देश

तिहाड़ जेल प्रशासन की रिपोर्ट में क्या-क्या? सच में गिरफ्तारी से पहले ही इंसुलिन लेना छोड़ चुके थे CM केजरीवाल!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 21, 2024, 10:04 AM IST

Tihar Jail Report in Arvind Kejriwal: तिहाड़ प्रशासन की रिपोर्ट में कहा गया है कि केजरीवाल ने कुछ महीने पहले इंसुलिन का इंजेक्शन लगवाना बंद कर दिया था और अपनी गिरफ्तारी के समय वह मेटफॉर्मिन नामक एक साधारण मधुमेह रोधी गोली का सेवन कर रहे थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि केजरीवाल को अपने भोजन में प्रति दिन केवल 20 मिलीलीटर तेल का सेवन करने की अनुमति है।

Image

अरविंद केजरीवाल

Photo : Twitter

Tihar Jail Report in Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर तिहाड़ जेल प्रशासन की ओर से एलजी वीके सक्सेना को सौंपी गई रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल ने गिरफ्तारी से महीनों पहले इंसुलिन का इंजेक्शन लगवाना बंद कर दिया था और वह शुगर की दवाईयां ले रहे थे। डीजी जेल की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि सीएम केजरीवाल के स्वास्थ्य की जांच 10 अप्रैल और 15 अप्रैल को मेडिसीन के विशेषज्ञ द्वारा की गई थी, जिन्होंने मधुमेह रोधी दवाओं की सलाह दी थी और यह कहना गलत है कि केजरीवाल को उपचार के किसी भी चरण में इंसुलिन देने से इनकार कर दिया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट में कहा गया है कि जेल डिस्पेंसरी में इंसुलिन की पर्याप्त उपलब्धता है और इसे केजरीवाल को जब कभी आवश्यकता होगी दिया जा सकता है। बता दें, एलजी वीके सक्सेना ने 18 अप्रैल को जेल महानिदेशक से आम आदमी पार्टी के उन आरोपों पर तथ्यात्मक रिपोर्ट देने को कहा था कि केजरीवाल को तिहाड़ जेल में इंसुलिन नहीं दिया जा रहा है।

रिपोर्ट में और क्या-क्या?

तिहाड़ प्रशासन की रिपोर्ट में कहा गया है कि केजरीवाल ने कुछ महीने पहले इंसुलिन का इंजेक्शन लगवाना बंद कर दिया था और अपनी गिरफ्तारी के समय वह मेटफॉर्मिन नामक एक साधारण मधुमेह रोधी गोली का सेवन कर रहे थे। केजरीवाल तेलंगाना के एक निजी चिकित्सक से मधुमेह का उपचार करा रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि तिहाड़ जेल में अपनी स्वास्थ्य जांच के दौरान केजरीवाल ने चिकित्सकों को बताया कि वह पिछले कुछ वर्षों से इंसुलिन ले रहे थे और कुछ महीने पहले इसे लेना बंद कर दिया था। रिपोर्ट के अनुसार औषधि विशेषज्ञ ने केजरीवाल की जांच के बाद कहा, न्यायिक हिरासत में रहने के बाद से विचाराधीन कैदी (केजरीवाल) के सभी स्वास्थ्य पहलुओं और महत्वपूर्ण बातों को ध्यान में रखते हुए, उनके रक्त शर्करा का स्तर चिंताजनक नहीं है और फिलहाल इंसुलिन का इंजेक्शन लगाने की आवश्यकता नहीं है।

केजरीवाल को 20ml तेल के सेवन की अनुमति

रिपोर्ट के अनुसार तिहाड़ प्रशासन ने आप प्रमुख केजरीवाल के लिए आहार योजना तैयार करने का अनुरोध करते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को लिखे पत्र में कहा कि केजरीवाल नियमित रूप से उच्च कॉलेस्ट्रॉल वाली चीजें मिठाई, लड्डू, केले, आम, फलों की चाट, तला हुआ भोजन, नमकीन, भुजिया, मीठी चाय, पूड़ी-आलू, अचार का सेवन कर रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि एम्स द्वारा प्रदान की गई आहार योजना में ऐसे अधिकांश खाद्य पदार्थों के सेवन से सख्ती से बचने की सलाह दी गई है। तिहाड़ प्रशासन के अनुसार, केजरीवाल को अपने भोजन में प्रति दिन केवल 20 मिलीलीटर तेल का सेवन करने की अनुमति है। तिहाड़ प्रशासन ने कहा है कि सरकारी परिपत्र के मुताबिक केजरीवाल को किसी भी निजी अस्पताल में नहीं भेजा जा सकता, जबकि केजरीवाल अपने चिकित्सक के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कराने की मांग कर रहे हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article