देश

Cold Wave: दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी, राजस्थान में शीतलहर के बीच कई जगह बारिश

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jan 10, 2024, 01:44 PM IST

Chilling Cold in North India: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश जैसे उत्तर भारतीय राज्यों में हाड़ कंपा देने वाली शीत लहर जारी है।

Image

उत्तर भारत में ठंड का कहर

Photo : ANI

Chilling Cold in North India: दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है और फिलहाल राहत के आसार नहीं है। ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लोग खुद को गर्म रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। वहीं पिछले कई दिनों से कोहरे के कारण ट्रेनों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। रोजाना ट्रेनें देरी से चल रही हैं साथ ही उड़ानों पर भी कोहरे का असर पड़ा है।

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश जैसे उत्तर भारतीय राज्यों में हाड़ कंपा देने वाली शीत लहर जारी है। लोगों को गर्म रहने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश में पारा तेजी से नीचे गिरने के साथ ही लोग गर्मी लेने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में इस सर्दी का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पड़ोसी उत्तर प्रदेश में भी भीषण ठंड पड़ रही है। कानपुर और आगरा में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे 1.1 और 1.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम कोहरा

राजधानी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बुधवार को मध्यम कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में मुख्य तौर पर आसमान साफ रहने के साथ शीत स्थिति बनी हुई है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीत दिवस का यलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज ठंड और कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 18 ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 269 दर्ज किया गया जो खराब की श्रेणी में आता है। मंगलवार को 24 घंटे का एक्यूआई 366 था जो कि बेहद खराब श्रेणी में आता है।

दिल्ली में रैनबसेरों का सहारा

वहीं, दिल्ली में बेघर लोगों को सरकार द्वारा संचालित रैन बसेरों में देखा गया। दिल्ली में रैन बसेरों का उद्देश्य उन बेघर लोगों को आश्रय प्रदान करना है, जो सड़कों पर रहते हैं और ठंड में उनके पास जाने के लिए और कोई जगह नहीं है। रैनबसेरे आश्रय चाहने वालों को कंबल, बिस्तर, गर्म पानी और भोजन प्रदान करते हैं।

बचाव दल भी सक्रिय

दिल्ली के आनंद विहार में ऐसे ही एक नाइट शेल्टर होम के केयरटेकर ने एएनआई को बताया कि न केवल ये घर लोगों को बाहर की कड़कड़ाती ठंड के बीच आश्रय प्रदान करते हैं, बल्कि उनके पास एक बचाव दल भी है जो सड़कों के किनारे पड़े लोगों को आश्रय स्थल तक लाता है। आनंद विहार आश्रय स्थल में शरण लेने वाले एक व्यक्ति ने बताया, यहां सुविधाएं बहुत अच्छी हैं। मैं हमारी अच्छी देखभाल करने के लिए दिल्ली सरकार और केजरीवाल जी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं।

राजस्थान में शीतलहर के बीच कई जगह बारिश

राजस्थान में जारी शीतलहर के बीच कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। मौसम केंद्र के प्रवक्ता के अनुसार राज्य में कुछ स्थानों पर घना कोहरा और शीत दिवस दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटे में धौलपुर में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई। इस दौरान सीकर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलौदी में 4.6 डिग्री, बीकानेर और जैसलमेर में पांच-पांच डिग्री, सिरोही में 5.3 डिग्री, अजमेर, पिलानी, करौली और फतेहपुर में 6.2 डिग्री और एरनपुरा रोड में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में इस दौरान न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (ANI इनपुट)
अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article