उत्तराखंड: पुलिस का ये कैसा कृत्य, युवक के माथे में घुसा दी चाबी, सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 28, 2020, 03:53 PM IST

Uttarakhand police: उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक शख्स ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके बाद एक पुलिसकर्मी ने उसके माथे में उसकी बाइक की चाबी घुसा दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उत्तराखंड: पुलिस का ये कैसा कृत्य, युवक के माथे में घुसा दी चाबी, सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

नई दिल्ली: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर से एक बेहद खतरनाक वीडियो सामने आया है। ये वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाला है। दरअसल, उत्तराखंड पुलिस की सिटी पेट्रोल यूनिट (CPU) के जवानों ने एक लड़के के माथे में चाबी घुसा दी, क्योंकि उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। इस कृत्य के बाद तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पीड़ित लड़के का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि उसके माथे में चाबी घुसी हुई है और खून बह रहा है। 

सोमवार शाम करीब 8 बजे ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने पर पुलिस कर्मियों ने रुद्रपुर इलाके में शख्स को रोका। जैसे ही उनके बीच बहस छिड़ गई, तभी एक पुलिसकर्मी ने उस शख्स की बाइक की चाबी निकाली और उसके माथे में घुसा दी। शख्स को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

इस घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने रुद्रपुर पुलिस स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया और पथराव किया। जैसे ही हंगामा हुआ रुद्रपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक राजकुमार ठुकराल कथित तौर पर घटनास्थल पर पहुंचे और मांग की कि उनके निर्वाचन क्षेत्र से सीपीयू को हटा दिया जाए। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

उत्तराखंड कांग्रेस ने घटना पर ट्वीट कर कहा, 'उत्तराखंड मे त्रिवेंद्र सरकार का "कुशासन" यह घटना उधमसिंह नगर की है जहां हेलमेट न लगाने पर हुई कहा सुनी मे पुलिस ने इस युवक की बाइक की चाभी इसके माथे में घुसा दी।' ट्विटर पर इस घटना को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है। 

उत्तराखंड पुलिस ने कहा, 'श्री अशोक कुमा DG L/O Sir ने बताया कि ऊधमसिंहनगर की घटना में जिन पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए गए हैं उन्हें निलंबित कर उनके विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है। दोषी पुलिसकर्मियों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।'

End of Article