देश

Karnataka CM Post: 'मेरे और सिद्दारमैया के बीच...'; कर्नाटक में आखिर क्या चल रहा है, जो शिवकुमार ने कह दी इतनी बड़ी बात

Image

सिद्धारमैया-शिवकुमार के बीच कुर्सी की खींचतान (PTI)

कर्नाटक में उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के सीएम पद को लेकर बयान के बाद एक बार फिर इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि वह ऐसा कोई बयान नहीं देना चाहेंगे कि राज्य में मुख्यमंत्री का बदलाव होगा या नहीं। शिवकुमार ने कहा कि उनके और मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के बीच कांग्रेस आलाकमान के कहने पर कुछ सहमति बनी है। दोनों इसका पालन करेंगे।

मैंने कभी नहीं कहा...

उन्होंने कहा कि सिद्दारमैया आलाकमान के निर्णय के अनुसार मुख्यमंत्री हैं। इस दौरान शिवकुमार ने यह भी साफ कर दिया कि उन्होंने कभी भी मुख्यमंत्री (सिद्दारमैया) के कार्यकाल को लेकर कभी कोई टिप्पणी नहीं की है। शिवकुमार ने कहा कि मैंने कभी नहीं कहा कि वह ( सिद्दारमैया)पांच साल तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। ना ही मैंने कभी इसे खारिज किया कि आलाकमान उनके साथ नहीं है। आलाकमान उनके साथ है,इसीलिए वह आज मुख्यमंत्री हैं। हम दोनों के बीच कुछ सहमति बनी है,आलाकमान ने हमारे बीच वह सहमति कायम की है।

इस दौरान शिवकुमार ने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया कि मुख्यमंत्री पद में कोई बदलाव होगा या नहीं। उन्होंने कहा, 'यह आप (मीडिया)लोग बात कर रहे हैं, हमारे बीच इस बारे में कोई चर्चा नहीं है। हम पार्टी के फैसले का पालन करेंगे।’

देवी जगदीश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए गए थे शिवकुमार

उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को उत्तर कन्नड़ जिले के विभिन्न मंदिरों के दौरे पर थे। उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला स्थित देवी जगदीश्वरी मंदिर की उनकी यात्रा का मुख्यमंत्री बनने की उनकी महत्वाकांक्षाओं से संबंध होने से संबंधित प्रश्न के उत्तर में शिवकुमार ने कहा कि मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता,यह मेरे और देवी मां के बीच का मामला है। यह भक्त और देवी के बीच का मामला है। मैंने देवी से क्या प्रार्थना की यह हम दोनों के बीच का मामला है।

पांच साल पहले मांगी थी मनोकामना

उन्होंने कहा कि पांच साल पहले वह अपने परिवार से संबंधित किसी समस्या को लेकर मंदिर आए थे और उनकी मनोकामना पूरी हुई थी। इसलिए मैं कृतज्ञता व्यक्त करने और अपने लिए, राज्य के लिए और मुझ पर विश्वास करने वाले लोगों के लिए आशीर्वाद मांगने के लिए मंदिर आ रहा हूं। मैं यहां से खुशी-खुशी वापस जा रहा हूं।

मैं पांच साल बना रहूंगा सीएम- सिद्दारमैया ने किया था दावा

इससे पहले दिन में, सिद्दारमैया ने दावा किया था कि वह पूरे पांच साल के अपने कार्यकाल के लिए पद पर बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस आलाकमान के समर्थन पर पूरा विश्वास है। विधानसभा में उत्तर कर्नाटक के विकास से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के दौरान भी सिद्दारमैया ने कहा कि उन्होंने कभी यह जिक्र नहीं किया कि वह केवल ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!