PoK पर जल्द होगा भारत का कब्जा, वहां फहराया जाएगा तिरंगा झंडा: मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 21, 2020, 03:49 PM IST

योगी सरकार में संसदीय कार्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने कहा है कि पाकिस्तान अधिकृत वाले कश्मीर पर जल्दी ही भारत का कब्जा होगा।

PoK पर जल्द होगा भारत का कब्जा, वहां फहराया जाएगा तिरंगा झंडा: मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ला ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पाक के कब्जे वाले कश्मीर  (पीओके) पर जल्द ही भारत का कब्जा होगा। शुक्ला ने कहा, ''विश्व के मानचित्र से पाकिस्तान का नामोनिशान मिटे बगैर शांति सम्भव नहीं है।'' शुक्ला ने दावा किया, 'पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पर बहुत जल्द भारत का कब्जा होगा तथा वहां तिरंगा झंडा फहराया जाएगा।'

अफरीदी बदतमीज खिलाड़ी

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने वाले पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी को शुक्ला ने 'बदतमीज' बताया और कहा कि अफरीदी जैसे लोगों से तमीज की आशा नहीं की जा सकती । आपको बता दें कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान के पूर्व हरफनमौला शाहिद अफरीदी के भारत विरोधी बयान दिया था। अफरीदी ने एक वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर धार्मिक भेदभाव करने के आरोप लगाये थे। यह वीडियो कल सोशल मीडिया पर चलन में आ गया था ।

पूर्व हॉकी कप्तान ने भी की थी आलोचना

 भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और चार ओलंपिक, चार विश्व कप, चार एशियाई खेलों में भाग ले चुके महान फारवर्ड धनराज ने तब अफरीदी को लताड़ लगाते हुए कहा था, ‘हमारे प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह की अपमानजनक बातें बर्दाश्त के काबिल नहीं है । लगता है कि सरहद पार से आतंकवाद को बढावा देने की कोशिशें नाकाम होने से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है।’

हरभजन और युवराज ने जताया था खेद

 शाहिद अफरीदी के भारत के खिलाफ दिये गये बयान पर निराशा व्यक्त करते हुए भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि यह पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर दोस्ती के लायक नहीं है जबकि युवराज सिंह ने उसकी चैरिटी की मदद के लिये अपील करने पर खेद जताया। पिछले महीने हरभजन और युवराज ने ‘शाहिद अफरीदी फाउंडेशन’ के सहयोग के लिये वीडियो पोस्ट किया था। यह फाउंडेशेन कोविड-19 महामारी से प्रभावित लोगों के लिये धनराशि जुटा रहा था।

End of Article