देश

कर्नाटक में कांग्रेस की 5 गारंटी पर CM सिद्धारमैया का बड़ा ऐलान, 1 जुलाई से मिलेगी मुफ्त बिजली, बाकी भी इसी साल होंगे पूरे

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 2, 2023, 03:52 PM IST

Congress Guarantee Card: सिद्धारमैया ने ऐलान किया है कि सभी वादे इसी साल पूरे होंगे। जिसमें परिवार की महिला मुखिया के लिए 2,000 रुपये मासिक सहायता की गृह लक्ष्मी योजना 15 अगस्त को शुरू की जाएगी​​। अन्न भाग्य योजना के तहत एक जुलाई से बीपीएल परिवारों, अंत्योदय कार्ड धारकों को 10 किलो अनाज मुफ्त दिया जाएगा।

Image

कर्नाटक में सिद्धारमैया ने कांग्रेस की पांचों गारंटियों पर लगाई मुहर (फोटो- Siddaramaiah.Official)

KEY HIGHLIGHTS
  • कर्नाटक में कांग्रेस का गारंटियों पर बड़ा ऐलान
  • सिद्धारमैया ने बताया कब जनता को मिलेगी सुविधाएं
  • पांचों गारंटियों के लिए समय तय

Congress Guarantee Card: कर्नाटक (Karnataka) में कांग्रेस ने जो वादा किया था, वो पूरा करने में जुट गई है। कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले वहां की जनता को पांच गारंटी दी थी। जिसपर अब सीएम सिद्धारमैया (CM Siddaramaiah) ने बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने शुक्रवार को मीटिंग के बाद ऐलान किया कि पांचों गारंटी इसी वित्त वर्ष में पूरे होंगे। मुफ्त बिजली वाली गारंटी एक जुलाई से शुरू हो जाएगी।

सिद्धारमैया का ऐलान

कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कैबिनेट मीटिंग के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा- "चुनाव के समय और उससे पहले हमने 5 गारंटी की घोषणा की थी। हमारे कर्नाटक अध्यक्ष डीके शिवकुमार और मैंने गारंटी कार्ड पर हस्ताक्षर किए और वादा किया कि हम सभी वादों को लागू करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि वे लोगों तक पहुंचे। हमने गारंटी कार्ड भी बांटे थे। हमने आज कैबिनेट की बैठक की। हमने सभी पांच वादों पर गहन चर्चा की। हमने तय किया है कि सभी पांचों गारंटियों को चालू वित्त वर्ष में लागू किया जाएगा। इसमे से 200 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी 1 जुलाई से शुरू होगी। 200 यूनिट बिजली मुफ्त होगी। जिन उपभोक्ताओं ने जुलाई तक बिल का भुगतान नहीं किया है, उन्हें बिल देना होगा।"

बाकी गारंटियों का हाल

सिद्धारमैया ने ऐलान किया है कि सभी वादे इसी साल पूरे होंगे। जिसमें परिवार की महिला मुखिया के लिए 2,000 रुपये मासिक सहायता की गृह लक्ष्मी योजना 15 अगस्त को शुरू की जाएगी। अन्न भाग्य योजना के तहत एक जुलाई से बीपीएल परिवारों, अंत्योदय कार्ड धारकों को 10 किलो अनाज मुफ्त दिया जाएगा। शक्ति योजना के तहत कर्नाटक में एक जून से महिलाएं एसी, लग्जरी बसों को छोड़कर सार्वजनिक परिवहन की बाकी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। युवानिधि योजना के तहत 2022-23 में उत्तीर्ण हुए बेरोजगार स्नातकों को 3 हजार रुपये, बेरोजगार डिप्लोमा धारकों को 1500 रुपये 24 माह तक मिलेंगे।

राहुल गांधी ने किया था वादा

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने वहां की जनता को पांच गारंटी दी थी। इन्हीं गारंटियों की बदौलत कांग्रेस, बीजेपी को हराकर सत्ता में वापसी की है। राहुल गांधी ने चुनाव के समय कहा था कि सरकार बनने के बाद पहली मीटिंग से ही इन गारंटियों पर काम शुरू हो जाएगा, जिसके बाद सिद्धारमैया ने सीएम बनते ही इसके लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी थी। उसके बाद अब इसे लागू करना शुरू कर दिया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!