Sonia Gandhi National Herald Case : तीसरे राउंड में सोनिया से हुई 3 घंटे पूछताछ, नया समन नहीं
Sonia Gandhi National Herald Case: नेशनल हेराल्ड मामले में बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से तीन घंटे की पूछताछ हुई। जांच एजेंसी ने आगे की पूछताछ के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को समन जारी नहीं किया है। मंगलवार को उनसे छह घंटे की पूछताछ हुई। सूत्रों के मुताबिक सोनिया से जांच अधिकारियों ने 50 से ज्यादा सवाल पूछे। समझा जाता है कि मामले में ईडी ने अपनी पूछताछ पूरी कर ली है।
नेशनल हेराल्ड केस में ईडी मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं से पूछताछ कर चुकी है। सोनिया गांधी से पहले दौर की पूछताछ 21 जुलाई को दो घंटे हुई। वह कोरोना से संक्रमित रही हैं और इसके बाद कोविड जनित जटिलताओं से उबर रही हैं। इस पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस देश भर में प्रदर्शन कर रही है। मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस मुख्यालय में नेता 'सत्याग्रह' कर रहे हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए 10 जनपथ स्थित सोनिया गांधी के आवास एवं अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस मुख्यालय एवं सोनिया के आवास के बाहर धारा 144 लागू की गई है।
महंगाई, अग्निपथ योजना, जीएसटी एवं सोनिया से पूछताछ को लेकर कांग्रेस सहित विपक्ष के सदस्य संसद में हंगामा कर सकते हैं। मंगलवार को राज्यसभा में विपक्ष ने काफी हंगामा किया जिसके बाद राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश ने विपक्ष के 19 सदस्यों को निलंबित कर दिया। सदन की कार्यवाही में व्यवधान खड़ा करने पर एक दिन पहले सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस के चार सदस्यों को निलंबित किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। विजय चौक पर राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि सरकार विपक्ष को बोलने नहीं दे रही है।
ईडी दफ्तर से निकलीं सोनिया गांधी
हिरासत में लिए गए जयराम रमेश, मनीष तिवारी
विजय चौक पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने जयराम रमेश, मनीष तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने ले गई। हिरासत में लिए जाने पर जयराम रमेश ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है।
पार्टी मुख्यालय पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली अपना प्रदर्शन तेजकर दिया है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर उग्र हुए कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। यहां कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। वहीं विजय चौक पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसद राष्ट्रपति भवन की तरफ जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
विजय चौक तक कांग्रेस का मार्च
नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से तीसरे राउंड की पूछताछ कर रहा है। कांग्रेस इस पूछताछ का विरोध कर रही है। इस पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस सांसदों ने संसद से विजय चौक तक मार्च निकाला है। मंगलवार को भी सांसदों ने मार्च किया। विजय चौक पर राहुल गांधी धरने पर बैठे। इस दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया।
पहले भ्रष्टाचार और फिर बवाल-अनुराग ठाकुर
राहुल और प्रियंका के साथ घर से निकलीं सोनिया
नेशनल हेराल्ड केस में पूछताछ में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी अपने आवास से निकल चुकी हैं। ईडी उनसे आज तीसरे दौर की पूछताछ करेगी। कार में सोनिया के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं। मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष से करीब छह घंटे की पूछताछ हुई। सूत्रों की मानें तो ईडी के अधिकारियों ने उनसे करीब 50 सवाल पूछे।
दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में प्रदर्शन
ED द्वारा कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में विरोध प्रदर्शन किया।
ईडी का खेल खत्म करे सरकार-गहलोत
कांग्रेस अध्यक्ष से पूछताछ से पहले कांग्रेस ने बुधवार सुबह पीसी की। सोनिया से ईडी की पूछताछ पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि जांच एजेंसी का यह खेल खत्म होना चाहिए। सीएम ने कहा कि सरकार संसद में महंगाई पर चर्चा नहीं करा रही है। महंगाई से आम आदमी परेशान और चिंतित है। इस पर संसद में बहस होनी चाहिए। संवाददाता सम्मेलन में गुलाम नबी आजाद भी मौजूद थे।
मंहगाई पर बहस के लिए सरकार तैयार नहीं-खड़गे
भाजपा सरकार कर रही विद्वेष की राजनीति: झारखंड कांग्रेस
कांग्रेस की झारखंड इकाई ने मंगलवार को यहां आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ विद्वेष की राजनीति कर रही है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रवर्तन निदेशालय की सोनिया गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति ने आज देश भर में धरना प्रदर्शन किया और केंद्रीय एजेंसियों के दुरूपयोग के विरोध में इस आंदोलन को कल भी जारी रखा जायेगा। गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने नयी दिल्ली में गांधी से आज दूसरी बार नेशनल हेराल्ड से जुड़े धन शोधन मामले को लेकर पूछताछ की।
रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा धनशोधन के एक मामले में की जा रही पूछताछ के खिलाफ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रायपुर में प्रदर्शन किया।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार ने ईडी जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर सोनिया गांधी की छवि को धूमिल करने की कथित तौर पर साजिश रची है।

