Falta Assembly Election: पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को वोट डाले जाने हैं। वोटिंग से पहले ही टीएमसी हार गई है, टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान मैदान छोड़ चुके हैं। अब बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इसी पर तंज कसते हुए टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी को घेर लिया है। सुकांत मजूमदार ने कहा है कि अभिषेक बनर्जी भी झुकेंगे।
अभिषेक बनर्जी पर सुकांत ने क्यों बोला हमला?
फाल्टा से जहांगीर खान के नाम वापस लेने के बाद जब सुकांत मजूमदार से इसे लेकर सवाल पूछा गया तब उन्होंने कहा कि AB भी झुकेगा। AB- मतलब अभिषेक बनर्जी। मजूमदार ने कहा- "बहुत सारे लोग पुष्पा बनते हैं, लेकिन पुष्पा तो फुस्स हो गया इस बार, तो ये सारे जो पुष्पा हैं और उनके जो बॉस हैं न, डायमंड हार्बर में जब मैं जाता था, तो हर जो लैंप पोस्ट होता था, उसपर फोटो के साथ लिखा होता था AB झुकेगा नहीं। अब सब झुक रहे हैं। AB का एजेंट भी झुक गया आगे AB भी झुकेगा, चिंता मत करिए।"
कहां से आया पुष्पा का जिक्र?
दरअसल बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान फाल्टा में IPS अजय पाल शर्मा ने जब उपद्रवियों के खिलाफ मोर्चा संभाल रखा था और सीधे टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को चेतावनी दे रहे थे, तब जहांगीर खान ने अपने आप को पुष्पा कहा था। बाद में फाल्टा सीट पर मतदान स्थगित हो गया और दोबारा से वोटिंग 21 मई को कराने की घोषणा की गई। जहांगीर खान के नाम वापस लेने के बाद बीजेपी का कहना है कि फाल्टा में पुष्षा झुक गया है।
फाल्टा से अब कौन है टीएमसी उम्मीदवार?
फाल्टा से अभी भी टीएमसी उम्मीदवार के रूप में जहांगीर खान की ईवीएम पर दिखेंगे। क्योंकि उन्होंने चुनाव से तब हटने का फैसला किया, जब चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था। ऐसे में उनका नाम ईवीएम पर मौजूद ही रहेगा। टीएमसी ने भी पुष्टि कर दी है, कि फाल्टा से जहांगीर खान मैदान छोड़ चुके हैं और ये उनका अपना निजी फैसला है।
