Bengal Election: बीजेपी ने स्टेट संकल्प पत्र समिति का किया गठन; तपस रॉय बने चेयरमैन; इन नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
- Edited by: Piyush Kumar
- Updated Jan 24, 2026, 08:35 PM IST
भाजपा पश्चिम बंगाल ने विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को तेज करते हुए राज्य संकल्प पत्र समिति का गठन किया है। यह समिति जनता से जुड़े मुद्दों और विकास प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र तैयार करेगी। इस कदम को राज्य में भाजपा की चुनावी रणनीति को मजबूत करने और मतदाताओं से सीधे जुड़ने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
बीजेपी ने बंगाल चुनाव को लेकर स्टेट संकल्प पत्र समिति का किया गठन।(फोटो सोर्स: BJP
27 और 28 जनवरी को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे नितिन नवीन
30 और 31 जनवरी को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे अमित शाह
Bengal Election: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल ने विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को तेज करते हुए शनिवार को स्टेट संकल्प पत्र समिति (State Sankalp Patra Committee) के गठन की घोषणा कर दी है। पार्टी की ओर से यह घोषणा तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। पार्टी ने तपस रॉय को समिति का चेयरमैन बनाया है। वहीं, कई अन्य नेताओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. अशोक लहरी को कन्वीनर (संयोजक) और अग्निमित्रा पॉल को को-कन्वीनर बनाया गया है।
यह समिति पश्चिम बंगाल के लोगों से जुड़े प्रमुख मुद्दों, विकास योजनाओं और जन अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र तैयार करेगी। संकल्प पत्र के माध्यम से पार्टी, राज्य के सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे से जुड़े विषयों को प्राथमिकता पर जोर देगी।

बीजेपी ने बंगाल में स्टेट संकल्प पत्र समिति का किया गठन।(फोटो सोर्स: BJP)
जनता की राय पर पार्टी की रहेगी नजर
पार्टी सूत्रों के अनुसार, समिति विभिन्न वर्गों, किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी और श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को संकल्प पत्र में शामिल करेगी। भाजपा का उद्देश्य एक ऐसा घोषणापत्र पेश करना है, जो राज्य के समग्र विकास और सुशासन की दिशा में स्पष्ट रोडमैप प्रदान करे। राज्य संकल्प पत्र समिति का गठन भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। इससे यह संकेत मिलता है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर मजबूत तैयारी कर रही है और जनता के मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनावी मैदान में उतरना चाहती है।
नितिन नवीन 27 को जाएंगे बंगाल
बता दें कि बीजेपी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 और 28 जनवरी को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद किसी राज्य का यह उनका पहला आधिकारिक दौरा होगा। इस दौरान वह राज्य में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे। पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव होना है, ऐसे में भाजपा अध्यक्ष का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन 27 जनवरी को दुर्गापुर में स्टेट कोर टीम मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक रणनीति, राजनीतिक रोडमैप और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके बाद अगले दिन यानी 28 जनवरी को वे पूर्व बर्धमान के चित्रालय मेला मैदान में आयोजित बर्धमान विभाग कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद वह दोपहर में रानीगंज में आसनसोल जिला कार्यकर्ता बैठक में शामिल होंगे, जहां जिला स्तर पर संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
अमित शाह 30 और 31 जनवरी को जाएंगे बंगाल
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह भी 30 और 31 जनवरी को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान अमित शाह संगठनात्मक और राजनीतिक बैठकों में हिस्सा लेकर पार्टी कैडर को सक्रिय करेंगे और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।