UT Khadar: पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के पांच बार के विधायक यू टी खादर बुधवार को सर्वसम्मति से कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए। कर्नाटक विधानसभा का अध्यक्ष बनने जा रहे 53 वर्षीय खादर इस पद को सुशोभित करने वाले पहले मुस्लिम नेता होंगे। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अध्यक्ष पद के लिए खादर के नाम का प्रस्ताव रखा और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने इसका समर्थन किया।
पद के लिए कोई और दावेदार नहीं था
पद के लिए कोई अन्य दावेदार नहीं था। अस्थायी (प्रोटेम) अध्यक्ष आर वी देशपांडे ने मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए गए प्रस्ताव पर मतदान कराया और इसे सदन द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया गया। परम्परा के अनुसार सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार को आम तौर पर सर्वसम्मति से अध्यक्ष के रूप में चुना जाता है। खादर ने पिछली विधानसभा में विपक्ष के उप नेता के रूप में सेवाएं दी थीं। वह पूर्व में कर्नाटक सरकार में मंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं।
कर्नाटक में सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य की 16वीं विधानसभा का पहला सत्र सोमवार को सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुआ, कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भाजपा ने विधानसभा को अपने भ्रष्टाचार से दूषित कर दिया था, गौर हो कि कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा था कि विधानसभा को गोमूत्र से साफ करने का समय आ गया है।
10 मई को मतदान संपन्न हुआ था
गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के तहत 10 मई को मतदान संपन्न हुआ था और 13 मई को मतगणना की गई है। कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135 सीटें जीतकर सत्ता हासिल की और वहीं भारतीय जनता पार्टी को 66 सीटें और जनता दल (सेक्युलर) को मात्र 19 सीटों पर संतोष करना पड़ा। (भाषा इनपुट)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
