देश

BRICS Summit: दिल्ली में ट्रेनों का बदला शेड्यूल, 11-13 सितंबर तक कई ट्रेनें रद्द-डायवर्ट; सफर से पहले चेक करें लिस्ट

BRICS Summit: ब्रिक्स समिट के चलते नई दिल्ली और आसपास के रेल नेटवर्क पर 11 से 13 सितंबर 2026 तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कई EMU ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि राजधानी, गोमती, श्रमजीवी, शिवगंगा समेत कई ट्रेनों को डायवर्ट या री-शेड्यूल किया गया है। यात्रियों को सफर से पहले ट्रेन का ताजा स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।

Image

BRICS Summit के दौरान दिल्ली में ट्रेनों का बदला संचालन, नई दिल्ली स्टेशन से सफर करने से पहले पढ़ें ये अपडेट। AI IMAGE

राजधानी दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स समिट (BRICS Summit) को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और आसपास के रेल नेटवर्क के लिए विशेष ट्रेन हैंडलिंग प्लान तैयार किया है। इसके तहत 11 से 13 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली स्टेशन से आने-जाने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ के रूट बदले जाएंगे और कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि इन तारीखों के दौरान यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। यात्रियों को ट्रेन के रद्द होने, डायवर्जन, री-शेड्यूलिंग या स्टेशन में बदलाव की जानकारी पहले से लेने की अपील की गई है।

11 सितंबर को कई ट्रेनों पर असर

11 सितंबर को कई EMU ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा नई दिल्ली से चलने वाली कई प्रमुख राजधानी ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया जाएगा। रांची, डिब्रूगढ़, सियालदह, हावड़ा और भुवनेश्वर राजधानी जैसी ट्रेनों को नई दिल्ली–दिल्ली जंक्शन–साहिबाबाद रूट से डायवर्ट किया जाएगा। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस का परिचालन भी इसी वैकल्पिक रूट से किया जाएगा। इसके अलावा कई ट्रेनों को 20 मिनट से लेकर 120 मिनट तक री-शेड्यूल किया गया है। कुछ ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित किए जाने की भी योजना है।

12 सितंबर को भी बदले रहेंगे कई ट्रेनों के रूट

12 सितंबर को भी रेलवे परिचालन पर बड़ा असर देखने को मिलेगा। गोमती एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, सियालदह राजधानी और हावड़ा राजधानी समेत कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया जाएगा। इन ट्रेनों को नई दिल्ली–दिल्ली जंक्शन–दिल्ली शाहदरा–साहिबाबाद के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। इस दिन कई ईएमयू ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं, कुछ ट्रेनों को गाजियाबाद, दिल्ली शाहदरा या साहिबाबाद से ही शॉर्ट ओरिजिनेट या टर्मिनेट किया जाएगा।

लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। इनमें तेजस राजधानी, नई दिल्ली-भुवनेश्वर तेजस राजधानी, नई दिल्ली-राजेंद्र नगर तेजस राजधानी, अमृत भारत और तमिलनाडु एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।

13 सितंबर को भी यात्रियों को करना होगा बदलाव का सामना

13 सितंबर को भी रेलवे परिचालन सामान्य नहीं रहेगा। कई ईएमयू ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा शिवगंगा एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट समेत अन्य ट्रेनों को साहिबाबाद–दिल्ली शाहदरा–दिल्ली जंक्शन रूट से डायवर्ट किया जाएगा। कुछ ट्रेनों को नई दिल्ली स्टेशन के बजाय हजरत निजामुद्दीन या अन्य स्टेशनों पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों की जरूरत पड़ सकती है।

यात्रा से पहले जरूर चेक करें ट्रेन का स्टेटस

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि 11 से 13 सितंबर के बीच यात्रा करने वाले लोग घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा अपडेट जरूर चेक करें। BRICS Summit के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में अंतिम समय पर भी बदलाव हो सकता है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article