देश

बिहार : नालंदा में महिला से बदसलूकी, पीड़िता बोली-मैं मोबाइल रिचार्ज कराने गई थी, लोगों ने गलत समझा

पीड़िता ने कहा, ' वह मोबाइल रिचार्ज कराने दुकान पर गई थी। लोगों ने मुझे लड़के के साथ देखा, उन्हें लगा कि लड़का मेरे साथ गलत काम कर रहा है। मैं वहां कुछ गलत नहीं कर रही थी, फिर भी लोगों ने कमरे के बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद वहां गांव के लोग आ गए।

Image

बीते 26 मार्च को नालंदा में महिला के साथ हुई बदसलूकी।

Nalanda Crime News : बिहार के नालंदा जिले में बीते 26 मार्च को इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। यहां के नूरसराय थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव में लड़की की इज्जत के साथ सरेआम खिलवाड़ हुआ और उसके साथ रेप की कोशिश हुई। हैरान करने वाली बात यह है कि सरेराह लड़की का जब 'चीरहरण' हो रहा था तो कोई भी उसे बचाने नहीं आया। लोग दूर से तमाशा देखते और इस घटना का वीडियो बनाते रहे। अब पीड़िता सामने आई है और उसने बताया कि उसके साथ उस दिन क्या हुआ?

मोबाइल रिचार्ज कराने गई थी-पीड़िता

पीड़िता ने कहा, ' वह मोबाइल रिचार्ज कराने दुकान पर गई थी। लोगों ने मुझे लड़के के साथ देखा, उन्हें लगा कि लड़का मेरे साथ गलत काम कर रहा है। मैं वहां कुछ गलत नहीं कर रही थी, फिर भी लोगों ने कमरे के बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद वहां गांव के लोग आ गए। लड़का किसी तरह खिड़की से बाहर निकला तो उसके साथ लोगों ने मारपीट की। फिर हम भी किसी तरह खिड़की से बाहर निकले। फिर मेरे साथ बदसलूकी हुई।'

वीडियो बनाते रहे लोग, कोई बचाने नहीं आया

घटना के दौरान सबसे हैरतअंगेज और चिंताजनक बात यह रही कि मौके पर मौजूद किसी शख्स ने महिला की मदद करने की कोशिश नहीं की, बल्कि कई लोग वीडियो बनाने में लगे रहे। इस घटना को लेकर पूरा गांव एक तरफ हो गया है। ग्रामीणों ने महिला के चरित्र पर सवाल उठाते हुए कहा है कि गांव के सभी लोग उससे परेशान हैं। वहीं पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके साथ गंभीर अन्याय हुआ है और ग्रामीणों ने उसके सम्मान को ठेस पहुंचाई है।

मामले पर बात नहीं कर रही पुलिस

पुलिस इस मामले में मीडिया से कोई बात नहीं कर रही है। गांव में पहुंचने पर ग्रामीण भी मीडिया का विरोध कर रहे हैं। जानकारी यह भी है कि महिला के खिलाफ गांव के लोग एकजुट हो गए हैं और उसे समाज से अलग कर दिया गया है। गांव की तरफ से ऐसा संदेश दिया जा रहा है कि महिला का चाल-चरित्र ठीक नहीं है। पुलिस का कहना है कि मीडीया जांच में बाधा खड़ी कर रहा है। इस पूरे मामले पर नालंदा जिले के एसपी बात करेंगे। लड़की के साथ बदसलूकी का जो वीडियो सामने आया है, उसमें करीब 4 लोग उसके साथ बुरा-बर्ताव करते हुए साफ दिखाई दिए हैं लेकिन घटना के इतने दिनों बाद पुलिस ने अभी तक केवल अशोक यादव और नवनीत कुमार को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी उसी गांव के है।

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि महिला अपने प्रेमी से मिलने गई थी। इसी दौरान गांव के कुछ दबंगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ बदसलूकी करने लगे। आरोप है कि महिला के कपड़े तक फाड़ दिए गए और उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। घटना के दौरान वहां मौजूद ग्रामीण मूकदर्शक बने रहे। कुछ लोगों ने महिला के चरित्र पर सवाल उठाते हुए उसका समर्थन करने के बजाय आरोपियों का साथ दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Saket kumar
साकेत कुमार author

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में क... और देखें

End of Article