Coronavirus News Update: आंध्र प्रदेश में लगातार पांचवें दिन कोरोना के 10 हजार से अधिक मामले
देश में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 35 लाख को पार कर चुका है, जबकि 63 हजार से अधिक लोगों की अब तक इस घातक संक्रमण से जान जा चुकी है। बढ़ते संक्रमण के बीच सरकार ने अनलॉक-4 की घोषणा भी कर दी है, जिसमें कई पाबंदियों को हटाया गया है, जबकि कुछ प्रतिबंध पहले की तरह बरकरार रहेंगे।
देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच केंद्र सरकार ने अनलॉक-4 के तहत दिशा-निर्देशों की घोषणा की है। यह 1-30 सितंबर की अवधि के लिए है, जिसमें मेट्रो ट्रेनों को सात सितंबर से चरणबद्ध तरीके से संचालित करने की अनुमति दी गई है। 21 सितंबर से जहां अधिकतम 100 व्यक्तियों के साथ सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की अनुमति दी गई है, वहीं स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान 30 सितंबर तक बंद रहेंगे। हालांकि नौवीं से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए कुछ छूट दी गई है। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जबकि देश में संक्रमण का आंकड़ा 35 लाख के पार और मृतकों की संख्या 63 हजार से अधिक हो चुकी है। देश में अब तक 27 लाख से अधिक लोग इस घातक संक्रमण की चपेट में आने के बाद उबरे हैं। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स :
कर्नाटक में कोविड-19 के 8,852 नये मामले, 106 और लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश में लगातार पांचवें दिन रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 10,000 से अधिक मामले सामने आए।इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4.24 लाख हो गई।महाराष्ट्र के बाद अब आंध्र प्रदेश में संक्रमण के सर्वाधिक मामले सामने आए हैं।रविवार को सुबह नौ बजे तक पिछले चौबीस घंटे में राज्य में 10,603 मामले सामने आए जिसके बाद संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 4,24,767 पर पहुंच गई। वहीं कर्नाटक में रविवार को कोविड-19 के 8,852 नये मामले सामने आये और 106 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। विभाग के मुताबिक राज्य में 8,852 नये मामले सामने आने के साथ कोविड-19 के कुल मामले बढ़ कर 3,35,928 हो गये। वहीं, 106 संक्रमित मरीजों की मौत हो जाने से इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 5,589 हो गई।इस रोग से उबरने पर रविवार को विभिन्न अस्पतालों से 7,101 मरीजों को छुट्टी भी दे दी गई।
मध्य प्रदेश में अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 62,433 पहुंची
मध्य प्रदेश में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 1,558 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 62,433 तक पहुंच गयी।राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 29 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 1,374 हो गयी है।मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, 'पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण से इंदौर व भोपाल में पांच-पांच, सागर में तीन, जबलपुर, नीमच एवं बैतूल में दो-दो तथा ग्वालियर, शिवपुरी, धार, विदिशा, सीहोर, दमोह, झाबुआ, होशंगाबाद, कटनी एवं अशोकनगर में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।' उन्होंने बताया, 'राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 389 मौत इन्दौर में हुई हैं। भोपाल में 280, उज्जैन में 80, सागर में 53, जबलपुर में 78, ग्वालियर में 46, बुरहानपुर में 25, खंडवा में 21 एवं खरगोन में 26 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी मौत के मामले अन्य जिलों से आये हैं।'
मुंबई में कुल मामलों की तादा 1,44,626 हुई, जिसमें 20,325 सक्रिय मामले है
महाराष्ट्र राज्य का स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आज में 16,408 नए कोरोना मामले, 7,690 डिस्चार्ज और 296 मौतें सामने आई हैं, सक्रिय मामले 1,93,548 (पुणे में उच्चतम 51,909 मामले) और 24,399 लोगों की मौत के मामले की रिपोर्ट है।वहीं नगर निगम ग्रेटर मुंबई ने बताया कि मुंबई में आज 30 मौतों और 1,237 नए सकारात्मक मामलों की खबर है, पॉजीटिव मामलों की कुल संख्या अब 1,44,626 है जिसमें 20,325 सक्रिय मामले, 1,16,351 रिकवरी और 7,623 मौतें शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की तादाद 2,25,632 हुई, जिनमें 54,666 सक्रिय मामले
राज्य स्वास्थ्य विभाग, यूपी सरकार ने बताया कि आज 6233 नए कोरोना मामले, 4,802 रिकवर मामले और 67 मौतें उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में हुईं। राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,25,632 है, जिनमें 54,666 सक्रिय मामले, 1,67,543 रिकवर मामले और 3423 मौतें शामिल हैं। वहीं जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने बताया कि जम्मू और कश्मीर में 786 नए कोरोना मामले, 490 रिकवरी और 9 मौतें आज हुईं है, राज्य में कुल मामले 37,163 हैं जिनमें 28,510 रिकवर और 694 मौतें शामिल हैं।
भारत की रिकवरी दर 76.61% तक सुधरी
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत की कोरोना रिकवरी रेट आज 27 लाख के पार हो गई। पिछले 24 घंटों में 64,935 मामलों की रिकवरी के साथ, भारत में रिकवरी आज सक्रिय मामलों में 3.55 गुना से अधिक हो गई। भारत की रिकवरी दर 76.61% तक सुधरी जबकि केस फेटलिटी रेट आज 1.79% हो गया है।
'कोरोना संकट से पैदा हुए हालात से निपटने के लिए सरकार चिंतित नहीं'
एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया है कि केंद्र की एनडीए सरकार रोजगार संकट और देश में कोविड-19 महामारी के कारण पड़े प्रतिकूल असर से निपटने के लिए चिंतित नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि देश में 1.8 करोड़ से ज्यादा लोगों को वेतन नहीं मिल रहा और आठ करोड़ दिहाड़ी मजदूरों के पास काम नहीं है। एक ऑनलाइन कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ऐसी खबरें हैं कि लॉकडाउन के कारण 10 करोड़ बच्चे मध्याह्न भोजन से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अनियोजित, असंवैधानिक तरीके से लॉकडाउन लगाने के कारण देश में इस तरह की स्थिति पैदा हुई। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा हालात के कारण बच्चों के टीकाकरण में भी 64 प्रतिशत की गिरावट आई है। लॉकडाउन के दौरान 10 लाख बच्चों का बीसीजी टीकाकरण नहीं हुआ, जबकि कोविड-19 महामारी के बाद से छह लाख बच्चों को पोलियो की दवा नहीं पिलाई जा सकी है।
राजस्थान में 80 हजार के करीब पहुंचे कोरोना केस
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 1037 हो गई, जबकि आज प्रदेश में 603 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 79,380 हो गई है, जिनमें से 14730 रोगी उपचाराधीन हैं।
'लापरवाही से सामने आ रहे कोरोना के 60 फीसदी नए मामले'
देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में महामारी का प्रकोप इस महीने अपने चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। प्रशासन ने जिले में महामारी के 60 प्रतिशत नए मामलों के लिए आम लोगों की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है जिसमें बातचीत के वक्त मास्क का ठीक तरह से इस्तेमाल नहीं किया जाना सबसे प्रमुख है। प्रशासन के मुताबिक, लोग महामारी से बचाव के दिशा-निर्देशों के पालन में बड़ी लापरवाही बरत रहे हैं। वे सार्वजनिक स्थानों और कार्यस्थलों पर एक-दूसरे के करीब आकर बात कर रहे हैं। ज्यादातर लोग मास्क को अपनी नाक और मुंह से नीचे खिसकाकर बात करते देखे जा रहे हैं, जबकि इस वक्त सही तरीके से मास्क लगाया जाना सबसे जरूरी होता है। यहां सार्वजनिक स्थानों और कार्यस्थलों पर ठीक तरह से मास्क नहीं पहनने वालों से 200 रुपये जुर्माना वसूलने का प्रावधान भी किया गया है।
ओडिशा में कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 3000 से अधिक केस
ओडिशा में कोविड-19 के 3,014 नये मरीज सामने आने के साथ राज्य में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 1,00,934 हो गई। बीते 24 घंटों के दौरान यहां कोरोना वायरस संक्रमण से 12 अन्य लोगों की जान गई है, जिसके बाद यहां इस घातक महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 482 हो गई है। राज्य में अबतक 17,31,556 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 60,646 नमूनों की जांच शनिवार को की गई।
रिकवरी रेट अब 76.61 फीसदी
देश में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा जहां 35 लाख को पार कर गया है, वहीं 27 लाख से अधिक मरीज अब तक इस घातक संक्रमण से उबर चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार के आंकड़ों के अनुसार, इस समय देश में कोविड-19 के 7,65,302 मरीजों का इलाज चल रहा है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 21.60 प्रतिशत है। वहीं अब तक 27,13,933 मरीज ठीक हो चुके हैं और मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 76.61 प्रतिशत हो गई है, जबकि इससे होने वाली मृत्यु दर घटकर 1.79 प्रतिशत रह गई है।
24 घंटों में संक्रमण के 78 हजार से अधिक रिकॉर्ड मामले
देश में बीते 24 घंटों के दैरान कोरोना वायरस संक्रमण के 78 हजार से अधिक रिकॉर्ड मामले सामने आए, जिसके बाद यहां संक्रमण आंकड़ा बढ़कर 35 लाख को पार कर गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में यहां कोरोना वायरस संक्रमण के 78,761 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 948 लोगों की जान गई है। देश में संक्रमण का कुल आंकड़ा बढ़कर अब 35,42,734 हो गया है, जिनमें से 7,65,302 एक्टिव केस हैं, जबकि 27,13,934 लोग अब तक इस घातक संक्रमण की चपेट में आन के बाद ठीक हुए हैं। महामारी से मरने वालों की तादाद बढ़कर 63,498 हो गई है।
24 घंटों में 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच
देश में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जांच में लगातार तेजी आ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान यहां कोविड-19 के 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गई, जिसके बाद जांच की संख्या बढ़कर 4.14 करोड़ हो गई है। आईसीएमआर के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को 10,55,027 नमूनों की जांच की गई है, जबकि 29 अगस्त तक 4,14,61,636 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
अस्पतालों में न हो बिस्तरों की कमी : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे के दौरान इसके निर्देश दिए कि यहां कोविड अस्पतालों में बिस्तरों की कमी नहीं होनी चाहिए। सीएम योगी शनिवर को वाराणसी दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सीएम ने वाराण्सी में प्रतिदिन 4,000 से 4,500 जांच करवाने के निर्देश भी दिए।
कोरोना संक्रमित प्रदर्शनकारी की मौत
राजस्थान के जोधपुर में 10 तहसीलों के किसान पिछले छह महीनों के बिजली बिल में छूट और बिजली बिल की माफी की मांग को लेकर माणकलो गांव में धरना दे रहे थे। शुक्रवार को यहां एक प्रदर्शनकारी की जान चली गई। बाद में जांच के दौरान पता चला कि वह कोरोना संक्रमित था। इसके बाद विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ किसान शनिवार को धरना स्थल से दूर हट गए। मेडिकल टीम भी जांच के लिए वहां पहुंची।

