कोविड-19 : मान नहीं रहे लोग, अब लोनावाला में पर्यटकों ने खड़ी की मुसीबत, पुलिस को लेना पड़ा एक्‍शन [Video]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2021, 06:03 PM IST

कोविड प्रतिबंधों में छूट के बाद पर्यटक स्‍थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इस दौरान लोग कोविड-19 के निमयों का उल्‍लंघन करते भी देखे जा रहे हैं।

कोविड-19 : मान नहीं रहे लोग, अब लोनावाला में पर्यटकों ने खड़ी की मुसीबत, पुलिस को लेना पड़ा एक्‍शन [Video]
Photo Credit: ANI

पुणे : कोरोना वायरस महामारी के इस दौर में जब बहुत से परिवारों ने अपने निकटजनों को खो दिया है और सरकार लगातार चेतावनी दे रही है कि कोविड-19 की दूसरी लहर अभी खत्‍म नहीं हुई और तीसरी लहर का भी खतरा मंडरा रहा है, कुछ लोग हैं जो कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आते। ऐसे लोग पुलिस और प्रशासन के लिए लगातार चुनौती बने हुए हैं तो समाज के लिए भी चिंता पैदा कर रहे हैं।

मनाली की तस्‍वीरों ने जिन चिंताओं को जन्‍म दिया, वे अभी थमी भी नहीं कि अब पुणे के लोनावाला से ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसमें पर्यटकों को कोविड-19 से संबंधित नियमों का उल्‍लंघन करते देखा जा सकता है। यहां पिकनिक स्‍पॉट पर पर्यटकों को नियंत्र‍ित करने के लिए पुलिस की भी तैनाती की गई है। लोग अपने बच्‍चों के साथ पहुंचे हुए थे, जिनमें से कई के चेहरे पर मास्‍क भी नहीं देखे गए।

मंडरा रहा कोविड की तीसरी लहर का खतरा

कोविड प्रतिबंधों में छूट और संक्रमण के मामलों में कमी के साथ लोगों में एक तरह की लापरवाही देखी जा रही है और देश के प्रमुख पर्यटन स्‍थलों पर कुछ पर्यटकों का यह रवैया इसी लापरवाही को दर्शाता है, जबकि सरकार लगातार आगाह कर रही है कि कोविउ-19 की दूसरी लहर अभी थमी नहीं है और तीसरी लहर का भी खतरा मंडरा रहा है, जिसके अक्‍टूबर-नवंबर तक पीक पर होने का अनुमान है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को भी आगाह भी किया है कि कोविड-19 की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है। वहीं, कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका के बीच देश के कुछ जिलों में संक्रमण के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं, जो चिंता पैदा कर रहे हैं। देश के 66 जिलों ने 8 जुलाई को समाप्त सप्ताह में 10 प्रतिशत से अधिक पॉजिटिविटी रेट दर्ज की गई है। इन सबके बीच पर्यटकों का बेपरवाह रवैया अलग चिंता बढ़ा रहा है।

End of Article