Coronavirus News Update: महाराष्ट्र में कोरोना के मामले 10 लाख पार, 28724 की गई जान, 2,71,566 एक्टिव केस
विश्व स्वास्थ्य संगठन की मुख्य वैज्ञानिक का कहना है कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और दवा कंपनी ऐस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित कोविड-19 टीके का परीक्षण रूकने से एजेंसी बहुत चिंतित नहीं है। डॉक्टर सौम्या स्वामीनाथन ने ऑक्सफोर्ड के क्लीनिकल परीक्षण में आयी रूकावट को दुनिया के लिए यह समझने का अवसर बताया कि ‘अनुसंधान में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।’
Coronavirus News Update: महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 23,446 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 9,90,795 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य में बुधवार को 23,816 लोग ठीक भी हुए हैं। इसके अलावा 448 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 28,282 हो गई है। मुंबई में 38 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 8,023 तक पहुंच गई है। आज 14,253 रोगियों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 7,00,715 हो गई है। राज्य में रोगियों के ठीक होने की दर 70.72 प्रतिशत है। अब तक 49.74 लाख लोगों की जांच की जा चुकी है।
मुंबई में 2172 नए केस
मुंबई में कोविड-19 के 2,172 नए मामले सामने आए हैं। यहां संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,65,287 हो गई है। वहीं 44 और मरीजों की संक्रमण से मौत हो जाने से मृतक संख्या बढ़कर 8,064 हो गई। ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,29,244 हो गई। महानगर में 27,626 मरीज उपचाराधीन हैं। मुंबई में संक्रमण से ठीक होने की दर 78 प्रतिशत है।
तमिलनाडु में 77 और मौतें
तमिलनाडु में आज 5,514 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं 77 मौतें हुई हैं और 6,006 डिस्चार्ज हुए हैं। राज्य में कुल मामले बढ़कर 4,91,571 हो गए, जिनमें 8,231 मौतें और 4,35,422 डिस्चार्ज शामिल हैं। सक्रिय मामले 47,918 हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना के 10 लाख मामले
महाराष्ट्र में कोरोना के मामले 10 लाख पार हो गए हैं। 24 घंटों में 24,886 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या 10,15,681 है जिनमें 7,15,023 डिस्चार्ज, 2,71,566 सक्रिय मामले और 28,724 मौतें शामिल हैं।
कर्नाटक में 130 और मौतें
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 9,464 नए कोविड 19 मामले सामने आए हैं और 130 मौतें दर्ज की गई हैं। राज्य में अब कुल मामलों की संख्या 4,40,411 हो गई है, जिनमें 3,34,999 डिस्चार्ज और 98,326 सक्रिय मामले शामिल हैं। अब तक कोरोना से राज्य में 7067 लोगों की जान जा चुकी है।
दिल्ली में 4266 नए केस
दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4266 नए मामले सामने आए हैं और इस दौरान 21 मौतें हुई हैं। 2754 मरीज ठीक हुए हैं। दिल्ली में कुल मामले 2,09,748 हो गए हैं जिनमें 4,687 मौतें और 1,78,154 ठीक हुए रोगी शामिल हैं। सक्रिय मामले 26,907 हैं।
आंध्र में कोरोना के 10 हजार नए मामले
आंध्र प्रदेश में 9,999 नए कोविड 19 मामले दर्ज किए गए है। राज्य में कुल मामले बढ़कर 5,47,686 हो गए हैं, जिनमें 96,191 सक्रिय मामले हैं। कुल रिकवरी 4,46,716 हैं; मौत का आंकड़ा 4,779 पर है।
UP में डॉक्टर के प्रिसक्रिप्शन के बिना भी कोविड टेस्ट
यूपी अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि अब ऑन डिमांड भी कोविड टेस्ट कराया जा सकता है, डॉक्टर प्रिसक्रिप्शन के बिना भी अब कोविड टेस्ट कराया जा सकता है। प्रदेश में कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 20000 हो गई है। जिनमें लगभग 16,20,000 मकान चिन्हित हैं, 93,31,000 लोग इन कंटेनमेंट जोन में रह रहे हैं। कंटेनमेंट जोन में पॉजिटिव मामलों की संख्या 49,508 है।
यूपी में कोरोना के 67321 एक्टिव केस
यूपी के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में एक्टिव मामलों की कुल संख्या 67,321 है। जो लोग पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं उनकी संख्या 2,27,442 हो गई है। उत्तर प्रदेश में सरकारी क्षेत्र के RT-PCR लैब में कल 50,076 टेस्ट किए गए। कल प्रदेश में कुल 1,50,652 सैंपल्स की जांच की गई। अब तक कुल 72,17,980 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। प्रदेश की पॉजिटिविटी रेट 4.14 % है। प्रदेश में 34,920 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 1,44,147 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प लिया है, जिसमें से 109,227 की होम आइसोलेशन अवधि समाप्त हो चुकी है।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के 740 नये मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 1,199 हो गयी। वहीं राज्य में संक्रमण के 740 नए मामले सामने आए हैं।अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे तक बीते लगभग 12 घंटे में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से सात और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही कोविड-19 के 740 नये मामले सामने आने के बाद राज्य से संक्रमण के मामले बढ़कर 98,116 हो गए। राज्य में अभी 16,427 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है।
ओडिशा में कोविड-19 के 3,996 नए मामले
ओडिशा में एक दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक 3,996 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले बढ़कर 1,43,117 हो गए। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इससे पहले बृहस्पतिवार को एक दिन में सबसे अधिक 3,991 नए मामले सामने आए थे। उन्होंने बताया कि 14 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या भी बढ़कर 605 हो गई। अधिकारी ने बताया कि नए मामलों में से 2,359 मामले पृथक-केन्द्रों में सामने आए। वहीं अन्य 1,637 लोग पहले से संक्रमित लोगों के सम्पर्क में आने के बाद संक्रमित हुए।
यूपी में राज्य मंत्री जय कुमार सिंह संक्रमित
उप्र के कारागार एवं लोक सेवा प्रबंधन राज्य मंत्री जय कुमार सिंह जैकी कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं। संक्रमण की पुष्टि के बाद मंत्री ने खुद को घर में पृथक करने की जानकारी दी है। मंत्री ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि 'कोरोना के प्रारंभिक लक्षण दिखने पर नौ सितंबर को मैने अपनी जांच करायी, जिसकी रिपोर्ट धनात्मक आयी है। चिकित्सक के परामर्श के अनुसार मैंने स्वयं को घर में पृथक कर लिया है।' उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में कहा 'मेरा निवेदन है कि पिछले एक सप्ताह के अंदर जो भी लोग मेरे संपर्क में आये है, वे स्वंय को पृथक कर लें एवं अपनी आवश्यकतानुसार जांच करा लें।'
कोलकाता पुलिस कमिश्नर कोरोना से संक्रमित
कोलकाता पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि कोरोनावायरस के कुछ लक्षण पाए जाने के बाद अनुज शर्मा का सैंपल बुधवार को टेस्ट के लिए भेजा गया था। गुरुवार को उनका टेस्ट रिजल्ट पॉजिटिव आया। सूत्रों ने बताया कि अनुज शर्मा बिल्कुल ठीक हैं और वो फिलहाल घर से ही काम कर रहे हैं। उन्होंने मंगलवार को पुलिस डे कार्यक्रम में हिस्सा लिया था जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दूसरे वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। इस बीच, कोलकाता पुलिस में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 10 हो गई है। सब-इंस्पेक्टर गौतम महतो की एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।
महाराष्ट्र में अस्पतालों को 80 प्रतिशत ऑक्सीजन सिलेंडर दिए जाएंगे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि आने वाले दिनों में कोविड-19 के मामले बढ़ने की विश्व स्वास्थ्य संगठन की चेतावनी के मद्देनजर राज्य सरकार ने अस्पतालों को 80 प्रतिशत और उद्योगों को 20 प्रतिशत ऑक्सीजन सिलेंडर देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में शुरुआत में संक्रमण की जांच के लिए कुछ ही प्रयोगशालाएं थीं, लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 550 हो गई है। ठाकरे ने नवी मुम्बई में बृहस्पतिवार को एक प्रयोगशाला और छह कोविड देखभाल केन्द्रों के उद्घाटन के दौरान यह बात कही।
देश में पिछले 24 घंटे में 96,551 केस सामने आए, 1,209 लोगों की मौत
उप्र में कोरोना वायरस से 94 और लोगों की मौत, 7042 नए मरीज
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 संक्रमित 94 और लोगों की मौत हो गई तथा 7042 नए मरीजों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा 11 मौतें राजधानी लखनऊ में हुई हैं। इसके अलावा कानपुर नगर में आठ, गोरखपुर में छह, मेरठ और पीलीभीत में पांच-पांच, प्रयागराज, वाराणसी, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में चार-चार, मुरादाबाद, रामपुर तथा बहराइच में तीन-तीन, अलीगढ़़, देवरिया, अयोध्या, शाहजहांपुर, आजमगढ़़, लखीमपुर-खीरी, बस्ती, रायबरेली और औरैया में दो-दो जबकि बाराबंकी, बलिया, महाराजगंज, गाजीपुर, गोंडा, सीतापुर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, मैनपुरी, बदायूं, कन्नौज, संभल, फर्रुखाबाद, अंबेडकर नगर, चित्रकूट और महोबा में कोविड-19 संक्रमित एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकार्ड 1640 नये मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार रात तक बढ़कर 1192 हो गयी वहीं राज्य में रिकार्ड 1640 नये मामले आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात साढे आठ बजे तक, पिछले 24 घंटे में राज्य में संक्रमण से 14 और मौत हुई हैं। जिससे मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 1192 हो गयी। जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक 294, जोधपुर में 116, बीकानेर में 87,कोटा में 86, अजमेर में 81 और भरतपुर में 73 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही संक्रमण के रिकार्ड 1640 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 97376 हो गयी जिनमें से 15702 रोगी उपचाराधीन हैं। नये मामलों में जयपुर में 329, जोधपुर में 320, कोटा में 177, सीकर में 55,अलवर में 56, और अजमेर में 50 नये संक्रमित शामिल हैं।
आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस के 10,175 नए मामले सामने आए
आंध्र प्रदेश में बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे तक, बीते 24 घंटे के दौरान संक्रमण के 10,175 नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमित लोगों की संख्या 5.37 लाख तक पहुंच गई। नवीनतम बुलेटिन के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 10,040 मरीजों को संक्रमणमुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि 68 मरीजों की इस घातक वायरस के कारण मौत हो गई। राज्य में संक्रमण से उबरने की दर सुधरकर 81.02 प्रतिशत हो गई है जबकि मृत्यु दर घटकर 0.87 प्रतिशत हो गई। राज्य में संक्रमित होने की दर बृहस्पतिवार को 12.27 प्रतिशत है।

