Ujjain News: उज्जैन में गत सोमवार को महाकाल की सवारी निकाले जाने के दौरान आस्था से खिलवाड़ करने एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की एक बड़ी घटना हुई। जुलूस के दौरान शिव भक्तों पर छत से कुल्ला कर और थूक कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई। बाद में शिव भक्तों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन मुस्लिम युवकों को हिरासत में लिया गया और आरोपियों के घर पर बुलडोजर चला। जुलूस पर थूके जाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है।
आरोपियों में दो नाबालिग
आरोपियों की पहचान अदनान, सूफियान और अशरफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इसमें से दो आरोपी नाबालिग हैं। रिपोर्टों के मुताबिक जुलूस में शामिल शिवभक्तों पर कुछ युवा छत से थूकते नजर आए। यह घटना सावर के दूसरे सोमवार के दिन हुई। महाकाल की सवारी शिप्रा नदी से होते हुए जब खारा कुआं पुलिस स्टेशन से गुजरी तो आगे जुलूस में शामिल लोगों को अपने ऊपर पानी गिरने का अहसास हुआ। लोगों ने देखा मकान के ऊपर खड़े कुछ युवक उन पर थूक रहे थे। शिव भक्तों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और खारा कुआं पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
आईपीसी की धाराओं में केस दर्ज
रिपोर्टों के मुताबिक भक्तों ने युवकों से ऐसा नहीं करने की अपील की लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद इन युवकों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 295ए, 153ए और 505 के तहत केस दर्ज कराया गया। वहीं, अवर पुलिस अधीक्षक आकाश भूरिया ने कहा कि युवक एक 'खास समुदाय' से हैं। उन्हें पकड़ा गया है और एफआईआर दर्ज हुई है। मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है।
