देश

आप विधायक अमानतुल्लाह खान को कोर्ट ने ईडी की हिरासत में भेजा, मनी लॉन्ड्रिंग केस में हुई है गिरफ्तारी

ईडी ने आप विधायक अमानतुल्लाह खान पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें 14 समन जारी किए गए और वह उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद केवल एक बार पेश हुए।

Image

आप विधायक अमानतुल्लाह खान

Photo : PTI

आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को कोर्ट ने 4 दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले कोर्ट ने सोमवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। जिसके बाद देर रात अमानतुल्लाह खान को कोर्ट ने ईडी की हिरासत में भेज दिया।

कोर्ट में क्या-क्या हुआ

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन के मामले में गिरफ्तार खान को सोमवार को दिल्ली की एक अदालत में पेश किया। ईडी ने 50 वर्षीय खान को विशेष न्यायाधीश राकेश स्याल के समक्ष पेश कर उन्हें 10 दिन की हिरासत में भेजने का अनुरोध किया। एजेंसी ने कहा कि खान का मामले के अन्य आरोपियों और साक्ष्यों से आमना-सामना कराने की आवश्यकता है। खान की ओर से पेश वकील ने मामले में उनकी गिरफ्तारी को चुनौती दी।

ईडी का दावा

ईडी ने अदालत को बताया कि तलाशी के दौरान खान से कुछ सवाल पूछे गए, लेकिन वह जवाब देने से बचते रहे और इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया। ईडी ने कहा कि खान इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी हैं। संघीय एजेंसी ने अदालत को बताया, ‘‘अपराध की आय का इस्तेमाल संपत्ति खरीदने के लिए किया गया है और धन शोधन किया गया है। नकदी का भी इस्तेमाल किया गया है। एजेंसी को गुमराह करने की कोशिश की गई।’’

आज ही गिरफ्तार हुआ है आप विधायक

ईडी ने राष्ट्रीय राजधानी के ओखला इलाके में खान के आवास पर तलाशी लेने के बाद आज सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया।विधायक खान के खिलाफ धन शोधन का मामला दो प्राथमिकियों पर आधारित है, जिनमें से एक मामला सीबीआई द्वारा वक्फ बोर्ड में कथित अनियमितताओं से संबंधित है और दूसरा दिल्ली एसीबी द्वारा आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले से संबंधित है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article