देश

अग्निवीर स्कीम पर थरूर ने सरकार को घेरा, बोले-सेना में अवसरों को कम, प्रशिक्षण की गुणवत्ता गिरा रही सरकार

Agniveer Scheme : सेना की अग्निवीर योजना पर विपक्ष, सरकार को लगातार घेर रहा है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को कहा कि इससे भारत की सेना की प्रतिष्ठा कम होगी क्योंकि उसकी गिनती दुनिया की बेहतरीन सेनाओं में होती है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस इस योजना को खत्म कर देगी।

Image

कांग्रेस नेता शशि थरूर।

KEY HIGHLIGHTS
  • कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि यह योजना सेना की पेशेवर क्षमता को कमजोर बनाएगी
  • उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में आएगी तो इस अग्निवीर योजना को खत्म कर देगी
  • इस योजना को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है, उसे वापस लेने की मांग

Agniveer Scheme : सेना की अग्निवीर योजना पर विपक्ष, सरकार को लगातार घेर रहा है। अब कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सरकार पर निशाना साधा है। तिरूवनंतपुरम के सांसद ने कहा कि सरकार ने ऐसी स्थिति बना दी है कि जहां जवान को केवल छह महीने का प्रशिक्षण मिलेगा और वह तीन से चार साल तक सेवा में रहेगा। ऐसा करते हुए वह प्रशिक्षण की गुणवत्ता कमजोर कर रही है। साथ ही इससे सेना में जो पेशेवर अवसर मौजूद हैं उसे भी वह कम कर रही है।

इससे प्रशिक्षण का स्तर गिरेगा-थरूर

कांग्रेस नेता ने शुक्रवार को कहा, 'भारतीय सेना की पेशेवर रसूख दुनिया भर में बहुत ज्यादा है। इसे दुनिया की बेहतरीन पेशेवर सेना में से एक माना जाता है। उसकी इस योग्यता बनाए रखने की जरूरत है। लेकिन आप जब छह महीने की ट्रेनिंग और तीन से चार साल की सेवा की व्यवस्था कर देते हैं तो आप भारतीय सेना में उपलब्ध पेशेवर अवसरों को कम करते हैं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता गिराते हैं।'

सत्ता में आने पर कांग्रेस इसे खत्म कर देगी-कांग्रेस सांसद

थरूर ने कहा कि यह बहुत ही नुकसान पहुंचाने वाला है। क्या इससे सरकार पेंशन पर होने वाले खर्च को बचाने जा रही है। अगर ऐसा है तो कांग्रेस का रुख अपनी जगह सही है। कांग्रेस जब सत्ता में आएगी तो वह इस योजना को खत्म कर देगी। बता दें कि कारगिल विजय दिवस के मौके पर द्रास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना की तारीफ की और कहा कि अग्निवीर योजना का मकसद सेना को जवान बनाए रखना और उसे युद्ध के लिए हमेशा फिट रखना है। उन्होंने कहा कि सेना में सुधार की मांग लंबे समय से की जा रही थी।

पाक ने अतीत से कुछ नहीं सीखा-पीएम

पीएम ने द्रास में कारगिल स्मारक पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि 1999 के युद्ध में सच्चाई के सामने झूठ और आतंकवाद को घुटने टेकने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अपने अतीत से कुछ नहीं सीखा है। उन्होंने कहा, ‘आज मैं ऐसे स्थान से बोल रहा हूं, जहां से आतंकवाद के आका मेरी आवाज सीधे सुन सकते हैं। मैं आतंकवाद के सरपरस्तों को बताना चाहता हूं कि उनके नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।’मोदी ने आतंकवाद की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान को अतीत में हमेशा हार का सामना करना पड़ा है। साथ ही कहा कि आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article