Har Ghar Tiranga Abhiyan 2022 Updates: देशभर में 'हर घर तिरंगा' की मची धूम, बड़ी संख्या में आम लोग भी ले रहे हैं हिस्सा
Har Ghar Tiranga Abhiyan 2022, Independence Day Azadi Ka Amrit Mahotsav Har Ghar Tiranga Hindi News Updates: 'हर घर तिरंगा' अभियान 13 अगस्त से 15 अगस्त, 2022 तक चलेगा। लोगों में इस अभियान के प्रति जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।
Har Ghar Tiranga Abhiyan 2022, Independence Day Azadi Ka Amrit Mahotsav Har Ghar Tiranga Hindi News Updates: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद गौतम गंभीर और उनकी पत्नी नताशा जैन ने रविवार (14 अगस्त, 2022) को 'आजादी के अमृत महोत्सव' के तहत अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस बीच, जाने-माने सुपरस्टार रजनीकांत के साथ बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा और क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर तिरंगे के साथ वाली डीपी लगाई।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को 'आजादी के अमृत महोत्सव' के तहत 'हर घर तिरंगा' अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने इस दौरान पत्रकारों से कहा, "ये वह देश और वह माटी है, जिसने किसी दूसरे देश के प्रति आक्रामकता की दृष्टि से कभी नहीं देखा।" लेकिन इस आजाद माटी में हजारोंवर्षों से आक्रमणकारी तत्व हमेशा अपने दृष्टिकोण को लगाते थे। भारतवासी होने के नाते हमें गर्व है कि इस माटी में ऐसी मशाल है जो ना कभी झुकी है और बाहर के ताकतों की आंख में आंख मिलाकर उनका सामना करने की क्षमता रखती है।
पीएम मोदी की मां हीराबेन मोदी ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज बांटे और तिरंगा फहराया
गुजरात के गांधीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज बांटे और तिरंगा फहराया। हर घर तिरंगा अभियान आज से शुरू हुआ है।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने 'हर घर तिरंगा' अभियान का किया शुभारंभ
पणजी में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ किया। वहीं देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय मंत्रियों सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शनिवार से शुरू हुए तीन दिवसीय ''हर घर तिरंगा'' अभियान में शामिल हुए।
'जय हिंद-उत्तराखंड के वीर' कार्यक्रम में पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी
'जय हिंद-उत्तराखंड के वीर' कार्यक्रम में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश में 60,000 से भी ज्यादा कार्यक्रम आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाए जा रहे हैं। ऐसे में उन परिवारों का सम्मान हमारे लिए गौरव की बात है, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
उत्तराखंड के सीएम ने चंपावत में स्कूली छात्रों के साथ निकाली तिरंगा यात्रा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत चंपावत में स्कूली छात्रों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली।
तिरंगे के रंग वाली मिठाई
गुजरात के सूरत की एक दुकान में तिरंगे के रंग वाली मिठाई बनाई गई हैं। जवानों के लिए 50 फीसदी की आजीवन छूट भी दी जा रही है। दुकानदार ने कहा कि PM मोदी ने जो हर घर तिरंगे की पहल की है उसी के मद्देनजर हमने दुकान को तिरंगे से भर दिया है ताकि आज़ादी का अमृत महोत्सव में और रंग भर जाए।
स्वतंत्रता दिवस से पहले रंग बिरंगी रोशनी से जगमग हुआ जयपुर
जयपुर में राजस्थान विधानसभा, विद्युत भवन और स्टैच्यू सर्कल को स्वतंत्रता दिवस से पहले रंग बिरंगी रोशनी से जगमग किया गया है।
महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में तिरंगे की रोशनी से जगमग हुआ उजनी बांध
महाराष्ट्र में आजादी का अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत, सोलापुर जिले में उजनी बांध को तिरंगे की रोशनी से जगमग किया गया।
स्वतंत्रता दिवस से पहले रंग बिरंगी लाइटों से रोशन हुआ हावड़ा ब्रिज
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हावड़ा ब्रिज को स्वतंत्रता दिवस से पहले रंग बिरंगी लाइटों से रोशन किया गया
शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम में लिया हिस्सा
शिमला में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है जहां हर घर तिरंगा लगाने का कार्यक्रम चला हुआ है।
अहमदाबाद में जिम के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ किया गरबा
गुजरात के अहमदाबाद में एक जिम के सदस्यों ने 'हर घर तिरंगा' कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय ध्वज के साथ गरबा किया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे की रोशनी से जगमग हुआ सुप्रीम कोर्ट
75वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सर्वोच्च न्यायालय को तिरंगे की रोशनी से जगमग किया गय
तिरंगे से रोशनी से जगमग हुआ बद्रीनाथ धाम
उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम को 75वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे से रोशनी से जगमग किया गया।
रंग बिरंगी रोशनी से जगमग हुआ नार्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और इंडिया गेट
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या नार्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, राष्ट्रपति भवन, संसद भवन और इंडिया गेट को रंग बिरंगी रोशनी से जगमग किया गया।
दिल्ली से लेकर कश्मीर तक सुरक्षा के चाक चौबंद इंतज़ाम
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत को न सिर्फ तिरंगे से सजाया जा रहा है, बल्कि दिल्ली से लेकर जम्मू कश्मीर तक सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा और यहां लाल किले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। वहीं सभी राज्यों में पुलिस तंत्र को सतर्क कर दिया गया है, ताकि समारोहों में किसी भी तरह की बाधा न आए। दिल्ली में लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे। दिल्ली पुलिस ने लाल किले के आसपास 10,000 से ज्यादा कर्मियों को तैनात किया है।
मध्य प्रदेश में कई शहरों में निकाली गईं तिरंगा रैलियां
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जहां महिलाओं सहित पुलिस कर्मियों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, वहीं प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के बड़े तालाब में तिरंगे से सजी 75 नौकाओं के साथ रैली की। चौहान ने कहा, ‘‘हम सब संकल्प लें कि भारत माँ की शान और स्वाभिमान पर कभी आँच नहीं आने देंगे। देश की एकता और अखण्डता को कम नहीं होने देंगे।’’
ठाणे में मछुआरों ने तिरंगा नौका यात्रा निकाली
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के मछुआरों ने रविवार को तिरंगा नौका रैली निकाली जिसमें तिरंगे से सजी 40 नावों ने हिस्सा लिया। ये रैली स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत निकाली गई थी। रैली विटवा से चंदानी क्रीक तक आयोजित की गई थी, जिसमें 250 से अधिक पुरुष और महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। आयोजकों ने पत्रकारों से कहा कि इन इलाकों में 'उत्सव 75' अपनी तरह की पहली नौका रैली है। इस बीच स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पालघर जिले के वसई और विरार के बीच कई हजार लोगों ने ‘वाकथॉन’ (यात्रा) में हिस्सा लिया। ये कार्यक्रम बहुजन विकास आघाड़ी ने आयोजित किया था और इसमें प्रतिभागियों ने 300 फुट लंबा तिरंगा थामा हुआ था।
स्वतंत्रता दिवस से पहले कश्मीर में कड़ी की गई सुरक्षा
कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ड्रोन, स्नाइपर एवं सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी निगरानी के लिए तैनात किए गए हैं। समारोह को बाधित करने के आतंकवादियों के हर प्रकार के प्रयास को विफल करने के लिए शहर और घाटी में कई जगहों पर पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन स्थलों के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और घाटी में कई स्थानों पर वाहनों एवं लोगों की तलाशी भी ली जा रही है।
सेना ने जम्मू कश्मीर के बारामूला में 108 फुट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया
सेना ने रविवार को जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में 108 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी कर्नल एमरॉन मुसावी ने बताया कि इस तिरंगे को जिले के पट्टन में हैदरबेग में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि उग्रवाद रोधी बल (सीआईएफ) (किलो) के जनरल अफसर कमांडिंग मेजर जनरल एस एस सलारिया ने इसे कश्मीर के लोगों को समर्पित किया। कर्नल मुसावी ने कहा कि इस ध्वज स्तम्भ को 30 दिन के भीतर स्थापित किया गया। पीआरओ ने कहा कि यह ध्वज फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से स्थापित किया गया है और इससे न केवल लोगों के भीतर गर्व की भावना जागृत होगी, बल्कि आतंकवाद से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि भी होगी।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 75 पर्वत चोटियों पर चढ़ाई करेंगे आईटीबीपी कर्मी
स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी के अमृत महोत्सव के तहत, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के कर्मी 75 पर्वत चोटियों पर चढ़ाई करेंगे और चीन के साथ लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएलसी) के पास 75 दिन तक लंबी दूरी की गश्त करेंगे। आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक कुमार पांडेय ने कहा कि पूर्वी सीमा पर विभिन्न स्थानों पर 15 अगस्त को ‘अमृतारोहण’ नामक पर्वतीय अभियान शुरू होगा। उन्होंने कहा कि जिन पर्वत चोटियों पर चढ़ाई की जाएगी वे एलएसी पर आईटीबीपी की 75 सीमा चौकियों के पास स्थित हैं।
पूरे देश में सबसे ऊंचे तिरंगे दिल्ली में हैं- अरविंद केजरीवाल
दिल्ली में आयोजित 'हर हाथ तिरंगा' कार्यक्रम में सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरा देश इस वक्त देशभक्ति में डूबा हुआ है। ये समय उन शहीदों को याद करने का है जिनकी शहादत की वजह से हम लोगों को आजादी मिली। दिल्ली में हमने 500 तिरंगे लगाए हैं। पूरे देश में सबसे ऊंचे तिरंगे दिल्ली में हैं।
दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी और लाल किले में किए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
15 अगस्त के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी और लाल किले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के कारण इसे पहले ही जनता के लिए बंद कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी लगातार नौवीं बार स्वतंत्रता दिवस पर देश को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को लगातार नौवीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इस साल 15 अगस्त को होने वाला समारोह खास है क्योंकि यह भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर हो रहा है और सरकार इस मौके पर कई कार्यक्रम शुरू कर रही है। सरकार ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर ‘हर घर तिरंगा’ समेत कई कार्यक्रम शुरू किए हैं। मोदी अक्सर इस अवसर पर अपनी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के अहम नतीजों पर बात करते हैं और कई बार महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हैं। उन्होंने पिछले साल अपने भाषण में राष्ट्रीय हाइड्रोजन मिशन, गति शक्ति मास्टर प्लान और 75 सप्ताह में 75 वंदे भारत ट्रेन चलाने की घोषणाएं की थीं।
भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने जयपुर में तिरंगा बाइक रैली का किया नेतृत्व
जयपुर ग्रामीण से सांसद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को आमेर से अमर जवान ज्योति तक तिरंगा बाइक रैली का नेतृत्व किया। इस रैली में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीफ) के जवानों के साथ साथ युवाओं के समूह ने भाग लिया। सैंकड़ों मोटरसाइकिलों की यह रैली सुबह आमेर से शुरू हुई और अमर जवान ज्योति पहुंचने से पहले जलमहल, सुभाष चौक, हवामहल, चौड़ा रास्ता, अल्बर्ट हॉल, बिड़ला मंदिर, रामबाग सर्किल होते हुए अमर जवान ज्योति पहुंची, जहां राठौड़ ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
'समृद्ध और सुरक्षित भारत के लिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा'
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कहा- प्रधानमंत्री ने आगामी 25 साल के लिए एक अमृत काल हम सभी के सामने निर्धारित किया है कि आगामी 25 वर्षों के लिए हमारी कार्ययोजना क्या होगी? हमें अपने भारत को कहां ले जाना है? एक समृद्ध और सुरक्षित भारत के लिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा। अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। ईमानदारी के साथ किए गए प्रयास, सार्थक परिणाम हमारे सामने प्रस्तुत करेंगे।
भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने जयपुर में तिरंगा बाइक रैली का नेतृत्व किया
जयपुर ग्रामीण से सांसद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को आमेर से अमर जवान ज्योति तक तिरंगा बाइक रैली का नेतृत्व किया। इस रैली में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीफ) के जवानों के साथ साथ युवाओं के समूह ने भाग लिया। सैंकड़ों मोटरसाइकिलों की यह रैली सुबह आमेर से शुरू हुई और अमर जवान ज्योति पहुंचने से पहले जलमहल, सुभाष चौक, हवामहल, चौड़ा रास्ता, अल्बर्ट हॉल, बिड़ला मंदिर, रामबाग सर्किल होते हुए अमर जवान ज्योति पहुंची, जहां राठौड़ ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। रैली में भाग लेने वाले बाइक सवारों के हाथों में तिरंगा था और वो देशभक्ति के नारे लगा रहे थे।
मणिपुर में स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी हमले की साजिश नाकाम, सात गिरफ्तार
स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सात सशस्त्र उग्रवादियों को मणिपुर के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। थोउबल जिले के पुलिस अधीक्षक एच जोगेशचंद्र ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि असम राइफल्स को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सरकारी प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों को विस्फोटकों से निशाना बनाने की साजिश के बारे में शनिवार की सुबह सूचना मिली। उन्होंने कहा कि थोउबल जिला पुलिस और 16 असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम याइरीपोक बाजार पहुंची और इलाके की घेराबंदी की तथा तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा, ‘‘इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, काकचिंग और थोउबल जिलों में कई स्थानों पर इसी तरह के अभियान चलाए गए।’’ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और हथियारों एवं विस्फोटकों के साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा है ।
जम्मू में स्पेशल सुरक्षा योजना
जम्मू के एसएसपी चंदन कोहली ने बताया कि ज़िले के लिए कोई विशिष्ट इनपुट नहीं है मगर स्वतंत्रता दिवस की वजह से हम हमेशा कड़ी सुरक्षा रखते हैं। हमारा मुख्य स्थान जम्मू ज़िले का एम.ए. स्टेडियम है और वहां हमने विस्तृत सुरक्षा योजना बनाई है। इसके अलाव हम हर जगह चेकिंग भी कर रहे हैं।
तिरंगा के निस्तारण को लेकर भी पनपी चिंता
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के गति पकड़ने के साथ ही रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को उत्सव के बाद इन झंडों के सम्मानजनक निस्तारण की चिंता सताने लगी है। पूरे शहर के विभिन्न आरडब्ल्यूए उन तरीकों पर मंथन कर रहे हैं,जिससे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से बचा जा सके। वे सोशल मीडिया पर झंडे को लेकर नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चला रहे हैं जबकि उनमें से कुछ एसोसिएशन ने घरों से ध्वज को एकत्र करने का अभियान शुरू किया है ताकि उनका सम्मानजनक निस्तारण किया जा सके। झंडों के निस्तारण की समस्या पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कहा कि उसने सफाई सैनिकों को गंदे और जमीन पर पड़े झंडों को अलग से एकत्र करने का विशेष निर्देश दिया है।
BJP नेता कर रहे तिरंगे का अपमान- सपा
कर्नाटक के अखबारों में 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ा फुल पेज का एक विज्ञापन छपा है, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, इस ऐड में देश के पहले पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू का फोटो नहीं है। नेहरू की जगह मौजूदा पीएम नरेंद्र मोदी के साथ कुछ नामी महानायकों के फोटो हैं, जिनमें वीर सावरकर का चित्र भी शामिल किया गया है। सोशल मीडिया पर इसी अखबार के पेज को शेयर करते हुए लोग सवाल दागने लगे। इससे पहले, समाजवादी पार्टी (सपा) ने हर घर तिरंगा अभियान के बीच बीजेपी को घेरा है। टि्वटर पर सपा की ओर से एक फोटो शेयर कर कहा गया- भाजपा नेताओं द्वारा लगातार तिरंगे का अपमान किया जा रहा है। उसी क्रम में भाजपा के पूर्व सांसद ने भी उल्टा तिरंगा पकड़ कर अपनी नकली राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन किया। फोटो से देखा जा सकता है कि इन्हें तिरंगे से प्यार नहीं बल्कि अपने शीर्ष नेताओं की भांति सिर्फ फोटोबाजी का शौक है!
MP में तिरंगा लगा रहा था शख्स, करंट की चपेट में आया और चली गई जान
मध्य प्रदेश के खरगोन में एक दुकान पर तिरंगा लगाते समय एक शख्स की करंट लगने से मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस की ओर से समाचार एजेंसी पीटीआई को दी गई।
अटारी-वाघा सीमा पर मिठाइयों का आदान-प्रदान
पंजाब: सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पाकिस्तान रेंजर्स ने पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमृतसर में अटारी-वाघा सीमा पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।
14 अगस्त : छलनी हुआ भारत मां का सीना, देश के दो टुकड़े हुए
देश के इतिहास में 14 अगस्त की तारीख आंसुओं से लिखी गई है। यही वह दिन था जब देश का विभाजन हुआ और 14 अगस्त 1947 को पाकिस्तान तथा 15 अगस्त, 1947 को भारत को एक पृथक राष्ट्र घोषित कर दिया गया। इस विभाजन में न केवल भारतीय उप-महाद्वीप के दो टुकड़े किये गये बल्कि बंगाल का भी विभाजन किया गया और बंगाल के पूर्वी हिस्से को भारत से अलग कर पूर्वी पाकिस्तान बना दिया गया, जो 1971 के युद्ध के बाद बांग्लादेश बना। कहने को तो यह एक देश का बंटवारा था, लेकिन दरअसल यह दिलों का, परिवारों का, रिश्तों का और भावनाओं का बंटवारा था। भारत मां के सीने पर बंटवारे का यह जख्म सदियों तक रिसता रहेगा और आने वाली नस्लें तारीख के इस सबसे दर्दनाक और रक्तरंजित दिन की टीस महसूस करती रहेंगी।
'अमृत महोत्सव के मायने हर किसी के लिए अलग'
म.प्र के इंदौर में एक रोज पहले बने वर्ल्ड रिकॉर्ड को लेकर डॉ. दिव्या गुप्ता (आयोजक) ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया- आजादी का अमृत महोत्सव के मायने हर किसी के लिए अलग है। हमारी इच्छा हुई कि भारत के मानचित्र को मानव श्रृंख्ला से बनाकर दर्शाया जाए, मानव श्रृंख्ला में 5,335 लोग शामिल थे। वर्ल्ड बुक ऑफ रिकोर्ड में भी इसे दर्ज किया गया है।
13 से 15 अगस्त तक चलेगा यह अभियान
दरअसल, देश की आजादी की 75वीं सालगिरह के उपलक्ष्य में ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव’’ के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत शनिवार को हुई। केंद्र सरकार ने लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की है, जबकि ध्वज संहिता -2002 के तहत अनुसार क्षतिग्रस्त और गंदे झंडे को एकांत में पूरे सम्मान के साथ नष्ट किया जाना चाहिए जिसमें जलाना और अन्य तरीके शामिल हैं।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्र को संबोधित करेंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को राष्ट्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के तौर पर राष्ट्र के नाम यह उनका पहला संबोधन होगा। राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण आकाशवाणी के सभी राष्ट्रीय नेटवर्क पर तथा दूरदर्शन के सभी चैनलों पर शाम 7 बजे से किया जाएगा। इसे पहले हिंदी में और उसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा। बयान में कहा गया है, ‘‘दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद इसके क्षेत्रीय चैनलों द्वारा संबंधित क्षेत्रीय भाषाओं में इसे प्रसारित किया जाएगा। आकाशवाणी अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात 9.30 बजे क्षेत्रीय भाषा में इसे प्रसारित करेगा।’’
उप्र: गौतम बुद्ध नगर में निजी ड्रोन के संचालन पर प्रतिबंध
जनपद गौतम बुद्ध नगर में 13 अगस्त की रात से 17 अगस्त की शाम तक निजी ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अपर पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) रणविजय सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में निजी ड्रोन संचालन को प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त से 17 अगस्त तक ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ध्वज की सबसे बड़ी मानव छवि का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना
इससे पहले, शनिवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 16 स्टेडियम में लहराते हुए राष्ट्रीय ध्वज की सबसे बड़ी मानव छवि का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। UAE के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए यहां नया रिकॉर्ड तब बना जब, उपलब्धि हासिल करने के लिए 5885 लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान यहां केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी मौजूद थी। दरअसल, आज़ादी के अमृत महोत्सव के बीच 'हर घर तिरंगा' अभियान का आगाज हो गया। कश्मीर से कन्याकुमारी और केरल के कच्छ तक अपना प्यारा तिरंगा लहराता, फहरता और लगता नजर आया। कहीं रैली में तो कहीं छतों और संस्थानों की इमारतों पर। यह कैंपेन 13 से 15 अगस्त, 2022 तक चलेगा।
‘तिरंगा यात्रा' निकालने को लेकर भाजपा नेता समेत छह पर मामला
वीआईपी के आवागमन के लिए सुरक्षाबलों की तैनाती संबंधी अभ्यास के दौरान बिना अनुमति तिरंगा यात्रा निकालने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता कुलजीत सिंह चहल और दिल्ली जिमखाना क्लब के निदेशक समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) अमृता गुगुलोथ ने कहा, ‘‘उन्होंने बिना किसी अनुमति के उस समय यात्रा निकाली, जब वीआईपी आवागमन के दौरान बलों की तैनाती संबंधी अभ्यास चल रहा था।’’ अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में तुगलक रोड पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार ने बंगाल सरकार पर उन्हें तिरंगा फहराने की अनुमति न देने का आरोप लगाया
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने शनिवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें केंद्र के 'आजादी का अमृत महोत्सव' और 'हर घर तिरंगा' मुहिम के तौर पर पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सुधार गृह में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने दावा किया कि मिदनापुर केंद्रीय सुधार गृह में उनके दौरे के बारे में राज्य के अधिकारियों को जानकारी दी गई थी, लेकिन उन्होंने पाया कि वहां तिरंगा फहराने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। उन्होंने जेल परिसर के बाहर संवाददाताओं से कहा, "जब मैंने परिसर में कदम रखा, तो मैंने पाया कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। यह हमारे नायकों के बलिदान के प्रति पश्चिम बंगाल सरकार की उदासीनता को दर्शाता है।"
गुजरातः तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्व डिप्टी सीएम जख्मी
गुजरात के पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल मेहसाणा में तिरंगा यात्रा के दौरान चोटिल हो गए। उन्हें कुछ अन्य लोगों के साथ अस्पताल ले जाया गया।
...तो इसलिए मन रहा है अमृत महोत्सव
देश में इस बार सोमवार (15 अगस्त, 2022) को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। भारत के लिए इस बार का स्वतंत्रता दिवस बेहद खास है, क्योंकि इस बार अपना मुल्क आजादी के 75 साल पूरे कर रहा है। हिंदुस्तान इसी के साथ केंद्र की मुहिम के तहत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है।
क्यों अहम है आज की तारीख?
देश के इतिहास में 14 अगस्त की तारीख आंसुओं से लिखी गई है। यही वह दिन था जब देश का विभाजन हुआ और 14 अगस्त 1947 को पाकिस्तान तथा 15 अगस्त, 1947 को भारत को एक पृथक राष्ट्र घोषित कर दिया गया। इस विभाजन में न केवल भारतीय उप-महाद्वीप के दो टुकड़े किये गये बल्कि बंगाल का भी विभाजन किया गया और बंगाल के पूर्वी हिस्से को भारत से अलग कर पूर्वी पाकिस्तान बना दिया गया, जो 1971 के युद्ध के बाद बांग्लादेश बना। कहने को तो यह एक देश का बंटवारा था, लेकिन दरअसल यह दिलों का, परिवारों का, रिश्तों का और भावनाओं का बंटवारा था। भारत मां के सीने पर बंटवारे का यह जख्म सदियों तक रिसता रहेगा और आने वाली नस्लें तारीख के इस सबसे दर्दनाक और रक्तरंजित दिन की टीस महसूस करती रहेंगी।
कुतुब मीनार से चारमीनार तक...'तिरंगा' के रंगों से रोशन नजर आए ASI स्मारक
बिहार स्थित शेरशाह सूरी के मकबरे से लेकर दिल्ली स्थित कुतुब मीनार तक, देशभर में बड़ी संख्या में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) स्मारकों को तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि यह प्रयास ‘हर घर तिरंगा’ मुहिम को निश्चित ही मजबूत करेगा। एएसआई ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ से पहले भारत के रंगों में सरोबार कुछ स्थलों की हवाई फुटेज सहित तस्वीरें साझा की हैं।केंद्रीय संस्कृति मंत्री मीनाक्षी लेखी ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘तिरंगामयी धरोहर। ‘हर घर तिरंगा’ मुहिम के तहत एएसआई ने तिरंगों के रंगों में भारत भर के सभी स्मारकों को रोशन किया।’’ उन्होंने एएसआई द्वारा जगमगाते स्मारकों का एक मोंताज (छोटा वीडियो) भी साझा किया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के तौर पर राष्ट्र के नाम ये उनका पहला संबोधन होगा। राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण आकाशवाणी के सभी राष्ट्रीय नेटवर्क पर तथा दूरदर्शन के सभी चैनलों पर शाम 7 बजे से किया जाएगा। इसे पहले हिंदी में और उसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा। बयान में कहा गया है, दूरदर्शन पर हिंदी और अंग्रेजी में संबोधन के प्रसारण के बाद इसके क्षेत्रीय चैनलों द्वारा संबंधित क्षेत्रीय भाषाओं में इसे प्रसारित किया जाएगा। आकाशवाणी अपने संबंधित क्षेत्रीय नेटवर्क पर रात 9.30 बजे क्षेत्रीय भाषा में इसे प्रसारित करेगा।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने आरएसएस मुख्यालय पर फहराया तिरंगा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शनिवार को यहां संघ मुख्यालय पर तिरंगा फहराया। एक अधिकारी ने बताया कि नागपुर की जिलाधिकारी आर विमला दिन में आरएसएस मुख्यालय गयी और उन्होंने इस अभियान के तहत भागवत को एक तिरंगा भेंट किया। सरकार आजादी के 75 वें साल पर यह अभियान चला रही है। यहां महल क्षेत्र में संघ मुख्यालय में भागवत एवं संघ के कुछ पदाधिकारियों के रिहायशी आवास भी हैं।
अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास पर फहराया तिरंगा
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा लगाया। गहलोत ने इस अवसर पर कहा कि स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर पूरा देश ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश के गौरव, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है।’’ उन्होंने प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा लगाने के लिए अपील की है।
7500 स्टूडेंट्स ने बनाया सबसे बड़ा ह्यूमन फ्लैग
चंडीगढ़ में आज शनिवार को अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां पर लोगों ने वो देखा, जो शायद आज से पहले लोगों ने कभी नहीं देखा था। चंडीगढ़ के लोगों ने वह कर दिखाया जिसका पूरे देश को इंतजार था। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 7500 लोगों ने एकसाथ खड़े होकर विश्व का सबसे बड़ा ह्यूमन फ्लैग बनाया है। इस रिकार्ड को अब गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूएई के नाम था, जिसे अब तोड़ दिया गया है। यह रिकार्ड सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे बनाया गया। 7500 लोगों ने एकजुट होकर लहराता हुआ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा ह्यूमन फ्लैग बनाया। इस इवेंट में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। इस दौरान पूरा क्रिकेट स्टेडियम भारत माता की जय और वंदे मातरम जैसे नारों से गूंजता रहा। इस नजारे को देखने के लिए हजारों लोग स्टेडियम में मौजूद रहे।
तमिलनाडु के राज्यपाल, रजनीकांत समेत कई नेताओं ने ‘हर घर तिरंगा' मुहिम में लिया भाग
तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि, तमिल फिल्मों के जाने-माने अभिनेता रजनीकांत और कई नेताओं ने शनिवार को ‘हर घर तिरंगा’ मुहिम में भाग लिया और आमजन ने देशभक्ति की भावना प्रदर्शित करते हुए अपने घरों के ऊपर राष्ट्रध्वज फहराया। केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर देशवासियों से 13 अगस्त से 15 अगस्त तक राष्ट्रध्वज फहराने का आग्रह किया है। इसी के मद्देनजर तमिलनाडु में कई घरों के ऊपर तिरंगा फहराया गया। राज्य में इस मुहिम की अगुवाई करते हुए राज्यपाल रवि ने राजभवन में ठक्कर बापा विद्यालय के छात्रों के बहव झंडे वितरित किए। रजनीकांत ने इस स्वतंत्रता दिवस पर लोगों से स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और नेताओं का सम्मान और उन्हें सलाम करने का आग्रह करते हुए कहा कि लोगों को 75वें स्वतंत्रता दिवस को गर्व के साथ मनाना चाहिए।
हर घर तिरंगा' अभियान ने रफ्तार पकड़ी, झंडों के निस्तारण को लेकर चिंता
राष्ट्रीय राजधानी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के गति पकड़ने के साथ ही रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को उत्सव के बाद इन झंडों के सम्मानजनक निस्तारण की चिंता सताने लगी है। पूरे शहर के विभिन्न आरडब्ल्यूए उन तरीकों पर मंथन कर रहे हैं,जिससे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से बचा जा सके। वे सोशल मीडिया पर झंडे को लेकर नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चला रहे हैं जबकि उनमें से कुछ एसोसिएशन ने घरों से ध्वज को एकत्र करने का अभियान शुरू किया है ताकि उनका सम्मानजनक निस्तारण किया जा सके।
डीएमआरसी ने ‘हर घर तिरंगा' अभियान के तहत 23 स्टेशनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शनिवार को अपने 23 स्टेशनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए। डीएमआरसी प्रमुख विकास कुमार ने आम आदमी, यात्रियों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर्मियों की मौजूदगी में आईएनए मेट्रो स्टेशन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। आजादी का अमृत महोत्सव समारोहों के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने लोगों से 13 से 15 अगस्त तक घर या कार्यालय में तिरंगा फहराने या लगाने का आग्रह किया है। डीएमआरसी ने एक बयान में कहा कि इन स्टेशनों में दिलशाद गार्डन, इंद्रलोक, विधानसभा, सिविल लाइंस, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, लोक कल्याण मार्ग, जोर बाग शामिल हैं।
गुजरात के पूर्व उप मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा के दौरान गाय के हमले में घायल
गुजरात के पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल मेहसाणा जिले के कडी कस्बे में शनिवार को ‘तिरंगा यात्रा’ के दौरान एक गाय के हमले में घायल हो गए। भाजपा नेता ने कहा कि घटना में उनके बाएं पैर की हड्डी टूट गई है। नितिन पटेल राज्य की विजय रूपाणी सरकार में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री रहे हैं। पटेल ने अहमदाबाद में अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मेहसाणा जिले के काडी में भारतीय जनता पार्टी ने जुलूस निकाला था जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। पटेल ने कहा, ‘‘काडी में तिरंगा यात्रा आयोजित की गई जिसमें करीब दो हजार लोगों ने कि भाग लिया। यात्रा करीब 70 प्रतिशत पूरी हो गई थी और सब्जी बाजार पहुंची थी तभी अचानक एक गाय तेजी से आई।’’ उन्होंने कहा कि इससे मची अफरा तफरी में वह और कुछ अन्य लोग जमीन पर गिर पड़े।
मनोज सिन्हा ने जम्मू कश्मीर में ‘हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को श्रीनगर में राजभवन के कर्मचारियों के बीच राष्ट्रीय ध्वज बांटकर केंद्र शासित प्रदेश में 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की। उपराज्यपाल ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा, ‘‘हमारा राष्ट्रीय ध्वज पिछले 75 वर्षों से हमारे नागरिकों की आशाओं और सपनों का प्रतीक है और यह हमें एक शानदार भविष्य के लिए लगातार मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है।’’ मनोज सिन्हा ने सभी नागरिकों से अपने घरों में तिरंगा फहराने और आजादी का अमृत महोत्सव की भावना को पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाने की अपील की। यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा।
अजमेर दरगाह के दीवान ने 'हर घर तिरंगा' अभियान का स्वागत किया
अजमेर दरगाह के आध्यात्मिक प्रमुख जैनुल आबेदीन अली खान ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इससे निश्चित तौर पर लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना पैदा होगी और एकता का मजबूत संदेश दुनिया में जाएगा। दीवान ने शनिवार को एक बयान में कहा कि 'तिरंगा' प्रत्येक भारतीय के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। 'हर घर तिरंगा' अभियान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ देश में इतने तिरंगे लहराना है की कोई अंतरिक्ष से धरती पर देखे तो उसे धरती पर हमारा देश तिरंगे में लिपटा नजर आए और वह अंतरिक्ष से धरती पर देखते हुए यही कहे, “ सारे जहां से अच्छा, हिन्दोस्तां हमारा।' दीवान के अनुसार, ‘‘हर घर तिरंगा पहल से निश्चित रूप से लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना पैदा करने में मदद मिलेगी और युवाओं में राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता बढ़ेगी साथ ही दुनिया में हमारे राष्ट्र की एकता का बहुत बड़ा संदेश जाएगा।'
सीआरपीएफ की ओर से आयोजित वॉकथॉन रैली में छात्र और युवाओं ने लिया भाग
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत सीआरपीएफ द्वारा आयोजित एक विशाल वॉकथॉन रैली में छात्र और युवाओं ने भाग लिया। सीआरपीएफ के कमांडेंट ओम हरि ने कहा कि देश की आजादी के लिए जिन्होंने कुर्बानियां दी हैं, उन्हीं को याद करने के लिए हम यहां एकत्र हुए हैं।
कर्नाटक में केंद्रीय मंत्री जयशंकर ने 'हर घर तिरंगा' अभियान का किया नेतृत्व
केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को केंद्र के 'हर घर तिरंगा' अभियान के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए रामनगर जिले में सुबह एक 'प्रभात फेरी' में हिस्सा लिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के साथ, गले में भगवा स्कार्फ पहने, जयशंकर ने कनकपुरा तालुक के हरोहल्ली गांव में मार्च का नेतृत्व किया जो कि कांग्रेस के कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार का गृह निर्वाचन क्षेत्र है। देश की आजादी के 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित रैली के दौरान तिरंगा लिए लोगों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' जैसे नारे लगाए।
हमने तिरंगा की ताकत यूक्रेन में देखी- पीएम मोदी
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कॉमनवेल्थ गेम्स के खिलाड़ियों के साथ संवाद किया। उन्होंने इस दौरान कहा- बीते कुछ हफ्तों में देश ने खेल के मैदान में दो बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ-साथ देश ने पहली बार Chess Olympiad का आयोजन किया है। आप सभी तो वहां मुकाबला कर रहे थे, लेकिन यहां करोड़ों भारतीय रतजगा कर रहे थे। देर रात तक आपके हर एक्शन, हर मूव पर देशवासियों की नज़र थी। बहुत से लोग अलार्म लगाकर सोते थे कि आपके प्रदर्शन का अपडेट लेंगे।
बकौल पीएम, "बॉक्सिंग हो, जूडो हो, कुश्ती हो, जिस प्रकार बेटियों ने डॉमिनेट किया, वो अद्भुत है। आप सभी देश को सिर्फ एक मेडल नहीं देते, सेलिब्रेट करने का, गर्व करने का अवसर ही नहीं देते, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी सशक्त करते हैं। आप खेल में ही नहीं, बाकी सेक्टर में भी देश के युवाओं को बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं। तिरंगे की ताकत क्या होती है, ये हमने कुछ समय पहले ही यूक्रेन में देखा है। तिरंगा युद्धक्षेत्र से बाहर निकलने में भारतीयों का ही नहीं, बल्कि दूसरे देशों के लोगों के लिए भी सुरक्षा कवच बन गया था।
देश भर में 'हर घर तिरंगा' अभियान में शामिल हुए भाजपा नेता
भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर केंद्रीय मंत्रियों सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शनिवार से शुरू हुए तीन दिवसीय ''हर घर तिरंगा'' अभियान में शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद तिरंगे के साथ अपनी और अपनी पत्नी की तस्वीर ट्विटर पर साझा की। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव स्वतंत्रता सेनानी चित्तू पांडेय को श्रद्धांजलि देने उत्तर प्रदेश के बलिया पहुंचे। पार्टी नेताओं के कईं कार्यक्रमों में शामिल होने की योजना है, जिसमें विभिन्न स्थानों पर 'प्रभात फेरी' और तिरंगा रैली शामिल है। भाजपा महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने हिमाचल प्रदेश के ऊना में 'प्रभात फेरी' में हिस्सा लिया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जोधपुर में एक तिरंगा रैली में भाग लेंगे और मुगलों के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व करने वाले योद्धा दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। पार्टी ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा मेरठ में 'हर घर तिरंगा यात्रा' को हरी झंडी दिखाएंगे।
केजरीवाल ने दिल्ली के निवासियों से घरों में तिरंगा फहराने की अपील की
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार से शुरू हो रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत दिल्लीवासियों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह करते हुए कहा कि तिरंगा देश का सम्मान और गौरव है।सरकार ने राजधानी के हर हिस्से में स्कूल के बच्चों और लोगों के बीच 25 लाख तिरंगे बांटने और आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कई अन्य देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ''तिरंगा हमारी आन है, तिरंगा हमारी बान है, तिरंगा हमारी शान है, तिरंगा हमारी जान है आज से हर घर तिरंगा अभियान शुरू हो रहा है। आप भी गर्व से अपने घर पर तिरंगा ज़रूर लगायें।'' केंद्र ने विशेष अवसर को मनाने के लिए 'हर घर तिरंगा' अभियान की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले लोगों से सोशल मीडिया अकाउंट पर तिरंगे को अपनी 'डिस्पले पिक्चर' (डीपी) पर लगाने का आग्रह किया था।
राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी, सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राज्य भर में 15 अगस्त को अनेक कार्यक्रम होंगे जबकि राज्य स्तरीय समारोह राजधानी जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में होगा। इस बीच राज्य सरकार ने विभिन्न जेलों में सजा काट रहे 51 कैदियों को, उनके आचरण को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस पर समय पूर्व रिहा करने का फैसला किया है। सामान्य प्रशासन विभाग में सचिव जितेंद्र कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य स्तरीय समारोह जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में होगा जहां आज पूर्वाभ्यास (फुल ड्रेस रिहर्सल) होने जा रहा है।’’ अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अभय कुमार सहित अन्य अधिकारी तैयारियों की समीक्षा करने के वास्ते स्टेडियम का दौरा करेंगे। समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
असम में निकली में तिरंगा नौका रैली
असम में 'आजादी का अमृत महोत्सव' कार्यक्रम के तहत धुबरी में ब्रह्मपुत्र नदी में तिरंगा नौका रैली का आयोजन किया गया।
आज भारत एक बार फिर से उबरने की राह पर- विदेश मंत्री
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कर्नाटक के रामनगर में शनिवार को कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामाजिक न्याय और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, ताकि कोई भी पीछे न रहे। दुनिया के लिए यह कठिन दौर रहा है, लेकिन आज भारत एक बार फिर से उबरने की राह पर है। लेकिन हमें देश में नेतृत्व की जरूरत है। जब आप अपने देश के भविष्य के बारे में सोचते हैं, तो निर्णायक नेतृत्व की आवश्यकता को ध्यान में रखें। उन लोगों के बारे में सोचें जो भारत के विकास और सुरक्षा को सर्वोत्तम रूप से सुनिश्चित करेंगा।
ओडिशा में केंद्रीय मंत्री ने तिरंगा बाइक रैली में लिया हिस्सा
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान राउरकेला में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के हिस्से के रूप में 'तिरंगा बाइक रैली' में शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
PM के प्रयासों से जो राष्ट्रभक्ति देखने को मिल रही, वो अनोखी- गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा- प्रधानमंत्री ने आठ वर्षों में देश को एक नई दिशा दी है। उनके प्रयासों से जो राष्ट्रभक्ति देखने को मिल रही है वो अनोखी है। 15 अगस्त को जब करोड़ों लोगों के घर पर तिरंगा फहराया जाएगा इससे विश्व में भारत की उभरती हुई ताकत का संदेश जाएगा।
सरवर चिश्ती ने तिरंगा यात्रा में लगाया विवादित नारा?
सरवर चिश्ती एक बार फिर से विवादों में आ गए हैं। दरअसल, उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह तिरंगा यात्रा में विवादित नारा लगाते दिखे। वायरल क्लिप में वह 'मेरे ख्वाजा का हिंदुस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाते दिखे। यह क्लिप राजस्थान के अजमेर शहर की बताई जा रही है।
UP में 4.5 करोड़ तिरंगा फहराए जाने का अनुमान
आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 13-15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया गया है। इसके तहत सभी सरकारी, निजी, वाणिज्यिक भवनों पर लोग स्वतः स्फूर्त भाव से राष्ट्रध्वज फहरा रहे हैं। अभियान के तहत सिर्फ उत्तर प्रदेश में 4.5 करोड़ ध्वज फहराये जाने का अनुमान है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के ‘ड्रेस रिहर्सल' के चलते चार मेट्रो स्टेशनों के कई गेट बंद
स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए शनिवार को हो रहे ‘ड्रेस रिहर्सल’ के चलते दिल्ली मेट्रो के चार स्टेशनों के कई द्वार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने यह जानकारी दी। इनमें आईटीओ, लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। डीएमआरसी ने ट्वीट किया, ''सुरक्षा के लिहाज से जानकारी, स्वतंत्रता दिवस सामारोह के ड्रेस रिहर्सल के कारण, निम्नलिखित गेट पूर्वाह्न 11 बजे तक बंद हैं। इनमें आईटीओ मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक, दो और तीन, लालकिला मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर चार, जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर तीन और चार और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर एक, चार और पांच शामिल हैं।'' डीएमआरसी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ''सभी स्टेशन खुले हैं और अन्य गेट का इस्तेमाल प्रवेश/निकास के लिए किया जा सकता है।'' डीएमआरसी ने शुक्रवार को कहा था, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा उपायों के मद्देनजर दिल्ली के मेट्रो स्टेशनों पर रविवार सुबह छह बजे से सोमवार दोपहर दो बजे तक वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। हालांकि, मेट्रो ट्रेन की सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
बच्चों को राष्ट्रध्वज सौंप, सीएम योगी ने शुरू किया 'हर घर तिरंगा' अभियान
हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा, मन में राष्ट्र के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छा और वंदेमातरम, भारत माता की जय के ओजस्वी नारों से गुंजायमान वातावरण....। कुछ ऐसा ही दृश्य शनिवार को मुख्यमंत्री आवास परिसर में रहा, जहां आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर 13-15 अगस्त तक आयोजित 'हर घर तिरंगा' अभियान की औपचारिक शुरुआत हो रही थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूली बच्चों के हाथों में तिरंगा सौंपा तो बच्चों के गर्व और खुशी मिश्रित भाव वाले चेहरे देख लगा मानो नई पीढ़ी अपनी महती जिम्मेदारियों का अहसास कर रही हो। तिरंगा देते हुए मुख्यमंत्री ने बालक-बालिकाओं से उनका परिचय पूछा और आजादी के अमृत महोत्सव के मायने बताए। सीएम ने बच्चों की प्रभात फेरी को हरी झंडी भी दिखाई। मुख्यमंत्री योगी के स्वर में स्वर मिलाकर भारत माता की जयकार लगाते स्कूली बच्चों का उल्लास चरम पर था। सीएम योगी की ओर से सभी बच्चों को उपहार भी दिए गए।
मुरादाबादः RPF-GRP के कर्मियों ने निकाला तिरंगा मार्च
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में RPF और GRP के कर्मियों ने 'हर घर तिरंगा' अभियान में भाग लिया। त्रिलोक सिंह रावत, ASC, RPF मुरादाबाद डिवीजन ने कहा- आजादी की 75वीं वर्षागांठ के उपलक्ष्य में देश की एकता, खुशहाली और समृद्धि के लिए RPF और GRP द्वारा यह मार्च निकाला गया था।
रोजगार पर राष्ट्रीय नीति की मांग को लेकर 16 अगस्त को दिल्ली में निकालेंगे तिरंगा मार्च : गोपाल राय
दिल्ली में विभिन्न नागरिक संगठन ‘संयुक्त रोजगार आंदोलन समिति’ के बैनर तले राष्ट्रीय रोजगार नीति की मांग को लेकर 16 अगस्त को तिरंगा मार्च निकालेंगे। दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ‘देश की बात फाउंडेशन’ के संस्थापक राय ने कहा कि पूरे देश से करीब 200 संगठन नंद नगरी से जंतर-मंतर तक 21 किलोमीटर की दूरी तक मार्च निकालेंगे। देश में ‘‘बड़े पैमाने पर बेरोजगारी’’ को रेखांकित करते हुए राय ने कहा कि केंद्र ने हाल में संसद में जानकारी दी है कि पिछले आठ वर्षों में 22 करोड़ लोगों ने नौकरी के लिए आवेदन किया है, जिनमें से केवल 7.22 लाख लोगों को रोजगार मिला। राय ने कहा, ‘‘ केंद्र कहता है कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। इसका अभिप्राय है कि आजादी के 70 साल होने के बावजूद अधिकतर लोगों को सम्मानजनक जीवनयापन के लिए रोजगार उपलब्ध नहीं करा पाए हैं।’’ उन्होंने कहा कि रोजगार आंदोलन लोगों के बीच इस मुद्दे के प्रति जागरूकता पैदा करने और केंद्र सरकार पर रोजगार को लेकर राष्ट्रीय नीति के लिए दबाव बनाने की पहल है। मंत्री ने कहा कि भारत तेजी से विकसित नहीं करेगा, अगर बेरोजगारी रहेगी और लोग सरकार पर निर्भर होंगे।
घाटी में पहले राष्ट्रध्वज जलाया जाता था, आज इसे जम्मू-कश्मीर में कहीं भी फहराया जा सकता है: ठाकुर
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि एक समय था, जब कश्मीर घाटी में तिरंगा जलाया जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के बाद से अब कोई भी व्यक्ति जम्मू-कश्मीर के किसी भी कोने में और कभी भी राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकता है। युवाओं में देशप्रेम की भावना और गहरी करने के लिये संस्कृति मंत्रालय ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आयोजित युवा केंद्रित भागीदारी कार्यक्रम ‘बढ़े चलो’ का भव्य समापन शुक्रवार को दिल्ली में किया। इसी समारोह को संबोधित करते हुए ठाकुर ने यह बात की। उन्होंने कहा, ‘‘उस समय, कश्मीर में राष्ट्रध्वज फहराना अपराध था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान के अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35ए को हटाए जाने के बाद से अब कोई भी व्यक्ति जम्मू-कश्मीर के किसी भी कोने में और कभी भी राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकता है।
मुझे उन घरों का फोटो चाहिए, जहां न लगा हो तिरंगा- बयान दे घिरे भाजपा नेता, अब देनी पड़ी सफाई
भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराने वाले मकानों के तस्वीरों की उनकी मांग आम जनता के लिए नहीं बल्कि केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए है। ऐसी मांग कर विपक्षी दलों के निशाने पर आए भट्ट ने कहा कि देश के लिए सच्ची भावना रखने वाला कोई भी व्यक्ति आजादी के 75 साल का जश्न मनाने के लिए अपने घर पर तिरंगा फहराने से नहीं हिचकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के संदर्भ में थी। हालांकि, उन्होंने कहा, ‘‘मेरा यह दृढ विश्वास है कि जो भी व्यक्ति इस देश के लिए महसूस करता है, अपने घर पर तिरंगा लगाने से नहीं हिचकेगा।’’ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तिरंगे के सम्मान के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानी फांसी के फंदे पर चढ गए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहता हूं कि प्रधानमंत्री के ‘आजादी का अमृत महोत्सव ’ को मनाने के आह्वान पर देश भर में हर घर पर तिरंगा फहराया जाए।’’ हाल में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में दिए अपने बयान को फिर दोहराते हुए भट्ट ने कहा कि देश उन पर विश्वास नहीं करेगा जो इस मौके पर अपने घरों पर तिरंगा नहीं फहराएंगे। दरअसल, हल्द्वानी में एक कार्यक्रम में भट्ट ने कहा था, ‘‘जिस घर में तिरंगा नहीं लगेगा, हम उसे कभी विश्वास की नजर से नहीं देख पाएंगे। मुझे उस घर का फोटो चाहिए, जिस घर पर तिरंगा न लगा हो।’’
यति नरसिंहानंद का तिरंगा अभियान के बहिष्कार का वीडियो वायरल
गाजियाबाद के डासना देवी मंदिर के पीठाधीश्वर एवं महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद का एक विवादित वीडियो सामने आया है जिसमें वह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के 'हर घर तिरंगा' अभियान पर सवाल उठाते हुए और हिंदुओं से भाजपा के इस अभियान का बहिष्कार करने की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) इराज राजा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि पुलिस यति के वायरल वीडियो की छानबीन कर रही है और कानून की उपयुक्त धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर आए इस वीडियो में यति यह कहते हुए नजर रहे हैं कि सरकार ने पश्चिम बंगाल की एक कंपनी को तिरंगा बनाने का ठेका दिया है, जिसका मालिक सलाउद्दीन नाम का एक मुसलमान हैं। वह वीडियो में कह रहे हैं कि हिंदू दुनिया में सबसे बड़े पाखंडी हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने वीडियो में कहा कि जब ये लोग सत्ता में आए तो उन्होंने मुसलमानों को सरकारी टेंडर दिए। वीडियो के अनुसार उन्होंने कहा है कि तिरंगा खरीदने के लिए हिंदुओं को जो पैसा देना होगा, वह एक मुसलमान की जेब में जाएगा और वह जिहादियों (इस्लामी उग्रवादियों) को दान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू समुदाय अपनी आने वाली पीढ़ियों को मुस्लिम उग्रवादियों से बचाना चाहता है तो उन्हें भाजपा के तिरंगे अभियान का बहिष्कार करना चाहिए ताकि मुस्लिम ठेकेदार को आर्थिक लाभ न हो। उन्होंने कहा कि हिंदू अपनी छतों पर कोई भी पुराना झंडा फहरा सकते हैं।
‘हर घर तिरंगा' की घोषणा के बाद से 20 करोड़ से अधिक तिरंगे बांटे गये: अधिकारी
संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की घोषणा के बाद से लोगों को 20 करोड़ से अधिक तिरंगे उपलब्ध कराये गये हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जुलाई को देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने की अपील की थी। संस्कृति मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि अभियान की घोषणा के बाद से देशवासियों को 20 करोड़ से अधिक तिरंगे उपलब्ध कराये गये हैं।
'हर घर तिरंगा' के लिए क्या है केंद्र की अपील?
केंद्र सरकार ने अपने ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत 13 से 15 अगस्त के दौरान लोगों से अपने घरों में राष्ट्रध्वज फहराने या प्रदर्शित करने का आग्रह किया है।
RSS ने सोशल मीडिया अकाउंट्स की ‘प्रोफाइल' की चेंज, लगाया तिरंगा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया खातों की प्रोफाइल तस्वीरों पर अपने पारंपरिक भगवा झंडे के स्थान पर तिरंगे का चित्र लगाया। देश स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने के अवसर पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहा है। ऐसे में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपने सोशल मीडिया खातों पर अपनी ‘प्रोफाइल’ तस्वीर पर तिरंगा लगाने का आग्रह किया है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल राष्ट्रध्वज को प्रति संघ के रुख को लेकर उसकी आलोचना करते रहे हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संघ का स्पष्ट जिक्र करते हुए इस महीने की शुरुआत में सवाल किया था कि क्या नागपुर में अपने मुख्यालय पर 52 साल तक राष्ट्रध्वज नहीं फहराने वाला संगठन अपने सोशल मीडिया खातों की प्रोफाइल तस्वीर पर तिरंगा लगाने के प्रधानमंत्री के आग्रह को मानेगा। आरएसएस प्रचार विभाग के सह प्रभारी नरेंद्र ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि संघ अपने सभी कार्यालयों में राष्ट्रध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाता आ रहा है। संघ ने अपने सोशल मीडिया खाते की अपनी प्रोफाइल तस्वीर पर अपने संगठन के झंडे को हटाकर राष्ट्रध्वज लगाया। ठाकुर ने कहा कि आरएसएस कार्यकर्ता ‘हर घर तिरंगा’ मुहिम में सक्रिय रूप से भाग ले रहे है।

