देश

'नीट प्रदर्शन में किसी को नहीं लगी गोली, दावा पूरी तरह फर्जी', राहुल गांधी के दावे पर दिल्ली पुलिस का फैक्ट चेक

Delhi Police Fact Check: दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई के नीट प्रदर्शन में छात्र को गोली लगने के सोशल मीडिया दावों का फैक्ट चेक करते हुए इसे खारिज कर दिया है। मेडिकल रिपोर्ट में किसी भी गोली का जिक्र नहीं है।

Image

राहुल गांधी के दावे का किया 'फैक्ट चेक'

Photo : ANI

Delhi Police Fact Check: 20 जुलाई 2026 को मध्य दिल्ली में NEET-UG पेपर लीक के विरोध में निकले 'संसद चलो' मार्च को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चल रहे दावों पर दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक रुख साफ कर दिया है। पुलिस ने वायरल हो रहे उस दावे का फैक्ट चेक जारी किया है, जिसमें कहा गया था कि प्रदर्शन के दौरान एक छात्र को गोली लगी थी।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की मेडिकल लीगल केस (MLC) रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा है कि छात्र के दाहिने कान के पास केवल एक साधारण चीरा (Lacerated Wound) लगा था। डॉक्टरों की राय के अनुसार, यह चोट किसी कुंद वस्तु (Blunt Injury) के टकराने से हुई थी। मेडिकल जांच में शरीर पर गोली लगने का कोई भी निशान या सबूत नहीं मिला है। पुलिस ने साफ किया कि गोलीबारी का दावा पूरी तरह भ्रामक है और लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के ऐसी फर्जी खबरों को शेयर न करें।

राहुल गांधी ने अमित शाह पर लगाए कई गंभीर आरोप

इस मुद्दे को लेकर आज संसद के भीतर भी जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल गांधी का कहना था कि गृह मंत्री के निर्देश पर ही छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई। हालांकि, गृह मंत्री को लेकर की गई उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी के एक हिस्से को सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया।

कहीं भी कोई पुलिस फायरिंग नहीं हुई थी-जितेंद्र सिंह

राहुल गांधी के इन आरोपों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने संसद में स्पष्ट किया कि प्रदर्शन के दौरान कहीं भी कोई पुलिस फायरिंग नहीं हुई थी। जब गोली चली ही नहीं, तो इसका आदेश देने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कानून-व्यवस्था के तहत फायरिंग या लाठीचार्ज का अधिकार केवल मजिस्ट्रेट के पास होता है, किसी मंत्री के पास नहीं।

वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि देश के गृह मंत्री पर बिना सबूत इतने गंभीर आरोप लगाना गैर-जिम्मेदाराना है और इसके लिए राहुल गांधी को सदन से माफी मांगनी चाहिए।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article