देश

नीतीश कुमार ने संजय झा को सौंपी JDU की कमान! राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुआ बड़ा फैसला

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगाई गई। सूत्रों ने बताया है कि इस बैठक में इस बात पर मुहर लगी कि पार्टी सांसद संजय झा को जनता दल यूनाइटेड का कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाए।

Image

नीतीश कुमार और संजय झा।

JDU National Executive Meeting: लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद शनिवार को नई दिल्ली में जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अहम फैसले पर मुहर लगाई गई। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी सांसद संजय झा को जनता दल यूनाइटेड की कमान सौंपने पर मुहर लग गई है। संजय झा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष होंगे। जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई अन्य फैसलों पर भी मुहर लगी।

संजय झा होंगे पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष

नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने अगले साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा फैसला किया है। सूत्रों ने बताया है कि जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इसका फैसला किया गया है कि जद(यू) सांसद संजय झा पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष होंगे।

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग

जद(यू) ने बिहार को विशेष दर्जा या विशेष वित्तीय पैकेज देने की केंद्र सरकार से मांग की। इसके साथ ही इस बैठक में जेडीयू ने प्रश्नपत्र लीक मामले के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने और परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए संसद में कठोर कानून पारित करने की मांग की।

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लोकसभा चुनाव की समीक्षा के साथ-साथ आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई। नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कई बड़े फैसले होने की उम्मीद पहले ही जताई जा रही थी। बैठक में सभी सांसद और मंत्री, कार्यकारी सदस्य, महासचिव, सचिव और प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले किसने क्या कहा

बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे जेडीयू के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर ने बैठक से पहले कहा था कि इस बैठक का मुद्दा संगठन पर विचार-विमर्श करना है। आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। वहीं उत्तर प्रदेश के जदयू अध्यक्ष अनूप पटेल ने कहा था कि ये पार्टी की रूटीन बैठक है। इसमें सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बुलाए गए हैं। उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए हम सभी जिलों का दौरा कर रहे हैं। जो भी फैसला होगा, इसी बैठक में होगा।

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने बैठक से पहले कहा था कि 'पार्टी के मुद्दे राष्ट्रीय पदाधिकारी तय करते हैं। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद केंद्र में हमारी भागीदारी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में शानदार सफलता को लेकर यह बैठक आयोजित की गई है। जिसमें नीतीश कुमार का आभार ज्ञापन के साथ-साथ आगामी चुनावी संगठनात्मक रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। बिहार में विकास का काम जारी है। पीएम मोदी ने भी नीतीश कुमार के कामों पर मुहर लगाई है।'

जेडीयू नेता विजय चौधरी ने बैठक से पहले कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पहले प्रस्ताव आएगा फिर उसके बाद चर्चा होगी। सर्वसम्मति से जो भी प्रस्ताव पारित होगा, उसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। वहीं जेडीयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा था कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं। उनके पास पार्टी के संबंध में सभी फैसले लेने का अधिकार है। उनकी ओर से जो भी प्रस्ताव आएगा, वह पार्टी के सभी नेताओं के लिए स्वीकार्य होगा। यह एक महत्वपूर्ण बैठक है, जिसका मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और उसका विस्तार करना है। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग हमारी पुरानी है और हम इसके लिए प्रयासरत हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article