देश

Corona Cases in India: देश में घटे कोरोना के दैनिक मामले, आज सामने आए 7633 केस

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Apr 18, 2023, 10:35 AM IST

Corona Cases: देश में एक दिन में 7633 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं, इसके बाद कुल सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 61,233 पहुंच गई है। वहीं 24 घंटे में 11 लोगों की मौत दर्ज की गई है।

Image

देश में कोरोना के मामले

Photo : ANI

Corona Cases: देश के अंदर बीते दो दिनों से कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कमी दर्ज की गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को देश भर में 7633 कोरोना मामले सामने आए हैं। जबकि, एक दिन पहले सोमवार को देश में 9111 मामले सामने आए थे। इससे पहले लगातार चार दिनों से 10 हजार से ज्यादा कोविड केस दर्ज किए जा रहे थे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना से 6,702 लोग ठीक हुए हैं। इसके बाद अब सक्रिय मामलों की संख्या 61,233 पहुंच गई है। जबकि, सोमवार तक देश में 60313 सक्रिय कोरोना मरीज थे। यानी एक दिन में देश में 920 कोरोना के एक्टिव मामलों में इजाफा हुआ है।

24 घंटे में 11 मौतेंकोरोना के मामले घटने के साथ ही साथ कोरोना से दैनिक मृत्यु में भी कमी आई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 24 घंटे में 11 लोगों की मौत हुई है। इसमें चार मौतें दिल्ली, एक-एक हरियाणा, कर्नाटक व पंजाब में हुई हैं। वहीं करेल में चार मौतों का मिलान किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब कोरोना से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 531152 पहुंच गई है। वहीं देश में अब तक कुल 4.48 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। अब देश में रिकवरी रेट 98.68 प्रतिशत पहुंच गई है।

दिल्ली में संक्रमण दर 29.68 प्रतिशत के पार

दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना के 1017 नए मरीज सामने आए हैं। इसके बाद यहां संक्रमण दर बढ़कर 29.68 प्रतिशत पहुंच गई है। आंकड़ों के मुताबिक, यह आंकड़ा बीते 15 महीनों में सबसे ज्यादा है। राज्य में पिछले साल 14 जनवरी को संक्रमण दर 30 प्रतिशत के पार पहुंची थी। इसके अलावा हरियाणा में एक दिन में कोरोना के 898 मरीज सामने आए हैं।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article