देश

दिल्ली ब्लास्ट की संदिग्ध शाहीन के पूर्व पति ने बताया-क्यों हुआ तलाक, टेरर मॉड्यूल से कनेक्शन पर भी बोले

डॉ. शाहीन सईद को फरीदाबाद से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट की बरामदगी मामले में गिरफ्तार किया गया है। शाहीन के पूर्व पति डॉ. हयात ने कहा, 'हमारी शादी हुई थी और हम शांति से रह रहे थे। हमारे दो बच्चे थे। किसी तरह की कोई समस्या नहीं थी... मुझे कोई जानकारी नहीं थी (कि उनका आतंकवादियों से कोई संबंध है)।'

Image

अमोनियम नाइट्रेट बरामदगी मामले में गिरफ्तार हुई है डॉ. शाहीन। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Delhi Blast: दिल्ली ब्लास्ट मामले में संदिग्ध एवं गिरफ्तार डॉ. शाहीन सईद के पूर्व पति डॉ. हयात जफर ने अपनी पूर्व पत्नी के कथित आतंकी संबंधों के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि दोनों नौ साल तक शादी के बंधन में शांति से रहे लेकिन इस रिश्ते में कड़वाहट शाहीन के विदेश में बसने की इच्छा के बाद आनी शुरू हो गई। डॉ. शाहीन सईद को फरीदाबाद से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट की बरामदगी मामले में गिरफ्तार किया गया है। शाहीन के पूर्व पति डॉ. हयात ने कहा, 'हमारी शादी हुई थी और हम शांति से रह रहे थे। हमारे दो बच्चे थे। किसी तरह की कोई समस्या नहीं थी... मुझे कोई जानकारी नहीं थी (कि उनका आतंकवादियों से कोई संबंध है)।'

9 साल पहले हुई थी डॉ. शाहीन से शादी

उन्होंने आगे कहा, 'हमारी शादी 9 साल पहले हुई थी। हमारा तलाक इसलिए हुआ क्योंकि वह विदेश जाना चाहती थी। मैंने उससे कहा कि यहां ठीक है क्योंकि हमारे सभी रिश्तेदार यहीं हैं। हमें विदेश में समस्याओं का सामना करना पड़ेगा क्योंकि हम दूर रहेंगे...।' डॉ. शाहीन सईद दिल्ली ब्लास्ट मामले में संदिग्धों में से एक हैं। पुलिस द्वारा जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और डॉ. शाहीन डॉक्टरों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार करने के कुछ घंटे बाद, दिल्ली के लाल किले के पास एक धीमी गति से चल रही कार में एक उच्च तीव्रता का विस्फोट हुआ, जिसमें 12 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। प्रारंभिक जांच के अनुसार, I-20 कार, डॉ. उमर नबी चला रहा था। जांचकर्ताओं का मानना था कि संदिग्ध 2008 में 26/11 के मुंबई हमले के समान हमला करना चाहते थे।

विस्फोट स्थल से 40 से अधिक नमूने एकत्र किए

फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीमों, जिन्होंने विस्फोट स्थल से 40 से अधिक नमूने एकत्र किए, ने कहा कि प्रारंभिक विश्लेषण से पता चलता है कि विस्फोटक नमूनों में से एक अमोनियम नाइट्रेट होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एलएनजेपी अस्पताल का दौरा किया और पीड़ितों से मुलाकात की, उन्होंने कहा कि अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "एलएनजेपी अस्पताल गया और दिल्ली में विस्फोट में घायल हुए लोगों से मिला। सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। साजिश रचने वालों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा!"

बाद में शाम को, सरकार ने कार विस्फोट को "घिनौनी आतंकवादी घटना" करार दिया और जांच एजेंसियों को मामले से "अत्यंत तत्परता और व्यावसायिकता" के साथ निपटने का निर्देश दिया ताकि इसके पीछे के लोगों और उनके प्रायोजकों को बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article