Delhi News Today: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति मामले से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा भेजे गए चौथे समन पर प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने ईडी के समन को साजिश करार दिया है। उन्होंने ये आरोप लगाया है कि लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है, जिससे वो चुनाव में प्रचार न कर सकें।
ED के समन को केजरीवाल ने बताया साजिश
सीएम केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि ईडी ने मुझे चार समन भेजे लेकिन ये सभी अवैध हैं, राजनीतिक साजिश के तहत नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि समन तामील कराने की पूरी कवायद लोकसभा चुनाव से पहले मुझे गिरफ्तार करने के लिए है।
लोकसभा चुनाव से पहले समन मिलने पर सवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'ED ने मुझे चौथा नोटिस भेजा है, यह सभी नोटिस अवैध और अमान्य हैं। यह नोटिस एक राजनैतिक षड्यंत्र के तहत भेजे जा रहे हैं। यह जांच 2 साल से चल रही है, 2 साल में इन्हें कुछ नहीं मिला। लोकसभा चुनाव के 2 महीने पहले अचानक मुझे नोटिस भेजकर क्यों बुलाया जाता है? भाजपा ED को चला रही है, इनका मकसद है कि यह सब करके केजरीवाल को चुनाव प्रचार करने से रोको।'
सीएम केजरीवाल को कब-कब जारी हुआ समन
ईडी ने कथित शराब घोटाले में पूछताछ के लिए सीएम केजरीवाल को चौथी बार समन जारी किया था। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल (55) को 18 जनवरी को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। इससे पहले तीन जनवरी को भी केजरीवाल तीसरी बार ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे। जिसके बाद ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को चौथा समन जारी किया था। मुख्यमंत्री को समन जारी कर पिछले वर्ष दो नवंबर, 21 दिसंबर और इस साल तीन जनवरी को भी पेश होने के लिए कहा गया था। शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी सीएम केजरीवाल से पूछताछ करना चाहती है।
अरविंद केजरीवाल पर क्या है आरोप
आरोप है कि शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने संबंधी दिल्ली सरकार की 2021-22 की आबकारी नीति में घोर खामियां थीं और इसके जरिए जरिए कुछ डीलर का पक्ष लिया गया जिन्होंने कथित तौर पर इसके लिए रिश्वत दी थी। आप ने इन आरोपों का बार-बार खंडन किया है। बाद में इस नीति को रद्द कर दिया गया और दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) जांच की सिफारिश की जिसके बाद ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया।
केजरीवाल ने इससे पहले भी कहा था कि सच्चाई यह है कि कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ। भाजपा मुझे गिरफ्तार कराना चाहती है। मेरी सबसे बड़ी पूंजी मेरी ईमानदारी है और वे इस पर धब्बा लगाना चाहते हैं। भाजपा का इरादा मेरे खिलाफ जांच कराने का नहीं बल्कि लोकसभा चुनाव के लिए मुझे प्रचार करने से रोकना है। वे जांच के बहाने मुझे बुलाना और फिर गिरफ्तार करना चाहते हैं।
