देश

2024 चुनाव में राहुल गांधी के कन्याकुमारी से लड़ने की सुगबुगाहट, इन दो वजहों से लिया जा सकता है फैसला

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 22, 2023, 01:52 PM IST

कन्याकुमारी से चुनाव लड़ने का मतलब है कि राहुल वाम और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार होंगे। उनके साथ तिरुवनंतपुरम से सटे शशि थरूर भी होंगे।

Image

राहुल गांधी के अब तमिलनाडु के कन्याकुमारी से लड़ने की चर्चा

Photo : PTI

Rahul Gandhi: केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी के अब तमिलनाडु के कन्याकुमारी से लड़ने की चर्चा शुरू हो गई है। 2024 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी इस सीट से किस्मत आजमा सकते हैं। केरल के वायनाड के सांसद राहुल ने कन्याकुमारी से अपनी भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी, जिसका प्रतिनिधित्व अभी कांग्रेस के विजय वसंत कर रहे हैं। दि प्रिंट के मुताबिक, राहुल के लिए कन्याकुमारी का विकल्प तलाशा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि अभी अंतिम फैसला लिया जाना बाकी है।

राहुल के लिए एक नए विकल्प तलाशने के दो कारण

दि प्रिंट के मुताबिक, पार्टी के एक सांसद ने कहा कि 2019 में तमिलनाडु के कुछ कांग्रेस सांसदों ने कन्याकुमारी से प्रियंका गांधी वाड्रा को मैदान में उतारने का प्रस्ताव आलाकमान को दिया था, लेकिन उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था। राहुल के लिए एक नए विकल्प तलाशने के दो कारण बताए जा रहे हैं।

पहला, उन्हें सीधे भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एक ऐसी सीट से खड़ा करना जो कांग्रेस के लिए सुरक्षित मानी जाती है, खासकर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) और वाम दलों के साथ गठबंधन को देखते हुए यह अहम तथ्य है। दूसरा, पार्टी के नेताओं का कहना है कि राहुल के केरल में वामपंथियों के खिलाफ चुनाव लड़ने से गलत संदेश जाता है। सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी जैसे वरिष्ठ वामपंथी नेताओं के साथ राहुल की निकटता को देखते हुए एक अजीब स्थिति पैदा हो जाती है।

वेणुगोपाल को वायनाड से मैदान में उतारा जा सकता

एक नेता ने कहा कि 2019 में भी कन्याकुमारी को बेंगलुरु ग्रामीण (पूर्व में कनकपुरा) के साथ शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिसका प्रतिनिधित्व अब डी.के. सुरेश करते हैं। आखिरी पलों में राहुल के लिए वायनाड की सीट तय हुई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर राहुल कन्याकुमारी चले जाते हैं तो वेणुगोपाल को वायनाड से मैदान में उतारा जा सकता है।

कन्याकुमारी से चुनाव लड़ने का मतलब है कि राहुल वाम और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार होंगे। उनके साथ तिरुवनंतपुरम से सटे शशि थरूर भी होंगे। मूल रूप से पूर्ववर्ती त्रावणकोर साम्राज्य का एक हिस्सा, कन्याकुमारी के चार तालुक राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 के बाद केरल ने तमिलनाडु को सौंप दिए थे।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article