LIVE

Ayodhya Deepotsav 2021: अयोध्या में भव्‍य दीपोत्‍सव, शानदार लेजर शो, फिर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, सर्टिफिकेट जारी

Ayodhya Deepotsav 2021, Ayodhya Diwali 2021 Celebration Photos, Images, Pics: अयोध्या में आज त्रेतायुग जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। दिवाली की पूर्व संध्या पर अयोध्या में 12 लाख मिट्टी के दीये जलाए गए हैं, जो एक रिकॉर्ड है। अयोध्या में पांचवें साल दीपोत्सव का आयोजन कई मायने में खास है। पहली बार सरयू तट पर नौ लाख दीये प्रज्ज्वलित किए गए हैं। तीन लाख दीये राम नगरी के मंदिरों एवं मठों में जलाए गए हैं। सरयू तट पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की एक टीम भी मौजूद रही।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Nov 4, 2021, 00:23 IST
Follow on Google News
Ayodhya Deepotsav 2021: अयोध्या में भव्‍य दीपोत्‍सव, शानदार लेजर शो, फिर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, सर्टिफिकेट जारी
Photo Credit: ANI

Ayodhya Deepotsav 2021, Ayodhya Happy Diwali 2021 Wishes Photos, Images, Pics: दिवाली के मौके पर पूरी अयोध्या को रंग-बिरंगे लाइट से सजाया गया है। बुधवार को राम कथा का महात्म्य बताने वाली शोभा यात्रा एवं झाकियां निकाली गईं। राम नगरी के अलग-अलग धार्मिक जगहों एवं मंदिरों पर राम लीला एवं राम कथा से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बुधवार दोपहर बाद पुष्पक विमान वाले हेलिकॉप्टर से प्रतीकात्मक रूप वाले श्रीराम एवं सीता का आगमन हुआ। सरयू तट पर इनकी आरती उतारी गई। इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी हैं। राम की पैड़ी पर आयोजित होने वाला लेजर शो आकर्षण का केंद्र रहा। अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा के भीतर लगभग सभी पौराणिक स्थानों, कुण्डों एवं मंदिरों पर मिट्टी के दीपक जलाए गए हैं।

NOV 04, 2021 00:22 IST

'दीपोत्सव पिछली बार से डेढ़ गुना ज्‍यादा'

उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने संयुक्त रूप से अयोध्या में दीपोत्सव 2021 के दौरान दीयों का सबसे बड़ा प्रदर्शन करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस बारे में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के कंसल्टेंट ऑफिसर निश्चल बडौत ने कहा, 'इस बार का दीपोत्सव पिछली बार से डेढ़ गुना ज़्यादा रहा, पिछली बार 6,06,000 दीयों का वर्ल्ड रिकॉर्ड था। इस बार 9 लाख से ज़्यादा​ दीयों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बन रहा है।'

NOV 03, 2021 20:02 IST

फिर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, सर्टिफिकेट जारी

फिर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, सर्टिफिकेट जारी
अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव का आयोजन गिनीज वर्ल्‍ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया
अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव का आयोजन किया गया, जिस दौरान 12 लाख मिट्टी के दीपों के साथ राम नगरी में अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां भव्‍य लेजर शो का भी आयोजन किया गया, जिसकी छटा देखते ही बनती थी। राम आगमन के उपलक्ष्‍य में शानदार आतिशबाजी के भी इंतजाम किए गए। अयोध्‍या में आयोजित पंचम दीपोत्‍सव के दौरान एक नया कीर्तिमान बना। यह उपलब्धि गिनीज वर्ल्‍ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हो गई, जिसका सर्टिफिकेट भी जारी किया गया है, जिसमें इसे शानदार बताया गया है।
NOV 03, 2021 19:30 IST

दीयों की रोशनी से जगमगाया सरयू तट

अयोध्‍या में दीपोत्‍सव के बाद अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा, 'आज हमने 9 लाख दीप राम की पैड़ी और 3 लाख दीप अयोध्या के मठ और मंदिरों में जगमगाए हैं। इससे भी बड़ी संख्या में दीप जगह-जगह जले हैं।' सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या अब एक नई सांस्कृतिक नगरी के रूप में दुनियाभर में छाएगी। 2023 तक यहां भव्‍य राम मंदिर का निर्माण होगा।

NOV 03, 2021 18:45 IST

दीपोत्‍सव को सीएम योगी का संबोधन

अयोध्‍या दीपोत्‍सव को संबोधित करते हुए योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि सरकार रामनगरी को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने इस दौरान लोगों को सामाजिक समरसता व एकजुटता का संदेश दिया और राष्‍ट्रीय एकता व अखंडता के लिए पीएम मोदी के नेतृत्‍व में आगे बढ़ने की अपील लोगों से की।

NOV 03, 2021 18:06 IST

अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव

अयोध्‍या में भव्‍य दीपोत्‍सव का आयोजन शुरू हो गया है। यहां सरयू तट पर लाखों दीप प्रज्‍जवलित किए गए हैं, जिसकी छटा देखते ही बनती है। मिट्टी के दीयों की गणना काम शुरू कर दिया गया है, ताकि यह पता चल सके कि कितने दीये जलाए गए हैं। यहां भव्‍य लेजर शो का भी आयोजन किया गया है।

NOV 03, 2021 17:44 IST

दीपोत्‍सव का बनेगा नया रिकॉर्ड

अयोध्‍या में दीपोत्‍सव पर एक बार फिर दीप प्रज्‍जवलन का रिकॉर्ड बनने जा रहा है। यहां इस बार 12 लाख दीप जलाए जाएंगे, जिसके लिए तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कुछ ही देर में दीपोत्‍सव शुरू होने जा रहा है। दीपोत्‍सव का आयोजन 6 बजे से 6:30 बजे के बीच होने जा रहा है।

NOV 03, 2021 16:49 IST

'जो रामभक्‍तों पर गोलियां चलाते थे...'

सीएम योगी ने कहा- 'लोकतंत्र की ताकत की वजह से जो लोग कल तक रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे, आज लाइन में खड़े हैं। कुछ और साल ऐसा ही रहा तो वो लोग और उनका परिवार कारसेवा करेगा।'

NOV 03, 2021 16:40 IST

सीएम योगी का संबोधन

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अयोध्‍या में बुधवार को दीपोत्‍सव से पहले कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि पीएम मोदी की कोशिशों से आज यह आयोजन वैश्विक हो गया है।
 

NOV 03, 2021 16:26 IST

50 परियोजनाओं का लोकार्पण

उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अयोध्‍या में  661 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। रामनगरी में आज 'त्रेतायुग' वाली दिवाली मनाई जा रही है।

NOV 03, 2021 15:59 IST

पुष्पक विमान से पहुंचे भगवान राम, मां सीता और लक्ष्मण; मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने किया तिलक

अयोध्या में दिवाली महोत्सव शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ समारोह स्थल पर पहुंच चुके हैं। और वह पुष्पक विमान से पहुंचे भगवान राम, मां सीता और लक्ष्मण का राज तिलक कर रहे हैं।

NOV 03, 2021 15:49 IST

दीपोत्सव कार्यक्रम का शेड्यूल जारी

दीपोत्सव का कार्यक्रम 
2:30 बजे- भगवान श्रीराम सीता का हेलीकॉप्टर से आगमन। 
3.00 बजे- रामायण चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन। 
3:30 बजे - श्रीराम का राज्याभिषेक। 
3:45 बजे- 12 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास। 
4:00 बजे -सीएम योगी आदित्यनाथ का भाषण। 
5:20 बजे- सरयू आरती। 
6:00 बजे -राम की पैड़ी पर दीपोत्सव की शुरूआत। 
7:40 बजे -राम की पैड़ी पर आतिशबाजी और लेजर शो। 
8:30 बजे - श्रीलंका के सांस्कृतिक दल द्वारा रामलीला मंचन।

NOV 03, 2021 15:47 IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली समारोह की शुरूआत की

अयोध्या में दिवाली समारोह को हरी झंडी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'दीपोत्सव' में भगवान राम, भगवान लक्ष्मण और देवी सीता का किरदार निभाने वाले कलाकारों को माल्यार्पण किया।
NOV 03, 2021 14:45 IST

राम की पैड़ी पर लाखों दीये तेल व बाती के साथ तैयार

राम की पैड़ी पर लाखों दीये तेल व बाती के साथ तैयार हैं। दीपोत्सव पर लाखों दीप प्रज्वलित होंगे और भगवान श्रीराम की नगरी को जगमग करेंगे! इससे पहले उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने साकेत महाविद्यालय, अयोध्या से भव्य शोभा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन एवं रामायण कार्निवाल पर आधारित झांकियों से सुसज्जित यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए रामकथा पार्क पहुंचेगी।

NOV 03, 2021 14:18 IST

डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर बोला हमला

डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ मौसमी रामभक्त दिखाई देने लगे हैं। वे दाएं एवं बाएं हाथ से घंटा बजाने का अभ्यास कर रहे हैं। वे राजनीतिक दल अब राम जी के प्रति आस्था दिखाकर अपनी वैतरणी पार करने की कोशिश में हैं। राम सभी के हैं लेकिन राम के कार्य में व्यवधान पैदा करने वालों को आज देखना चाहिए कि पूरी अयोध्या और पूरा देश आज राम मय है।
NOV 03, 2021 13:45 IST

सरयू घाट पर जोरों पर दीपोत्सव की तैयारी

अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर साधु-संतों एवं लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। सरयू घाट पर कलाकारों ने भगवान राम, रावण दहन की रंगोली बनाया है। मुख्य घाट पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। घाट पर मिट्टी के दीयों में तेल भरने का काम किया जा रहा है। घाट के दोनों तरफ नौ घाट दीये जलाए जाएंगे। सरयू घाट पर दीयों के जरिए संदेश भी दिया जाएगा। स्वयंसेवकों भारी उत्साह है। सरयू घाट पर आम लोगों को आने की इजाजत नहीं दी गई है।
NOV 03, 2021 13:23 IST

मां अन्नपूर्णा की चोरी हुई मूर्ति मिली-सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि 100 साल पहले काशी से चोरी मां अन्नपूर्णा की मूर्ति वापस मिल गई है। यह चोरी होकर कनाडा पहुंच गई थी। पीएम मोदी की अनुकम्पा से यह मूर्ति यूपी को प्राप्त हो रही है। यूपी सरकार 11 नवम्बर को यह मूर्ति दिल्ली में प्राप्त करेंगे।  14 नवंबर को यह मूर्ति काशी धाम में स्थापित होगी।

NOV 03, 2021 13:05 IST

वैदिक मंत्रोच्चार से होगा अतिथियों का स्वागत

राम कथा पार्क में विशिष्ट अतिथियों का स्वागत वैदिक मंत्रोच्चार से किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जबकि अयोध्या की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत पर एक पुस्तक का भी विमोचन भी किया जाएगा।

NOV 03, 2021 12:48 IST

कल केदारनाथ जाएंगे पीएम

पीएम मोदी दिवाली के अगले दिन केदारनाथ जाएंगे। पीएम की इस दौरे की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। यहां पीएम केदरानाथ मंदिर में पूजन अर्चन करेंगे और यहां चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।  
 

NOV 03, 2021 12:35 IST

राम कथा पार्क के लिए निकली 'शोभा यात्रा'

डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने अयोध्या में 'शोभा यात्रा' को रवाना किया है। यह शोभा यात्रा नगर से होते हुए राम कथा पार्क तक जाएगी। इस शोभा यात्रा में राम कथा प्रसंग से जुड़ी झांकियां एवं देश भर से आए कलाकार हिस्सा ले रहे हैं।
NOV 03, 2021 12:21 IST

डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर बोला हमला

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या दीपोत्सव में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। इस मौके पर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग राम के काम में व्यवधान पैदा करने की कोशिश कर रहे थे उनको देखना चाहिए कि आज पूरा प्रदेश और देश राममय है। 
NOV 03, 2021 12:13 IST

सरयू तट पर दीया जलाएंगे 12,000 स्वयंसेवक

अयोध्या प्रशासन और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने दीया जलाने के कार्य के लिए 12,000 स्वयंसेवकों को जुटाया है। राज्य सरकार पहली बार दीपोत्सव पर एरियल ड्रोन शो का आयोजन कर रही है। लगभग 500 ड्रोन अयोध्या के क्षितिज पर रामायण की विभिन्न विशेषताओं को चित्रित करेंगे। इसके अलावा सरयू नदी के किनारे भव्य राम की पैड़ी पर थ्री-डी होलोग्राफिक शो, थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो भी होगा। 
 

NOV 03, 2021 12:02 IST

इस बार दीपोत्सव की तैयारी भव्य एवं दिव्य

अयोध्या में शोभायात्रा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। कलाकार अपनी प्रस्तुतियों को लेकर काफी रोमांचित हैं। समारोह में शरीक होने के लिए वृंदावन और मथुरा सहित देश भर से कलाकार पहुंचे हैं। दीपोत्सव को लेकर अयोध्या में भव्य तैयारी की गई है। यहां कलाकार कई नृत्य कलाओं को प्रस्तुत करने वाले हैं। यहां विदेशों से आए कलाकार भी रामलीला का मंचन करने वाले हैं।
NOV 03, 2021 11:55 IST

'राम की पैड़ी' घाट को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया

भव्य समारोह के लिए राजसी 'राम की पैड़ी' घाट को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। घाट दीपोत्सव समारोह का मुख्य स्थल है जो बुधवार को दिवाली की पूर्व संध्या पर 9 लाख मिट्टी के दीयों से रोशन होगा। दीपोत्सव लगातार पांचवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है और सभी उत्सव के साथ इसका दायरा बढ़ता जा रहा है। समारोह की शुरूआत राम कथा पार्क में शिल्प बाजार के उद्घाटन के साथ हुई। उद्घाटन के दिन नागपुर की प्रसिद्ध वटकर बहनों भाग्यश्री और धनश्री ने रामायण के विभिन्न भागों का संगीतमय गायन प्रस्तुत किया। नेपाल के जनकपुर के कलाकारों के एक समूह ने रामायण पर प्रस्तुति दी।

NOV 03, 2021 11:31 IST

 200 कलाकार शोभा यात्रा में भाग लेंगे

पूरे देश और सार्क देशों के लगभग 200 कलाकार शोभा यात्रा में भाग लेंगे, जिसके दौरान वे रामायण के दृश्यों का चित्रण करेंगे। राम कथा पार्क में विशिष्ट अतिथियों का स्वागत वैदिक मंत्रोच्चार से किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जबकि अयोध्या की परंपरा और सांस्कृतिक विरासत पर एक पुस्तक का भी विमोचन भी किया जाएगा।

NOV 03, 2021 11:12 IST

अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

अयोध्या में भव्य 'दीपोत्सव' कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस बीच, पवित्र शहर में सात स्तरीय प्रणाली के साथ व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।अयोध्या के एसएसपी शैलेश पांडे ने कहा, "शहर के बाहर से भीतरी घेरे में एक सात-परत सुरक्षा तंत्र तैनात किए गए है। अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस, विशेष अभियान समूह और विशेष सुरक्षा बल को तैनात किया गया है। हमने सुरक्षा की जांच करने और खुफिया जानकारी भेजने के लिए सिविल ड्रेस में कई पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया है। सरयू नदी घाटों पर जीवन रक्षक उपकरणों के साथ चालीस नावें तैनात की गई हैं।"

NOV 03, 2021 11:07 IST

राम की पैड़ी पर बनाई रंगोली

दीपावली के मौके पर पूरी अयोध्या राम मय हो गई है। पूरे शहर में राम कथा प्रसंग से जुड़े चित्र बनाए गए हैं। दीपोत्सव से पहले राम की पैड़ी पर अवध विश्वविद्यालय के छात्रों ने भगवान राम, सीता एवं लक्ष्मण एवं देश के नक्शे की रंगोली बनाई है।
NOV 03, 2021 11:06 IST

अयोध्या में निकलेंगी शोभायात्रा एवं झाकियां

अयोध्या में आज साकेत महाविद्यालय से राम कथा प्रसंग से जुड़ी हुई झाकियां एवं शोभायात्रा निकाली जाएंगी। ये झांकियां महाकाव्य रामायण के आधार पर बनाई गई हैं। शोभायात्रा में कलाकार की अपनी कला एवं नर्तक अपनी नृत्य का प्रदर्शन करेंगे।
NOV 03, 2021 11:06 IST

सीएम योगी ने दी दिवाली की बधाई 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारे पास साढ़े 16 लाख सरकारी कर्मचारी हैं और 4 लाख पुलिस बल हैं। उन सभी से अपील हैं कि एक परिवार को इस अवसर पर गोद लेकर अपनी दीपावली उनके साथ मनाएं।  प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई। मेरी सभी जनप्रतिनिधियों से अपील हैं कि वे सब एक-एक घर को अपनाएं और उन घरों में दीप जलाने और मिठाई प्रदान करने में अपना योगदान दें, उन परिवारों के बच्चों को भी दीपावली का उपहार दें।