देश

नागालैंड के मोन में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का कहर, 3 लोगों की मौत, कई के मलबे में दबे होने की आशंका

नागालैंड में रविवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया, साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगहों पर भूस्खलन होने से कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं हैं। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और कई इलाकों का संपर्क टूट गया है।

Image

नागालैंड में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का कहर। फोटो- x/@SPhangnon)

भारत में मानसूनी बारिश अपना कहर बरपा रही है। खास तौर पर नॉर्थ ईस्ट के राज्य मानसूनी बारिश और उसके कारण आई बाढ़ से मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। वहां कई इलाकों में लगातार बारिश जारी है। रविवार को ऐसा ही कुछ नागालैंड में भी हुआ। यहां के मोन में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश के कारण आए फ्लैश फ्लड (अचानक आई बाढ़) और भूस्खलन की घटनाओं में यहां कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। इतना ही नहीं इस अचानक आई बाढ़ में कई मकान बह गए। वहीं अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारियों के फ्लैश फ्लड और उससे बाद के हालातों और बचाव अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव दल ने अब तक एक महिला और एक पुरुष का शव बरामद किया है। तीसरे मृतक की भी पुष्टि की गई है। हालांकि खराब मौसम और दुर्गम इलाके के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।आशंका है कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

भारी बारिश से शहर का जनजीवन ठप

बता दें कि नागालैंड में रविवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया, साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगहों पर भूस्खलन होने से कई प्रमुख सड़कें बंद हो गईं हैं। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और कई इलाकों का संपर्क टूट गया। नागालैंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NSDMA) के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉनी रुआंगमेई ने बताया कि फ्लैश फ्लड और भूस्खलन से मकानों, सड़कों और अन्य सार्वजनिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

राहत और बचाव अभियान जारी

जॉनी रुआंगमेई ने बताया कि प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य चला रहा है। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया गया है। राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), जिला प्रशासन, पुलिस और असम राइफल्स संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। खराब मौसम और लगातार बारिश के बावजूद टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख

वहीं, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में लगी हैं। उपमुख्यमंत्री यंथुंगो पैटन ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

लोगों के लिए प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी किनारों और बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहें। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार क्षेत्र में अगले कुछ समय तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, इसलिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article