देश

'हताश हो चुके हैं राहुल, अपने बयान की कीमत चुकानी होगी,' BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का पलटवार

लोकसभा विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, राहुल गांधी का आज का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और एक तरह से उनकी अराजक मानसिकता को दर्शाता है।

Image

नितिन नवीन का राहुल गांधी पर पलटवार

Photo : ANI

Nitin Nabin Hits Out At Rahul Gandhi: पीएम मोदी और अमित शाह पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विवादित बयान पर सियासी संग्राम छिड़ गया है। विवादित बयान को लेकर खुद बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। नितिन नवीन ने कहा कि राहुल ने जनता का अपमान किया है। राहुल को अपने बयान की कीमत चुकानी होगी। राहुल हताश हो चुके हैं। बता दें कि राहुल ने रायबरेली में हुई रैली में पीएम मोदी और अमित शाह को गद्दार बताया था। इसे लेकर अब बीजेपी राहुल पर हमलावर है।

क्या नक्सलवाद का उन्मूलन गद्दारी है?

लोकसभा विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, राहुल गांधी का आज का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और एक तरह से उनकी अराजक मानसिकता को दर्शाता है। मेरा मानना है कि भारतीय राजनीति के संदर्भ में, जहां शिष्टाचार और सामाजिक सद्भाव एक-दूसरे के प्रति आपसी सम्मान से जुड़े हुए हैं, उनका बयान वास्तव में खेदजनक है। मुझे लगता है कि उनकी लगातार चुनावी हार और उससे उपजे हताशा का असर अब उनके स्वभाव और चरित्र पर दिख रहा है; यही हताशा और निराशा उन्हें आज ऐसे बयान देने के लिए मजबूर कर रही है... मैं आपके शब्दों के चयन के तरीके पर सवाल उठाता हूं: क्या नक्सलवाद का उन्मूलन गद्दारी है? क्या इस देश की सीमा की रक्षा करना गद्दारी है? क्या भारत के तिरंगे की वैश्विक प्रतिष्ठा को बढ़ाना गद्दारी है?

लोकसभा विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लिया है। रायबरेली में एक रैली में राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि विदेश मत जाओ, सोना मत खरीदो, इलेक्ट्रिक वाहन खरीदो। आने वाले समय में किसानों के पास खाद नहीं होगी। देखिए कुछ महीनों में महंगाई कहां तक पहुंचती है, पेट्रोल, डीजल, तेल, गैस, दालों और चावल की कीमतें कहां तक जाती हैं। प्रधानमंत्री खुलेआम कहते हैं कि सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, और वे खुद हजारों करोड़ रुपये के विमानों से विदेश जाते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने एक्स के जरिए भी पीएम मोदी को निशाने पर लिया। राहुल ने लिखा- हमारे सिर पर आर्थिक संकट मंडरा रहा है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में मिठाइयां बांटने में व्यस्त हैं! किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं - प्रधानमंत्री हंस रहे हैं और रीलें बना रहे हैं, जबकि भाजपा के लोग तालियां बजा रहे हैं।

यह नेतृत्व नहीं, बल्कि एक तमाशा है।

कहा- आने वाले महीनों में महंगाई तेजी से बढ़ेगी

राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने ईंधन की खपत, सोने की खरीद और विदेश यात्रा कम करने की बात कही थी, ताकि कीमतों में भारी वृद्धि की चेतावनी दी जा सके। उन्होंने कहा, आने वाले महीनों में महंगाई तेजी से बढ़ेगी। पेट्रोल, डीजल, गैस, अनाज, हर चीज की कीमतें बढ़ेंगी। उन्होंने पीएम मोदी की इस बात के लिए आलोचना की कि विदेश यात्रा न करने की अपील के तुरंत बाद ही वे पांच देशों के दौरे पर चले गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री एमएनआरईजीए को कमजोर करके, जाति जनगणना न कराकर और चुनिंदा उद्योगपतियों का पक्ष लेकर दिन-रात संविधान पर हमला कर रहे हैं। राहुल ने आरोप लगाया कि अंबानी और अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों के हितों को देश के हित की कीमत पर प्राथमिकता दी जा रही है।

राहुल गांधी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक व्यवस्था को बेच दिया है। उन्होंने भारत की आर्थिक व्यवस्था अंबानी, अडानी और अमेरिका के हवाले कर दी है। अब एक आर्थिक तूफान आने वाला है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार आपको बचा नहीं पाएंगे... वे रोएंगे और कहेंगे कि यह मेरी गलती नहीं है। मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की है क्योंकि उन्होंने इसे (संविधान को) नष्ट कर दिया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article