RJD को बड़ा झटका, रघुवंश प्रसाद सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 10, 2020, 01:48 PM IST

Raghuvansh Prasad Singh: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इसके लिए लालू यादव को पत्र लिखकर माफी मांगी है।

RJD को बड़ा झटका, रघुवंश प्रसाद सिंह ने पार्टी से दिया इस्तीफा
Photo Credit: PTI

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कद्दवार नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनका यह इस्तीफा राजद के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। सिंह कुछ दिनों से बीमार हैं और इन दिनों उनका इलाज दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में चल रहा है। एम्स में भर्ती कराए जाने के बाद राजद नेता लालू प्रसाद यादव ने चिंता जताई थी। सिंह लालू यादव के करीबी एवं भरोसेमंद साथी माने जाते हैं। राजद नेता पत्र लिखकर लालू यादव से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि अब वह पार्टी के साथ खड़े नहीं हो पाएंगे। 

चुनाव से पहले राजद को झटका
बिहार विधानसभा चुनाव से सिंह का इस्तीफा राजद के लिए झटका माना जा रहा है। उन्होंने अपने इस्तीफे के बारे में लालू यादव को पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने लिखा है, 'राष्ट्रीय अध्यक्ष महोदय, जननायक कर्पूरी ठाकुर के निधन के बाद 32 वर्षों तक आपके पीछे खड़ा रहा लेकिन अब नहीं। पार्टी नेता, कार्यकर्ता और आम जन ने बड़ा स्नेह दिया, मुझे क्षमा करें।' बताया जाता है कि सिंह पार्टी की गतिविधियों से कुछ समय से नाराज चल रहे हैं। 

पार्टी से नाराज चल रहे थे सिंह 
चर्चा है कि राजद में रामा सिंह के शामिल होने की बातों और तेजस्वी यादव के मनमाने रवैये को लेकर सिंह पिछले कुछ समय से नाराज चल रहे हैं। कुछ महीने पहले ऐसी चर्चा थी कि वह पार्टी छोड़ने का मन बना चुके हैं। राजद नेता को कुछ दिनों से मनाने की कोशिश की जा रही थी लेकिन वह इस बार अपनी नाराजगी छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुए और पार्टी से इस्तीफा दे दिया। 

End of Article