देश

कर्नाटक में परिवहन कर्मचारियों की हड़ताल, बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित, सड़कों पर भटक रहे यात्री

राज्य के बेंगलुरु, चिक्कमगलुरु, रायचूर, चित्रदुर्ग, हुबली, धारवाड़, बेलगावी, मंगलुरु, मैसूरु, तुमकुरु, हासन, मदिकेरी, शिवमोगा और कलबुर्गी जैसे प्रमुख शहरों में बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ नजर आई। हजारों लोग रास्ते में फंसे हुए थे।

Image

कर्नाटक में बस संचालकों की हड़ताल (ANI)

Transport Workers Strike In Karnataka: कर्नाटक में राज्य सरकार के स्वामित्व वाले परिवहन निगमों के कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी, जिससे पू्रे राज्य में सार्वजनिक बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री परेशान हैं और जगह-जगह भटकते दिख रहे हैं। कर्नाटक हाई कोर्ट और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कर्मचारी संघों से अपना प्रदर्शन वापस लेने की अपील की है, लेकिन वे इस बात पर अड़े हैं कि उन्हें 38 महीने का बकाया भुगतान किया जाए और एक जनवरी, 2024 से वेतन वृद्धि लागू की जाए।

बसें डिपो पर खड़ी, यात्री परेशान

हड़ताल के दौरान बसें डिपो पर खड़ी रहीं। हालांकि कुछ कर्मचारियों ने हड़ताल में शामिल न होने का फैसला किया है इसलिए कुछ बस सड़कों पर नजर आईं। परिवहन विभाग के सूत्रों ने बताया कि कुछ चालकों ने फैसला किया कि वे विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचाएंगे, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ बस का संचालन हो रहा है। बताया जा रहा है कि परिवहन निगमों ने स्थिति को संभालने के लिए प्रशिक्षु बस चालकों की सेवाएं ली हैं।

राज्य के बेंगलुरु, चिक्कमगलुरु, रायचूर, चित्रदुर्ग, हुबली, धारवाड़, बेलगावी, मंगलुरु, मैसूरु, तुमकुरु, हासन, मदिकेरी, शिवमोगा और कलबुर्गी जैसे प्रमुख शहरों में बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ नजर आई। हजारों लोग रास्ते में फंसे हुए थे। उन्हें अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सीमित संख्या में बसों का संचालन होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।

निजी बस संचालक और कैब चालक जमकर कर रहे वसूली

परिवहन निगमों के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण निजी बस संचालक और कैब चालक कथित तौर पर अत्यधिक किराया वसूल रहे हैं। कुछ यात्रियों ने शिकायत की कि बेंगलुरु में ऑटोरिक्शा चालक बहुत अधिक किराया मांग रहे हैं। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी और कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के बीच सोमवार को हुई अंतिम दौर की बैठक में कोई निर्णायक नतीजा न निकल पाने पर कर्मचारियों ने हड़ताल करने का फैसला किया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें