Bollywood Actor Ranveer Singh Threat: मुंबई क्राइम ब्रांच ने बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी देने के मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेंबर हरिचंद्र उर्फ हेरी बॉक्सर के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। पुलिस ने रणवीर सिंह के मैनेजर को मिले धमकी भरे वॉइस नॉट को वेरिफाई करने के लिए पंजाब और हरियाणा भेजा था। वॉइस नॉट भेजने वाले ने खुद को हेरी बॉक्सर बताया था और 20 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी।
वॉइस नॉट में आवाज हेरी बॉक्सर की
मुंबई पुलिस को जब इस धमकी भरे वॉइस नॉट की जानकारी मिली तो उसे पंजाब और हरियाणा पुलिस को भेजा गया और जब वहां से इस वॉइस नॉट की पुष्टि हुई कि उस वॉइस नॉट में सुनाई दे रही आवाज हेरी बॉक्सर की है तो उसके बाद अब FIR दर्ज की गई है।
मुंबई सायबर पुलिस ने रणवीर सिंह के मैनेजर विजय सुब्रमनियन की शिकायत के आधार पर हेरी बॉक्सर के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है। पहले FIR दर्ज नहीं हुई थी। मुंबई पुलिस अब इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल के साथ कर रही है।
अभिनेता रणवीर सिंह, फिल्मकार रोहित शेट्टी को धमकी
अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्मकार रोहित शेट्टी को एक ऑडियो क्लिप के जरिए धमकी मिली थी, जिसमें धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य 'हैरी बॉक्सर' होने का दावा किया था। रणवीर सिंह को जल्द में दूसरी बार धमकी मिली थी। वहीं, इस महीने की शुरुआत में मुंबई में शेट्टी के बहुमंजिला आवास पर पांच गोलियां चलाई गई थीं।
वहीं, फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों की पुलिस हिरासत मंगलवार को 23 फरवरी तक बढ़ा दी। पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की विशेष अदालत को बताया कि बाद में गिरफ्तार किए गए लोगों के साथ संयुक्त पूछताछ के लिए इनकी हिरासत अभी जरूरी है। इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें रविवार को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पकड़े गए सात लोग शामिल हैं। इन सातों को 25 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
