जंतर-मंतर पर संजय नाम के व्यक्ति को पिटने का दावा करने वाले स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bharadwaj) के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता शुक्रवार को सड़कों पर उतर गए। उन लोगों ने संसद मार्ग थाने को घेर लिया। स्वतंत्र भारद्वाज ने दावा किया था कि उसी ने निशु के पिता को मारा था, जिसके बादकपिल मिश्रा ने दिल्ली पुलिस पर दवाब डालकर उसे छुड़वा लिया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
इसी बीच मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR में SC/ST एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ दी हैं। इससे पहले पुलिस ने जानकारी दी थी कि संजय कुमार की शिकायत पर संसद मार्ग थाने में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था।
पुलिस अब पीड़ित संजय आजाद की दोबारा मेडिकल जांच कराने की तैयारी में है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि मामले में हत्या की कोशिश यानी हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी जाए या नहीं। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कॉकरोच जनता पार्टी के को-कन्वीनर सौरव दास और आशुतोष रांका समेत CJP कार्यकर्ता निशू आजाद और उनके पिता संजय आजाद संसद मार्ग थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की।
निशू आजाद ने जताया जान का खतरा
मामले में संजय आजाद की बेटी निशू आजाद ने आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें लगातार गालियां और रेप की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने FIR भी दर्ज कराई है और उम्मीद है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
निशू ने कहा कि घटना के बाद वह कई दिनों तक स्कूल नहीं गईं। दोबारा स्कूल जाने पर उन्हें लगता है कि लोग उन्हें जज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके परिवार को खतरा है और आरोपियों के साथ जुड़े लोग उन पर हमला कर सकते हैं। निशू ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
चंद्रशेखर आजाद बोले- 72 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा
संसद मार्ग थाने के बाहर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पीड़ित परिवार लगातार डर के माहौल में है। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय आजाद और उनकी बेटी को लगातार बलात्कार, तेजाब डालने और हत्या की धमकियां दी जा रही हैं। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की है और अधिकारियों ने 72 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि अगर देश की राजधानी में पीड़ित परिवार इस तरह डर में है तो ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पप्पू यादव ने भी कार्रवाई की मांग की
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि उन्हें पुलिस की ओर से गिरफ्तारी का आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों को डराया नहीं जा सकता और पीड़ित परिवार को एफआईआर दर्ज कराने के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। पप्पू यादव ने इसे 'बेटी विरोधी और दलित विरोधी मानसिकता' बताते हुए कहा कि वह जेन जी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि किसी को ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के जरिए दबाया नहीं जा सकता।
मेडिकल रिपोर्ट के बाद हत्या के प्रयास की धारा पर फैसला
पुलिस के सामने अब अगला अहम कदम संजय आजाद की दोबारा मेडिकल जांच है। मेडिकल जांच की रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी जाए या नहीं। फिलहाल पुलिस ने FIR में SC/ST एक्ट की धाराएं जोड़ दी हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़ित परिवार तथा प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया गया है।
