LIVE

Coronavirus News Update: राजस्थान में शुक्रवार को 615 नए कोरोना पॉजिटिव केस आए सामने

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। संक्रमण के कुल मामले यहां अब 10 लाख से अधिक हो चुके हैं, जबकि मृतकों की संख्‍या 25 हजार के पार पहुंच गई है। संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच यहां रिकवरी रेट 63 प्रतिशत से अधिक बताई जा रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Jul 18, 2020, 00:27 IST
Follow on Google News
Coronavirus News Update: राजस्थान में शुक्रवार को 615 नए कोरोना पॉजिटिव केस आए सामने
Photo Credit: AP, File Image

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के रोज सामने आ रहे मामले एक नई चुनौती पैदा कर रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान यहां एक बार फिर रिकॉर्ड करीब 35 हजार मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमण के कुल केस बढ़कर 10 लाख से अधिक हो गए हैं। हालांकि सरकार का कहना है कि बड़ी आबादी वाला देश होने के बावजूद यहां अब भी स्थिति नियंत्रण में है और प्रति लाख की आबादी के लिहाज से देखा जाए तो यहां संक्रमण के कुल केस अब भी कम हैं, जबकि रिकवरी रेट भी 63 प्रतिशत से अधिक है।

JUL 17, 2020 21:33 IST

महाराष्ट्र में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 291048 पहुंची


महाराष्ट्र में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। हर दिन सात से आठ हजार नए मरीज सामने आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में ही पूरे राज्य में कोरोना के 8308 नए केस सामने आए हैं। अब राज्य में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 291048 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 258 मरीजों की मौत के साथ ही कुल मौतों की संख्या अब 11,194 तक पहुंच गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब महाराष्ट्र में कोरोना के ऐक्टिव केस की संख्या 120480 है। अभी तक 291048 में से कुल 160357 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। शुक्रवार को ही महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 2217 मरीज ठीक होकर अपने घर चले गए। 

JUL 17, 2020 17:22 IST

उत्तर प्रदेश में कुल एक्टिव केस 16445 हो गए हैं

यूपी के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 1733 नए मामले सामने आए हैं। अब प्रदेश में कुल एक्टिव केस 16445 हैं ठीक होकर डिस्चार्ज लोगों की संख्या 27,634 और संक्रमण से मरने वालों की संख्या 1084 हो गई है वहीं गुरुवार को प्रदेश में सर्वाधिक 54,207 सैंपल्स की टेस्टिंग की गई। अब तक प्रदेश में कुल मिलाकर 13,79,534 सैंपल्स की टेस्टिंग की जा चुकी है
 

JUL 17, 2020 15:08 IST

उत्‍तराखंड में शनिवार, रविवार को पूर्ण लॉकडाउन

उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए प्रदेश में शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन लागू करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। उन्‍होंने यह भी कहा कि इस संबंध में जल्‍द ही दिशा-निर्देश किए जाएंगे। उत्‍तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 3,982 हो गए हैं, जबकि मृतकों की संख्‍या 50 है। यहां उल्‍लेखनीय है कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्‍तर प्रदेश, महाराष्‍ट्र, गोवा, बिहार सहित कई राज्‍यों में लॉकडाउन या आंशिक पाबंदियों का ऐलान हाल के कुछ दिनों में किया गया है।

JUL 17, 2020 14:45 IST

ओडिशा में 718 नए मामले

ओडिशा में शुक्रवार को कोविड-19 के 718 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 16,000 को पार कर गई। वहीं, चार और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की सख्या 83 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 718 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 16,110 हो गई।

JUL 17, 2020 14:41 IST

कोर्ट पहुंचे एयर इंडिया के अस्‍थाई कर्मचारी

एयर इंडिया के कम से कम 250 अस्थाई कर्मचारियों ने सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी को उन्हें फिर से काम पर रखने का निर्देश देने के लिए बंबई उच्च न्यायालय में अपील दायर की है। कोरोना वायरस के कारण लागू किए गए लॉकडाउन के चलते वे बेरोगजार हो गए हैं और उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। उनकी याचिका पर शुक्रवार को न्यायमूर्ति आर डी धानुका और वी जी बिष्ट की पीठ ने सुनवाई की। पीठ ने एयर इंडिया को नोटिस जारी किया और दो सप्ताह के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया।

JUL 17, 2020 14:36 IST

'मध्यप्रदेश, बिहार, तेलंगाना में बिगड़ सकते हैं हालात'

दुनिया की सबसे पुरानी और प्रसिद्ध चिकित्सा पत्रिकाओं में से एक 'द लांसेट' के एक अध्ययन के अनुसार मध्य प्रदेश के कुछ जिले कोविड-19 वैश्विक महामारी के लिहाज से सबसे अधिक संवेदनशील हो सकते हैं और उनके बाद बिहार तथा तेलंगाना के कुछ जिलों में इस वैश्विक महामारी का सबसे बुरा असर पड़ सकता है। अध्ययन में इन राज्यों में आवास, स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रणाली जैसे अहम मानकों का विश्लेषण किया गया है। इसके मुताबिक, 30 बड़े राज्यों में से नौ राज्यों- मध्य प्रदेश, बिहार, तेलंगाना, झारखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और गुजरात में कोविड-19 महामारी का सबसे बुरा असर है। अध्ययन में जहां मध्य प्रदेश को सबसे अधिक संवेदनशील बताया गया है, वहीं सिक्किम के बारे में कहा गया है कि वहां इसका सबसे कम असर पड़ेगा।

JUL 17, 2020 13:23 IST

गोवा में तीन दिन का लॉकडाउन

गोवा में कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए लागू तीन दिन के लॉकडाउन के पहले दिन सड़कों पर लोगों की अनावश्यक आवाजाही को रोकने के वास्ते भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। गोवा में अभी तक कोविड-19 के 3,108 मामले सामने आ चुके हैं और 19 मरीजों की मौत हो चुकी है। लगातार एक सप्ताह तक कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर राज्य सरकार ने गैर जरूरी सेवाओं पर रोक लगाने का निर्णय लिया। उद्योग समेत आवश्यक सेवाओं को लॉकडाउन से छूट दी गई है। राज्य सरकार ने 10 अगस्त तक प्रतिदिन रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक जनता कर्फ्यू लगाने की घोषणा भी की है।

JUL 17, 2020 12:39 IST

राजस्‍थान में कोरोना के 159 नए केस

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से चार और लोगों की मौत के बाद राज्य में इससे मरने वालों की संख्या 542 हो गई है। वहीं 159 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमण के मामले बढ़कर 27,333 हो गए, जिनमें से 6,763 लोगों का इलाज जारी है। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण राज्‍य के कई थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू है।
 

JUL 17, 2020 11:27 IST

कोरोना पर कांग्रेस ने फिर सरकार को घेरा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 10 लाख से अधिक हो जाने को लेकर शुक्रवार को कहा कि अगर कोविड-19 इसी तेजी से फैला तो 10 अगस्त तक संक्रमण के मामले 20 लाख के पार चले जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस महामारी को रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, '10,00,000 का आंकड़ा पार हो गया। इसी तेजी से कोविड-19 फैला तो 10 अगस्त तक देश में 20,00,000 से ज्यादा संक्रमित होंगे। सरकार को महामारी रोकने के लिए ठोस, नियोजित कदम उठाने चाहिए।'

JUL 17, 2020 09:42 IST

24 घंटों में बढ़े 35 हजार मरीज

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के रोजाना रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान जहां संक्रमण के लगभग 35 हजार केस सामने आए हैं, वहीं 687 लोगों की इस घातक बीमारी से जान गई है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान यहां कोरोना वायरस संक्रमण के 34,956 केस सामने आए हैं। यह एक दिन में संक्रमण का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण का कुल आंकड़ा जहां 10 लाख 3 हजार 832 हो गया है, वहीं इस घातक संक्रमण से अब तक यहां 25,602 लोगों की जान जा चुकी है। संक्रमण के कुल मामलों में 3 लाख 42 हजार 473 एक्टिव केस हैं, जबकि 6 लाख 35 हजार 757 ठीक हो चुके हैं।

JUL 17, 2020 09:23 IST

कोविड-19 केस 10 लाख के पार

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर अब 10 लाख से अधिक हो गए हैं, जबकि मृतकों की संख्‍या बढ़कर 25 हजार के पार हो गई है। वहीं, सरकार का कहना है कि देश में इलाज करा रहे संक्रमित लोगों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों की एक तिहाई रह गई है। दुनियाभर में संक्रमण के कुल मामलों की संख्‍या के लिहाज से भारत का अमेरिका और ब्राजील के बाद तीसरा स्‍थान है।

JUL 17, 2020 09:23 IST

भारत में बढ़ी जांच

कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच भारत में जांच तेजी से बढ़ा है। यहां अब रोजाना 3 लाख से अधिक मामलों की जांच की जा रही है। इस बारे में अमेरिका ने भी कहा है कि उसके बाद सबसे अधिक जांच भारत में ही हुई है। व्‍हाइट हाउस के मुताबिक, संक्रमण के मामलों का पता लगाने के लिए अमेरिका में जहां सर्वाधिक 4.2 करोड़ नमूनों की जांच की है, वहीं इसके बाद भारत में सर्वाधिक 1.2 करोड़ नमूनों की जांच हुई है।

JUL 17, 2020 09:23 IST

महाराष्ट्र में सर्वाधिक केस

देश में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक केस महाराष्‍ट्र में हैं। यहां संक्रमण के कुल मामले बढ़कर अब 2.84 लाख से अधिक हो गए हैं, जबकि मृतकों की संख्या 11 हजार से अधिक हो गई है।