By Poll Results 2023: देश के छह सूबों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उप-चुनाव के नतीजे शुक्रवार (आठ सितंबर, 2023) को आए। विपक्षी दलों को इनमें चार सीटों पर जीत हासिल हुई, जबकि तीन सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कब्जा किया। चुनावी नतीजों ने संकेत दिया कि विपक्ष गठजोड़ इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) अपनी इस पहली चुनावी परीक्षा में पास हो गया। इस बीच, इंडिया की छतरी तले आने वाले अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (सपा) ने घोसी सीट बरकरार रखी।

By-Elections 2023
‘इंडिया’ में शामिल कांग्रेस, झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा), तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के हिस्से में एक-एक सीट आई। विपक्षी गठबंधन ने यूपी में घोसी और झारखंड की डुमरी विधानसभा सीटों पर जीत का स्वाद चखा। ‘इंडिया’ ने इन सीटों पर क्रमश: सपा और झामुमो का समर्थन किया था।
वहीं, भाजपा ने उत्तराखंड में बागेश्वर और त्रिपुरा में धनपुर विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा और इस पूर्वोत्तर राज्य में बक्सनगर विधानसभा सीट माकपा से छीनने में कामयाब रही है। बक्सनगर सीट पर ‘इंडिया’ ने संयुक्त रूप से उम्मीदवार उतारा था। लेकिन भाजपा को पश्चिम बंगाल में धूपगुड़ी विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के हाथों हार का सामना करना पड़ा है।
दरअसल, ये उप-चुनाव अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए हाल ही में बने 28 विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के लिए पहली चुनावी परीक्षा थे। जिन सात सीटों पर पांच सितंबर को उपचुनाव हुआ था, उनमें से तीन पहले भाजपा के पास थीं और एक-एक सीट कांग्रेस, सपा, माकपा और झामुमो के पास थीं। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
