देश

देवेंद्र फडणवीस का आज राजतिलक, तीसरी बार लेंगे महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ, जानिए बड़ी बातें

बुधवार को मुंबई में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री चुना गया। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि सुधीर मुनगंटीवार और पंकजा मुंडे जैसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

Image

देवेंद्र फडणवीस

Photo : PTI

Devendra Fadnavis Oath As Maharashtra CM: भारतीय जनता पार्टी नेता देवेंद्र फडणवीस आज महाराष्ट्र के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इसके साथ ही राज्य में 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनावों में महायुति गठबंधन को शानदार जीत मिलने के बाद दो सप्ताह से अधिक समय से चल रहा गतिरोध समाप्त हो जाएगा। शाम 5 बजे मुंबई के आजाद मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेता शामिल होंगे। 54 वर्षीय फडणवीस का मुख्यमंत्री के रूप में यह तीसरा कार्यकाल होगा। उन्होंने पहली बार अक्टूबर 2014 से नवंबर 2019 तक शीर्ष पद पर कार्य किया और 44 वर्ष की उम्र में राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने थे।

दूसरी बार सिर्फ पांच दिन रहे सीएम

हालांकि, उनका दूसरा कार्यकाल 23 से 28 नवंबर, 2019 तक केवल पांच दिनों तक चला, जब अविभाजित शिवसेना ने भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ दिया था। फडणवीस के अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता अजित पवार समेत दो उपमुख्यमंत्री भी आज शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे, जिन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने में शुरू में अनिच्छा दिखाई थी, उपमुख्यमंत्री की भूमिका निभाने पर सहमति जताई है और उनके भी आज शपथ लेने की उम्मीद है। राज्य चुनावों में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बाद फडणवीस सीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रहे थे। भाजपा ने 132 सीटें जीती हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी संख्या है, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की एनसीपी को 57 और 41 सीटें मिली हैं।

जानिए अहम बातें

बुधवार को मुंबई में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री चुना गया। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जबकि सुधीर मुनगंटीवार और पंकजा मुंडे जैसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

बैठक के बाद फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने उम्मीद जताई कि शिवसेना प्रमुख हमारे साथ रहेंगे। जब फडणवीस और पवार के बीच बैठे शिंदे से पूछा गया कि क्या वह उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, तो वह टालमटोल करते दिखे और उन्होंने केवल इतना कहा, शाम तक प्रतीक्षा करें। पवार ने तुरंत बीच में टोकते हुए कहा, उनके बारे में नहीं पता, लेकिन मैं कल शपथ ले रहा हूं।

शिंदे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का हवाला देते हुए ठाणे में रह रहे थे, जिससे महायुति गठबंधन में संभावित दरार की अटकलों को बल मिला था। हालांकि, मंगलवार को वे मुंबई लौट आए, जिससे नई सरकार में उनके शामिल होने का संकेत मिलता है।

भाजपा नेता प्रसाद लाड ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह भव्य होगा, जिसमें करीब 42,000 लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी, नौ से दस केंद्रीय मंत्री और 19 मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि 40,000 भाजपा समर्थकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है और 2,000 वीवीआईपी के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था की गई है।

इस बीच, शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर मुंबई में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त सत्य नारायण चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि मुंबई पुलिस ने 5 अतिरिक्त आयुक्तों, 15 डीसीपी, करीब 700 अधिकारियों और 4,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को शामिल करते हुए एक व्यापक तैनाती योजना तैयार की है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article