LIVE

Corona: दिल्ली के GTB अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी, 500 से ज्यादा मरीज ऑक्सीजन पर, मंत्री ने मांगी मदद

Coronavirus Updates: देश में बेकाबू हुए कोरोना वायरस की रफ्तार पर नियंत्रण पाने के लिए सरकार ने सोमवार को बड़ा फैसला किया। अब एक मई से 18 साल से ऊपर सभी व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। इस बीच उत्तर प्रदेश में भी वीकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। कई जगह लॉकडाउन की वजह से दिल्ली, महाराष्ट्र और गुजरात के प्रवासी मजदूरों का अपने घर वापस लौटना जारी है।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Apr 20, 2021, 23:51 IST
Follow on Google News
Corona: दिल्ली के GTB अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी, 500 से ज्यादा मरीज ऑक्सीजन पर, मंत्री ने मांगी मदद
Photo Credit: ANI

Coroanavirus in India: देश में कोरोना वायरस की वजह से हालात काफी खराब हैं। भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,59,170 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,53,21,089 हो गई हैं, जिनमें से 20 लाख से अधिक लोग उपचाराधीन हैं। 24 घंटे में 1761 मौतें भी हुई हैं। कई जगह अस्पतालों में जगह नहीं मिल रही है तो कई जगह दवाई और ऑक्सीजन की भी कमी बनी हुई है। कोविड-19 टीकाकरण को 18 साल की उम्र से ऊपर के सभी नागरिकों के लिए खोलने के फैसले के बाद आपूर्ति तेज करने के लिए सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) और भारत बायोटेक को भविष्य में वैक्सीन की आपूर्ति के लिए 4,500 करोड़ रुपये देने को मंजूरी दी है। कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट्स के लिए यहां बनें रहें:

APR 20, 2021 23:51 IST

बिहार में 10 हजार से ज्यादा नए केस

बिहार में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 10,455 नए मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य में सक्रिय मामले 56,354 हुए।

APR 20, 2021 23:45 IST

छत्तीसगढ़ में 15000 से ज्यादा नए केस

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के 15,625 नए मामले सामने आए हैं। 15,830 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है और पिछले 24 घंटों में 181 मौतें हुई हैं। राज्य में 1,25,688 सक्रिय मामले हैं। 1,14,644 मरीज ठीक हो गए हैं। छत्तीसगढ़ में कोरोना से 6274 की जान जा चुकी है।

APR 20, 2021 23:04 IST

GTB अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी हुई

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट किया, 'जीटीबी अस्पताल में ऑक्सीजन की तीव्र कमी। ऑक्सीजन 4 घंटे से अधिक नहीं चल सकती है। ऑक्सीजन पर 500 से अधिक कोरोना रोगी हैं। संकट को दूर करने के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति को बहाल करने के लिए पीयूष गोयल मदद करें।' 

APR 20, 2021 22:17 IST

दिल्ली में 28 हजार से ज्यादा नए केस, 277 मौतें

दिल्ली में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 28,395 नए मामले सामने आए हैं।  19,430 डिस्चार्ज हुए हैं और 24 घंटे में 277 मौतें हुई हैं। कुल मामले बढ़कर 9,05,541 हुए। 8,07,328 रोगी ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में सक्रिय मामलों की संख्या 85,575 है। कोरोना से अब तक 12,638 लोगों की जान जा चुकी है।

APR 20, 2021 20:41 IST

'अभी हमारे पास अगले 6-7 घंटों के लिए ऑक्सीजन उपलब्ध'

सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डॉ डी. एस राणा ने कहा, 'अभी हम घंटों में काम कर रहे हैं कि कितने घंटों तक ऑक्सीजन चल सकती है। अभी समस्या है जिसका समाधान हमें निकालना होगा। अभी हमारे पास अगले 6-7 घंटों के लिए ऑक्सीजन उपलब्ध है। अगर ऑक्सीजन नहीं मिली तो लोगों की जान जा सकती हैं। परन्तु हमें वादा किया गया है कि हमें ऑक्सीजन दी जाएगी। 4 घंटों में बाद दबाव कम होना शुरू हो जाएगा, हमें वेंटिलेटर चलाना मुश्किल हो जाएगा। हमें कम से कम 5000 लीटर ऑक्सीजन चाहिए।'

APR 20, 2021 20:40 IST

महाराष्ट्र में 62 हजार से ज्यादा नए केस, 519 मौतें

महाराष्ट्र में आज कोरोना के 62,097 नए मामले सामने आए हैं। 54,224 मरीज ठीक हुए हैं और 24 घंटे में 519 मौतें हुई हैं। राज्य में कुल मामले 39,60,359 हो गए हैं। यहां मौत का आंकड़ा 61,343 पर पहुंच गया है।

APR 20, 2021 19:58 IST

दिल्ली के अधिकतम अस्पतालों में 8-12 घंटे की ऑक्सीजन: सिसोदिया

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, 'दिल्ली में अधिकतर अस्पतालों में केवल अगले 8 से 12 घंटे के लिए ही ऑक्सीजन उपलब्ध है। हम एक हफ़्ते से दिल्ली को ऑक्सिजन सप्लाई कोटा बढ़ाने की माँग कर रहे हैं जोकि केंद्र सरकार को करना है . अगर कल सुबह तक पर्याप्त मात्रा में अस्पतालों में ऑक्सीजन नहीं पहुँची तो हाहाकार मच जाएगा।' 

APR 20, 2021 18:37 IST

UP में 30 हजार के करीब नए केस, 163 मौतें

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के 29,754 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 163 मौतें हुई हैं। लखनऊ में 5014, प्रयागराज में 2175, कानपुर में 1740, वाराणसी में 1637, गोरखपुर में 747, गाजियाबाद में 633 और नोएडा में 640 कोरोना केस सामने आए हैं।

APR 20, 2021 18:32 IST

कंप्लीट लॉकडाउन की ओर बढ़ा महाराष्ट्र: मंत्री

महाराष्ट्र के मंत्री असलम शेख ने कहा, 'मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति की कमी को देखते हुए महाराष्ट्र पूर्ण लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है; इसके बारे में दिशानिर्देश जल्द ही घोषित किए जाएंगे।' वहीं महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि हमने सीएम से अनुरोध किया है कि वे कल शाम 8 बजे से राज्य में पूर्ण तालाबंदी की घोषणा करें। यह सभी मंत्रियों का सीएम से अनुरोध था, अब उनको निर्णय लेना है। कल शाम 8 बजे के बाद सीएम राज्य में तालाबंदी के फैसले की घोषणा करेंगे।

APR 20, 2021 17:41 IST

आज 4.03% मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर: हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, 'आज सुबह तक 12,71,00,000 से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं। मृत्यु दर 1.18% है जो लगातार कम हो रही है। परसों देश में 1.93% लोग ICU बेड पर थे तो आज 1.75% हैं। परसों वेंटिलेटर पर 0.40% लोग थे आज भी इतने ही हैं। परसों देश में ऑक्सीजन सपोर्ट पर 4.29% लोग थे जो आज 4.03% है। पिछले साल भी 80% से ज्यादा लोग होम आइसोलेशन में रहते थे।'

APR 20, 2021 16:50 IST

83% नई मौतें 10 राज्यों से

देश में पिछले 24 घंटों में 1761 लोगों की मृत्‍यु हुई है। मृत्यु के 82.74 प्रतिशत मामले 10 राज्यों में दर्ज किए गए। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा (351) लोगों की मौत हुई। इसके बाद दिल्ली में 240 लोगों की मृत्यु हो गई। छत्तीसगढ़ में 175, उत्तर प्रदेश में 167, कर्नाटक में 146, गुजरात में 117, पंजाब में 83, मध्य प्रदेश मे 79, राजस्थान में 53 और झारखंड में 46 मौतें हुई हैं।

APR 20, 2021 16:47 IST

देश में एक्टिव केस 20 लाख पार

भारत में कुल सक्रिय मामले 20,31,977 के स्तर पर पहुंच गए हैं। यह देश के कुल पॉजिटिव मामलों का 13.26 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों के दौरान कुल सक्रिय मामलों में 1,02,648 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पांच राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और केरल की भारत के कुल सक्रिय मामलों में 62.07 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

APR 20, 2021 16:44 IST

कोरोना के 78% नए केस 10 राज्यों से

भारत के दैनिक नए मामलों में बढ़ोतरी का रुझान दिख रहा है। पिछले 24 घंटों में 2,59,170 नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान सहित 10 राज्यों में 77.67 प्रतिशत नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 58,924 दैनिक नए मामले दर्ज किए गए। वहीं, इसके बाद उत्तर प्रदेश में 28,211 और दिल्ली में 23,686 नए मामले सामने आए।

APR 20, 2021 16:43 IST

12.71 करोड़ के पार टीके लगाए गए

दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के तहत दिए जा रहे कोविड-19 टीकों की कुल संख्या 12,71,29,113 हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान टीके की 32 लाख से ज्यादा डोज दी गईं। टीकाकरण अभियान के 94वें दिन (19 अप्रैल, 2021) टीके की 32,76,555 डोज दी गईं। 

APR 20, 2021 16:31 IST

झारखंड में 22 से  29 अप्रैल तक लॉकडाउन

झारखंड सरकार ने 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक कुछ छूट के साथ लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है। आवश्यक सेवाओं की अनुमति रहेगी। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे लेकिन लोगों के इकट्ठे होने की अनुमति नहीं होगी। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, 'झारखंड में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड सरकार ने कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का अनुपालन करने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से हम कोविड की चेन को तोड़ने में सफल होंगे। आवश्यक सामग्री की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहेंगी। भारत सरकार, राज्य सरकार और निजी क्षेत्र के चिन्हित कार्यालयों को छोड़कर सभी कार्यालय बंद रहेंगे। कृषि, उद्योग, निर्माण और खनन कार्य की गतिविधियां जारी रहेंगी।'

APR 20, 2021 15:45 IST

महाराष्ट्र: पनवेल के एक वृद्धाश्रम में 56 कोरोना पॉजिटिव

महाराष्ट्र के पनवेल में एक वृद्धाश्रम में 56 लोगों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पनवेल महानगर निगम के कमिश्नर ने बताया, 'परम शांति धाम नाम के वृद्धाश्रम में हमारी टीम ने टेस्टिंग किया तो 58 लोग पॉजिटिव आ गए। 2 लोगों की मौत भी हुई है। 16 लोगों को भर्ती कराया गया है।'

APR 20, 2021 14:42 IST

केजरीवाल की पत्नी हुईं कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता की कोविड-19 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद केजरीवाल होम आइसोलेशन में चले गए हैं।   

APR 20, 2021 13:46 IST

ऑक्सीजन टैंकर पहुंचाने के लिए दिल्ली पुलिस ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर

उत्तर प्रदेश और हरियाणा सीमा से बाहरी दिल्ली के पश्चिम विहार में स्थित कोविड अस्पताल में 19,500 लीटर तरल ऑक्सीजन ले जा रहे दो टैंकरों के लिए दिल्ली पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाया। अधिकारियों ने बताया कि इन टैंकरों को श्री एक्शन बालाजी अस्पताल में आवश्यक रूप से पहुंचना था क्योंकि अस्पताल में उपलब्ध ऑक्सीजन की बहुत कमी हो गई थी लेकिन ये टैंकर यातायात जाम में फंस गए। उन्होंने बताया कि इस बाबत पुलिस को सोमवार रात करीब साढे ग्यारह बजे सूचना मिली और टैंकरों को सुगम तरीके से गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था करने के लिए मौके पर तत्काल ही दल भेजे गए।

APR 20, 2021 13:46 IST

टीकाकरण पर सरकार की रणनीति भेदभाव वाली: राहुल

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की टीकाकरण की रणनीति भेदभाव वाली है और उसने कमजोर वर्गों के लिए टीके की कोई गारंटी नहीं दी है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘18 से 45 साल के आयुवर्ग के लोगों के लिए कोई मुफ्त नहीं टीका नहीं होगा। कीमतों पर नियंत्र किए बिना बिचौलियों को ला दिया गया। कमजोर वर्गों के लिए टीके की कोई गारंटी नहीं है।’

APR 20, 2021 13:01 IST

योगी सरकार को रोहत, 5 शहरों में लॉकडाउन लगाने के HC के आदेश पर रोक

सुप्रीम कोर्ट से उत्तर प्रदेश सरकार को राहत मिली है। पांच शहरों में लॉकडाउन लगाने के इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को रोक लगा दी। वाराणसी, कानपुर नगर, गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने इन शहरों में 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है। इस फैसले के खिलाफ यूपी सरकार ने शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया था।  

APR 20, 2021 11:40 IST

HC के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गई यूपी सरकार, 5 शहरों में लॉकडाउन के फैसले को चुनौती  

वाराणसी, कानपुर नगर, गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज में 26 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने के इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को उत्तर प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इस मामले में शीर्ष अदालत में आज ही सुनवाई होगी। हाई कोर्ट ने इन पांच शहरों में लॉकडाउन लगाने का आदेश दिया है लेकिन योगी सरकार इसके लिए तैयार नहीं है। योगी सरकार का कहना है कि अभी इन जिलों में लॉकडाउन लगाने की स्थिति नहीं आई है। हालांकि, इन जिलों में कोरोना के नए मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है। 

APR 20, 2021 09:40 IST

बीते 24 घंटे में देश में  2,59,170 नए केस मिले, 1,761 लोगों की मौत

देश भर में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 2,59,170 नए केस मिले जबकि इस दौरान 1,761 लोगों की मौत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान उपचार के बाद 1,54,761 लोग ठीक हुए। इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,53,21,089 हो गई। इस महामारी से अब तक 1,80,530 लोगों की जान गई है। एक्टिव केस की संख्या 20,31,977 है। देश में अब तक 12,71,29,113 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।

APR 20, 2021 08:48 IST

आनंद बिहार स्टेशन पर भारी भीड़

दिल्ली में छह दिनों का लॉकडाउन लागू होने के बाद प्रवासी मजदूर अपने गृह राज्य वापस जाने लगे हैं। दिल्ली के आनंद बिहार स्टेशन पर मजदूरों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मजदूरों का कहना है कि उनके पास घर जाने के अलावा दूसरा कोई विकल्प मौजूद नहीं है। दिल्ली में 26 मई की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन जारी रहेगा। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मजदूरों को वापस न जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रवासियों का ख्याल रखेगी।
APR 20, 2021 08:45 IST

बंगाल में 8,426 नए केस

पश्चिम बंगाल में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 8,426 नए केस आए  हैं जबकि 38 लोगों की मौत हुई। इस दौरान उपचार के बाद 4,608 लोग ठीक हुए। राज्य में एक्टिव केस की संख्या 53,418 है। बंगाल में इस महामारी से अब तक 10,606 लोगों की मौत हो चुकी है। बंगाल में भाजपा अगले चरण के चुनावों के लिए छोटी सभाएं करेगी। राज्य में अभी तीन चरणों का चुनाव होना है। 

APR 20, 2021 08:45 IST

एमपी में 12,897 नए मामले, 79 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश में सोमवार को कोरोना संक्रमण से 79 और लोगों की मौत हो गई तथा 12,897 नए मरीजों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। नए रोगियों एवं इससे मरने वालों का यह एक दिन का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘सोमवार को प्रदेश में 79 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ इस वायरस से राज्य में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 4636 हो गई है।’

APR 20, 2021 08:45 IST

बिना मास्क घर से बाहर ना निकलें: गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार पिछले दिनों से लगातार कड़े कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की जीवन रक्षा के लिए हम सख्त कदम उठाने को मजबूर हुए हैं। हमारा उद्देश्य संक्रमण के चक्र को तोड़ना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जन अनुशासन पखवाड़े के प्रतिबंधात्मक प्रावधानों की निचले स्तर तक कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए।