देश

CM योगी और RSS प्रमुख मोहन भागवत की नहीं हुई मुलाकात, आदित्यनाथ गोरखपुर पहुंचे; यूपी में BJP के प्रदर्शन पर होनी थी चर्चा

सीएम योगी और स्वयंसेवक संघ के चीफ मोहन भागवत की मुलाकात को लेकर सस्पेंस बरकरार है। दोनों नेताओं की मुलाकात शनिवार को होनी थी, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया।

Image

CM योगी और RSS प्रमुख मोहन भागवत की नहीं हुई मुलाकात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे, जहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत स्वयंसेवकों के शिविर में भाग ले रहे हैं। भागवत और आदित्यनाथ के बीच मुलाकात को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं, खासकर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लोकसभा चुनाव में लगे झटके की पृष्ठभूमि में। हालांकि, शनिवार को नेताओं की कोई मुलाकात नहीं हुई। इस बारे में पूछे जाने पर आरएसएस सूत्रों ने कहा कि किसी भी तय मुलाकात की घोषणा नहीं की गई है। कार्यकर्ता शिविर में भाग लेने बुधवार को गोरखपुर पहुंचे भागवत रविवार तक यहीं रहेंगे।

आरएसएस ने भाजपा के साथ मतभेद की खबरों को किया खारिज

भागवत आज आरएसएस शिविर में रहे। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी शनिवार को एशियाई शेर भरत और शेरनी गौरी को शहीद अशफाक उल्लाह खान प्राणि उद्यान (गोरखपुर चिड़ियाघर) में उनके बाड़े में छोड़ा और अधिकारियों के साथ बैठक भी की। आरएसएस ने शुक्रवार को भाजपा के साथ अपने मतभेद की खबरों को खारिज कर दिया था। संघ ने इस बात का भी खंडन किया कि लोकसभा चुनाव परिणामों को लेकर सरसंघचालक भागवत की आलोचनात्मक टिप्पणियां सत्तारूढ़ पार्टी को निशाना बनाकर की गई थीं। आरएसएस सूत्रों ने कहा कि आरएसएस और भाजपा के बीच कोई दरार नहीं है।

गोरखपुर के चिउटाहा इलाके में एसवीएम पब्लिक स्कूल में कार्यकर्ता विकास वर्ग नामक शिविर में काशी, गोरखपुर, कानपुर और अवध क्षेत्र के करीब 280 आरएसएस स्वयंसेवक हिस्सा ले रहे हैं। शिविर तीन जून को शुरू हुआ था। इस बीच, अपने प्रवास के दौरान आरएसएस प्रमुख स्वयंसेवकों और प्रशिक्षकों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। आयोजन स्थल के अंदर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और केवल चयनित स्वयंसेवकों को ही आयोजन स्थल में प्रवेश की अनुमति है। भागवत ने सोमवार को नागपुर में संगठन के कार्यकर्ता विकास वर्ग-द्वितीय के समापन कार्यक्रम में आरएसएस प्रशिक्षुओं की एक सभा को संबोधित किया था, जहां उन्होंने मणिपुर की स्थिति पर चिंता व्यक्त की थी।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article