर ECI का बड़ा खुलासा: दूसरा EPIC नंबर रिकॉर्ड में नहीं, जांच शुरू

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को दावा किया कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित ‘मसौदा मतदाता सूची’ में उनका नाम नहीं है।

Image

राजद नेता तेजस्वी यादव (फोटो- tejashwiyadav)

चुनाव आयोग (ECI) के सूत्रों ने दावा किया कि राजद नेता तेजस्वी यादव के एक वोटर ID कार्ड से जुड़ा EPIC नंबर RAB 2916120 चुनाव आयोग के पिछले 10 साल के रिकॉर्ड में कहीं भी दर्ज नहीं है। यह वही नंबर है जिसे तेजस्वी यादव ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में सार्वजनिक रूप से दिखाया था।

तेजस्वी के पास दो वोटर कार्ड

ECI सूत्रों का इशारा है कि तेजस्वी यादव के पास दो वोटर ID कार्ड हो सकते हैं, जिनमें से एक संभवतः फर्जी है या गैरकानूनी तरीके से बनवाया गया। यह एक गंभीर आरोप है, क्योंकि भारतीय चुनावी प्रणाली में एक व्यक्ति के पास एक से अधिक वैध वोटर ID कार्ड रखना अपराध की श्रेणी में आता है। सूत्रों के अनुसार, जो EPIC नंबर (RAB 2916120) तेजस्वी ने प्रेस से साझा किया, वह किसी भी आधिकारिक डेटा बेस, ड्राफ्ट रोल या वोटर लिस्ट में मौजूद नहीं है। आयोग ने इस आधार पर आशंका जताई है कि यह फर्जी पहचान पत्र हो सकता है।

आयोग की जांच शुरू

इस खुलासे के बाद, चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव के दूसरे वोटर ID कार्ड की जांच शुरू कर दी है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि तेजस्वी ने 2020 के विधानसभा चुनाव में जो नामांकन दाखिल किया था, उसमें ड्राफ्ट रोल में मौजूद वैध EPIC नंबर का ही इस्तेमाल किया गया था और वही EPIC नंबर चुनावी हलफनामे में दर्ज भी है। हालांकि, फिलहाल तेजस्वी यादव या राजद की ओर से इस मामले में कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन अगर आयोग की जांच में यह साबित होता है कि फर्जी EPIC नंबर के जरिए दोहरी पहचान बनाई गई, तो यह जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत गंभीर कानूनी मामला बन सकता है।

क्या है EPIC नंबर?

EPIC (Electors Photo Identity Card) नंबर वह विशिष्ट पहचान संख्या है जो हर मतदाता को जारी की जाती है। यह नंबर हर व्यक्ति के लिए अद्वितीय होता है और एक ही व्यक्ति के पास दो EPIC नंबर होना गैरकानूनी है। यह मामला अब केवल चुनाव आयोग की तकनीकी जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राजनीतिक रंग भी पकड़ रहा है। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह तेजस्वी यादव और राजद के लिए कानूनी और नैतिक रूप से बड़ा संकट बन सकता है।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article