LIVE

एक के बाद एक कई राजनेता आ रहे कोरोना की चपेट में, नीतीश-बोम्मई के बाद नड्डा भी कोविड पॉजिटिव

कोरोना वायरस की की दूसरी लहर के बाद देश में एक बार फिर कोविड के डराने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। देशभर से भारी संख्या में केस सामने आ रहे हैं, जिसके बाद देश के कई राज्‍यों में लॉकडाउन की चर्चा जोर पकड़ रही है। इस बीच आज से 60 साल और इससे ऊपर के बुजर्गों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना टीके की अतिरिक्त डोज लगाई जा रही है। कोरोना एवं ओमीक्रोन के बढ़ते खतरे के बीच कई राज्यों ने अपने यहां पाबंदियों को और सख्त कर दिया है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Jan 11, 2022, 09:43 IST
Follow on Google News
एक के बाद एक कई राजनेता आ रहे कोरोना की चपेट में, नीतीश-बोम्मई के बाद नड्डा भी कोविड पॉजिटिव

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के 1,79,723 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,57,07,727 पर पहुंच गई है, जिनमें से अभी तक 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश से आए ओमीक्रोन वेरिएंट के 4033 मामले भी शामिल हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 7,23,619 हो गई है जो करीब 204 दिनों में सबसे अधिक संख्या है जबकि 146 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,83,936 हो गई है। ओमीक्रोन के 4033 मरीजों में से 1552 स्वस्थ हो गए हैं या देश छोड़कर चले गए हैं। महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के सबसे अधिक 1216 मामले आए। 

Delhi: दिल्ली पुलिस पर कोरोना का 'प्रहार', चपेट में आए PRO सहित 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी

लॉकडाउन की चर्चा जोर पकड़ रही है

देशभर में कोविड के मामलों में उछाल की यह स्थिति तब है, जबकि कई राज्‍यों में पहले ही नाइट कर्फ्यू और अन्‍य पाबंदियों का ऐलान किया गया है। विभ‍िन्‍न राज्‍यों में बढ़ते संक्रमण के बीच कई राज्‍यों ने और सख्‍त पाबंदियों को लागू करने की बात भी कही है, जिसके बाद से लॉकडाउन की चर्चा जोर पकड़ रही है।

JAN 10, 2022 23:25 IST

कोरोना को लेकर यूपी सरकार का आदेश

कोरोना को लेकर यूपी सरकार का आदेश-  बस स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और हवाई अड्डों पर सभी यात्रियों का RTPCR टेस्ट किया जाएगा। अगर पॉजिटिव पाए जाते हैं तो ऐसे यात्रियों को निर्दिष्ट कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। सभी सार्वजनिक और निजी कार्यालय 50% क्षमता पर कार्य करेंगे। ऐसे व्यक्ति जिन्हें कोविड पॉजिटिव पाया गया है, उन्हें वेतन सहित एक सप्ताह का अवकाश दिया जाएगा।

JAN 10, 2022 22:49 IST

दिल्ली में कोविड की तीसरी लहर के लिए 50,000 ऑक्सीजन उपलब्धता वाले बिस्तर का लक्ष्य रखा

दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच महामारी की तीसरी लहर से निपटने के लिए 50,000 ऑक्सीजन उपलब्धता वाले बिस्तरों के साथ ही 12,059 आईसीयू बिस्तर स्थापित करने की योजना बनायी है। दिल्ली के अस्पतालों में वर्तमान में 16,180 ऑक्सीजन उपलब्धता वाले बिस्तरों के अलावा 3,619 आईसीयू बिस्तर हैं। दिल्ली सरकार के बिस्तरों की संख्या में वृद्धि करने की योजना के मुताबिक, पहले चरण में ऑक्सीजन उपलब्धता वाले बिस्तरों की संख्या बढ़ाकर 28,645, दूसरे चरण में 37,000 और तीसरे चरण में इसे बढ़ाकर 50,000 बिस्तर किया जाएगा।

JAN 10, 2022 21:23 IST

BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कोरोना पॉजिटिव

जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा कि शुरुआती लक्षण दिखने पर मैंने अपना कोविड टेस्ट करवाया। मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी मैं स्वस्थ महसूस कर रहा हूं। डॉक्टर्स की सलाह पर मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। पिछले कुछ दिनों में जो लोग भी मेरे संपर्क में आए हैं, उनसे अनुरोध है कि अपनी जांच करवा लें।

JAN 10, 2022 20:48 IST

महाराष्ट्र में 33 हजार से ज्यादा नए केस

महाराष्ट्र में आज 33,470 नए मामले सामने आए हैं। आज 26,671 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। 24 घंटों में कोरोना से 8 मौतें हुई हैं। राज्य में अभी 2,06,046 एक्टिव केस हैं।

JAN 10, 2022 20:45 IST

10 लाख से ज्यादा लोगों की लगी तीसरी डोज

भारत मे अब तक 10 लाख 48 हजार से ज्यादा लोगों को लग चुकी है तीसरी Precaution डोज। ये आंकड़े रात साढ़े 8 बजे तक के हैं। भारत मे 7 लाख 33 हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी/फ्रंटलाइन वर्कर्स और 3 लाख 14 हजार से ज्यादा 60 वर्ष से ऊपर के बीमार लोगो को वैक्सीन की तीसरी डोज लगी है।

JAN 10, 2022 20:06 IST

दिल्ली में 19 हजार से ज्यादा केस

दिल्ली में कोरोना वायरस के 19,166 नए ​​मामले सामने आए हैं। 24 घंटों में 14,076 मरीज ठीक हुए हैं और 17 मौतें हुई है। सक्रिय मामले 65,806 हुए। दैनिक सकारात्मकता दर 25%  है।

JAN 10, 2022 20:04 IST

बंगाल में 19000 से ज्यादा केस

पश्चिम बंगाल में आज कोविड के 19,286 नए ​​मामले सामने आए हैं। 8187 मरीज ठीक हुए हैं और 24 घंटों में 16 मौतें हुई हैं। प्रदेश में 89,194 एक्टिव केस हैं। आज की सकारात्मकता दर: 37.32% रही।

JAN 10, 2022 20:03 IST

कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी कोविड पॉजिटिव

कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई कोविड पॉजिटिव हुए। उन्हें हल्के लक्षण हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि मेरा स्वास्थ्य ठीक है, मैं होम क्वारंटीन में हूं।

JAN 10, 2022 18:55 IST

दिल्ली में रेस्टोरेंट और बार बंद करने का फैसला

दिल्ली में रेस्टोरेंट और बार बंद करने का फैसला लिया गया। रेस्टोरेंट से केवल टेकअवे सुविधा जारी रहेगी। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने जानकारी दी। DDMA की बैठक में फैसला हुआ।

JAN 10, 2022 18:49 IST

नीतीश कुमार कोविड पॉजिटिव

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उनके कार्यालय का कहना है कि डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने अपने आवास पर खुद को आइसोलेट कर लिया है।

JAN 10, 2022 17:38 IST

अब तक पांच से दस प्रतिशत उपचाराधीन रोगियों को ही अस्पतालों में भर्ती कराने की जरूरत

केंद्र ने सोमवार को कहा कि इस बार अब तक पांच से दस प्रतिशत उपचाराधीन रोगियों को ही अस्पतालों में भर्ती करने की जरूरत हो रही है लेकिन स्थिति गतिशील है एवं बदल भी सकती है, ऐसे में राज्य घरों में पृथक-वास रह रहे या अस्पताल में भर्ती मरीजों पर नजर रखें। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को भेजे पत्र में कहा कि देश में कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान अस्तपालों में भर्ती की जरूरत वाले रोगी 20-23 प्रतिशत थे।

JAN 10, 2022 17:15 IST

हरियाणा: स्कूल-कॉलेज 26 जनवरी तक बंद

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि हरियाणा सरकार ने 26 जनवरी तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद किए, ऑनलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी।

JAN 10, 2022 16:15 IST

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोविड पॉजिटिव

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि मैं आज हल्के लक्षणों के साथ कोरोना पॉजिटिव हो गया हूं। मैं होम क्वारंटीन में हूं। मैं उन सभी से खुद को अलग करने और टेस्ट करने का अनुरोध करता हूं जो हाल ही में मेरे संपर्क में आए हैं। 

JAN 10, 2022 15:40 IST

स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को लेटर लिखा 

स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखा है। इसमें कोविड टीकाकरण केंद्रों के संचालन को लेकर जानकारी मांगी गई है। पत्र में कहा गया है कि राज्य हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करें, MBBS के फाइनल ईयर के छात्रों की सेवाएं लें, रेजिडेंट डॉक्टर्स की भी मदद लें।
 

JAN 10, 2022 14:52 IST

12 जनवरी से ओमिस्योर टेस्टिंग किट की मदद से 'ओमीक्रोन' का टेस्ट होगा

कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के परीक्षण में तेजी लाने के लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने एक किट को मंजूरी दी है इसे ओमिस्योर टेस्टिंग किट बताया जा रहा है कहा जा रहा है कि इसकी सहायता से ओमिक्रोन वेरिएंट का पता लगाने में आसानी होगी गौर हो कि भारत में कोरोना के केसों में तेजी से उछाल आ रहा है।
JAN 10, 2022 12:19 IST

प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल बोले- कोरोना मामलों की गिरावट भी उतनी ही तेज होगी


कोविड की तीसरी लहर पर आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल ने कहा कि  प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, मामले (राष्ट्रीय स्तर पर) इस महीने के अंत तक चरम पर होंगे और दूसरी लहर संख्या को पार करने की संभावना है। लेकिन मामलों की गिरावट भी उतनी ही तेज होगी और मार्च तक, यह (पीक) लगभग खत्म हो जाएगा। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता में मामले इस महीने के मध्य में चरम पर होने की संभावना है अगले कुछ दिनों में लेकिन इन शहरों में इस महीने के अंत तक यह लहर लगभग खत्म हो जाएगी।

JAN 10, 2022 10:45 IST

कोविड सेंटर का जायजा लेने पहुंचे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि यूपी में कोरोना के 35 हजार 900 एक्टिव केस हैं। प्रशासन कोविड पॉजिटिव लोगों के संपर्क में है। निगरानी समितियां घर-घर जाकर संदिग्ध लोगों की जांच कर रही हैं। हमें घबराने की नहीं बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है। कोरोना गाइडलाइन का पालन जरूर करें। बाहर निकलते समय मास्क को जरूर पहनें।

JAN 10, 2022 10:37 IST

Noida में एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 1,222 मामले

जनपद गौतम बुद्ध नगर में सोमवार सुबह तक कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 1,222 मामले सामने आए। इससे जिले में संक्रमण के उपचाराधीन मामले बढ़कर 5,780 हो गई है।स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 72 मरीजों को संक्रमण से उबरने के बाद आज अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई। जनपद गौतम बुद्ध नगर में पहली बार संक्रमण के इतने मामले एक दिन में सामने आए हैं। जनपद में कोविड-19 से अबतक 468 लोगों की मौत हो चुकी है। नये मामले सामने आने के बाद जनपद में संक्रमण के मामले बढ़कर 69,527 हो गए हैं जबकि 63,596 लोग ठीक हुए हैं। जनपद में संक्रमण बढ़ने के चलते जिलाधकारी सुहास एलवाई ने कई प्रतिबंध लागू किए हैं। नोएडा प्राधिकरण ने यहां के इलाकों को संक्रमण मुक्त बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
JAN 10, 2022 10:28 IST

'तीसरी लहर एक से 15 फरवरी के बीच चरम पर होगी'

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास का प्रारंभिक विश्लेषण है कि तीसरी लहर एक से 15 फरवरी के बीच चरम पर होगी। आईआईटी मद्रास के गणित विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. जयंत झा ने बताया कि कम्प्यूटेशनल मॉडलिंग के प्रारंभिक विश्लेषण के आधार पर यह आंकलन किया गया है।

JAN 10, 2022 09:33 IST

दिल्ली की तीन जेलों में 46 कैदी और 43 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली की तीन जेलों के छियालीस कैदियों और 43 कर्मचारियों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "सभी संक्रमित कैदियों के साथ-साथ कर्मचारी भी आइसोलेशन में हैं और ठीक हो रहे हैं।"जेल अधिकारियों द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, 46 कैदियों ने रविवार तक सकारात्मक परीक्षण किया-तिहाड़ में 29 कैदी और शेष 17 मंडोली जेल में हैं वहीं संक्रमित 43 कर्मचारियों में 25 तिहाड़, 12 रोहिणी जेल और छह मंडोली जेल के हैं। तिहाड़, मंडोली और रोहिणी जेल परिसरों में वायरल बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए उठाए गए कदमों के तहत, जेल औषधालयों को कोविड देखभाल केंद्रों में बदल दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि तिहाड़ में एक ऑक्सीजन संयंत्र जल्द ही चालू हो जाएगा।
 

JAN 10, 2022 09:14 IST

भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,79,723 नए मामले आए, 146 लोगों की गई जान

भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,79,723 नए मामले आए इस दौरान 46,569 रिकवरी हुईं है, सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में 44,388 मामले सामने आए हैं वहीं इस दौरान कोरोना से 146 लोगों की मौत हुई है।
JAN 10, 2022 08:54 IST

कोरोना की चपेट में आए दिल्ली पुलिस के PRO सहित 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी

दिल्ली में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। दिल्ली पुलिस के 300 से ज्यादा कर्मचारी कोरोना संक्रमण के दायरे में आ गए हैं। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त कमिश्नर एवं पीआरओ चिन्मय बिस्वाल भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। राजधानी में कोरोना के बढ़ते देखते हुए डीडीएमए की सोमवार को अहम बैठक हो रही है। समझा जाता है कि इस बैठक में कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए कुछ सख्त फैसले लिए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हालांकि कह चुके हैं कि दिल्ली में लॉकडाउन नहीं लगेगा। राजधानी में अभी येलो अलर्ट एवं वीकेंड कर्फ्यू जारी है।
JAN 10, 2022 08:54 IST

दिल्ली में कोरोना संकट को लेकर DDMA की अहम बैठक

राजधानी दिल्ली में कोरोना की रफ्तार बेकाबू होती दिख रही है जिस हिसाब से यहां पर कोविड केसों की रफ्तार बढ़ रही है उसे देखते हुए दिल्ली प्रशासन चिंतित है और इस पर नियंत्रण पाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं, इसी क्रम में आज दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की अहम बैठक होने जा रही है। दिल्ली में कोरोना और ओमिक्रोन के खतरे को देखते हुए डीडीएमए की की बैठक खासी अहम मानी जा रही है और संभावना है कि इसमें और कड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

JAN 10, 2022 08:53 IST

लद्दाख में चादर 'ट्रेक' व हिम तेंदुए को देखने का कार्यक्रम स्थगित

लद्दाख में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर चादर 'ट्रेक' और हिम तेंदुए को देखने के कार्यक्रम सहित विभिन्न शीतकालीन पर्यटन गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है।लद्दाख में पिछले साल नवंबर से अब तक कोरोना वायरस के 1,500 से अधिक नए मामले सामने आए हैं, वहीं 13 मरीजों की मौत हुयी है। संक्रमण के अधिकतर मामले लेह में दर्ज किए गए हैं। केंद्रशासित प्रदेश में जनवरी में 288 मामले सामने आए और दो मरीजों की मौत हुयी।लद्दाख में संक्रमण के कुल मामले रविवार को बढ़कर 22,472 हो गए। इनमें रविवार को सामने आए 59 मामले शामिल हैं। मरने वालों की संख्या बढ़कर 221 हो गयी है। लेह में 163 और कारगिल में 58 लोगों की मौत हुयी है।

JAN 10, 2022 08:53 IST

दिल्ली के LNJP के 11 डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित

दिल्ली के लोकनायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में अब तक 11 चिकित्सक कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं जहां ओमीक्रोन स्वरूप से संक्रमित पांच मरीज भर्ती हैं, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने से उत्पन्न स्थिति चिंताजनक नहीं है।लोकनायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने कहा, 'हमारे कर्मियों में से अब तक 26 वायरस से संक्रमित हुए हैं। इनमें से 11 डॉक्टर हैं और बाकी नर्सिंग स्टाफ और सफाई कर्मचारी हैं।'