दिल्ली में बारिशः गर्मी-उमस से मिली राहत; जानें- 21 जुलाई तक कहां कैसे मौसम लेगा करवट?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 17, 2022, 08:59 AM IST

Weather in India: इस बीच, राजधानी में तापमान गिरकर 26.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।

दिल्ली में बारिशः गर्मी-उमस से मिली राहत; जानें- 21 जुलाई तक कहां कैसे मौसम लेगा करवट?
Photo Credit: ANI

Weather in India:  दिल्ली में रविवार (17 जुलाई, 2022) को मौसम ने करवट ले ली। सुबह सवेरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी गिरा। शहर में बारिश के बाद लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली है। बारिश के बाद शहर में तापमान गिरकर 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज कर किया गया। 

इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पूर्वानुमान लगाया है कि पंजाब, हरियाणा-दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अगले दिन के दौरान गर्जना और बिजली कड़कने के साथ बारिश होगी।

आईएमडी के बयान में कहा गया, "अगले तीन दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज के साथ छींटे और बिजली गिरने की आशंका है। 19-20 जुलाई को इस क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका है।"

मौसम से जुड़े पूर्वानुमान लगाने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के महेश पालावत ने शनिवार (16 जुलाई, 2022) को बताया- मॉनसून मध्य भारत से तलहटी की ओर है। यही वजह है कि दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में कई जगहों पर बारिश हुई है। ये हो सकता है कि कल से घटे। 

उनके मुताबिक, 18 से 21 जुलाई के बीच यूपी, हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर की तलहटी में बादल फटने की आशंका के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। कई जगह भूस्खलन और ओलावृष्टि की भी आशंका है।

वैसे, मंगलवार को दिल्ली में बारिश के चलते शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम हो गया था। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इससे पहले दिल्ली के पुराने जलभराव स्थलों का निरीक्षण किया था, जिनमें इंद्रप्रस्थ डब्ल्यूएचओ खंड, पुल प्रह्लादपुर में रेलवे अंडरपास और मिंटो ब्रिज आदि शामिल हैं। उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में जल निकासी व्यवस्था को फुलप्रूफ बनाया जाए। 

End of Article