देश

एक्शन में सुवेंदु सरकार, 243 अफसरों का सेवा विस्तार समाप्त, बोर्डों-संगठनों में नामित सदस्यों की हुई छुट्टी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को नबान्न स्थित अपने कार्यालय में पहले दिन को 'अहम’और विभिन्न गतिविधियों से युक्त बताया। सुवेंदु ने कहा कि उनकी सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से चुनावी वादों को अमल में लाना शुरू कर दिया है।

Image

पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी।

Photo : PTI

Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को 243 अधिकारियों और मनोनीत व्यक्तियों की सूची जारी की, जिन्हें अब उनके पदों से मुक्त कर दिया गया है। यह विभिन्न सरकारी निकायों, बोर्डों और संगठनों में सेवानिवृत्ति के बाद सेवा जारी रखने की प्रथा को समाप्त करने की दिशा में एक व्यापक प्रशासनिक कदम है। इससे पहले सोमवार को भाजपा की नई सरकार ने सभी विभागों को गैर-संवैधानिक संस्थाओं, बोर्डों, संगठनों एवं अपने अधीन सरकारी उपक्रमों में नामित सदस्यों, निदेशकों एवं चेयरपर्सन का बचा हुआ कार्यकाल तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद 243 अफसरों का सेवा विस्तार समाप्त किया गया है।

पुनर्नियुक्ति तथा सेवा विस्तार समाप्त

एक आधिकारिक आदेश में राज्य सरकार ने विभागों को यह भी निर्देश दिया कि 60 वर्ष की सामान्य सेवानिवृत्ति आयु के बाद भी सेवा में बने अधिकारियों और कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति तथा सेवा विस्तार को समाप्त किया जाए।

चुनावी वादों पर काम शुरू

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को नबान्न स्थित अपने कार्यालय में पहले दिन को 'अहम’और विभिन्न गतिविधियों से युक्त बताया। सुवेंदु ने कहा कि उनकी सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से चुनावी वादों को अमल में लाना शुरू कर दिया है। मंत्रिमंडल की अपनी पहली बैठक की अध्यक्षता करने के बाद ’एक्स’ पर एक पोस्ट में अधिकारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी सरकार ने राज्य में 'असल परिवर्तन’ लाने के उद्देश्य से छह 'ऐतिहासिक निर्णय’ लिए हैं।

बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू

उन्होंने कहा, 'आज हमने वादों को अमल में लाया है’और पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने से लेकर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि सौंपकर सीमा पर बाड़ लगाने के काम को सुगम बनाने जैसे निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य अंततः केंद्र की प्रमुख स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत को लागू करेगा, जिससे निवासियों को इसके लाभ मिल सकेंगे। अपने कार्यकाल के पहले दिन को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल ने राज्य सरकार में नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए ऊपरी आयु सीमा में पांच वर्ष की वृद्धि को मंजूरी दी है ताकि उन युवाओं को भरपाई की जा सके जिन्होंने 'पिछली सरकार के दौरान अपना बहुमूल्य समय गंवाया’।

राज्य में भारतीय न्याय संहिता औपचारिक रूप से लागू

पोस्ट में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) को औपचारिक रूप से लागू कर दिया है और 'उचित प्रतिनिधित्व' सुनिश्चित करने के लिए जनगणना प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। राज्य सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री अधिकारी ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएं कि उनकी सरकार अगले महीने से 'अन्नपूर्णा भंडार' योजना लागू करे और राज्य द्वारा संचालित बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान करे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article