संसद में PM मोदी ने पढ़ी शायरी, चार लाइनों में कांग्रेस को ऐसे दिखाया 'आईना'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 7, 2022, 06:43 PM IST

Pm Modi speech: लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर खूब निशाना साधा। उन्होंने शायरी पढ़कर कांग्रेस पर अहंकारी होने का आरोप लगाया।

संसद में PM मोदी ने पढ़ी शायरी, चार लाइनों में कांग्रेस को ऐसे दिखाया 'आईना'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। इस दौरान वो कांग्रेस पर लगातार हमलावर बने रहे। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर अहंकारी होने का आरोप लगाया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एक शायरी भी पढ़ी।

पीएम मोदी ने कहा कि 'वो जब दिन को रात कहें, तो तुरंत मान जाओ।

नहीं मानोगे तो वो दिन में नकाब ओढ़ लेंगे।

जरूरत हुई तो हकीकत को थोड़ा बहुत मरोड़ लेंगे,

वो मगरूर हैं खुद की समझ पर बेइंतहा, इन्हें आईना मत दिखाओ, वो आईने को भी तोड़ देंगे।' 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के इतने सालों के बाद गरीब के घर में रोशनी होती है, तो उसकी खुशियां देश की खुशियों को ताकत देती हैं। गरीब के घर में गैस का कनेक्शन हो, धुएं वाले चूल्हे से मुक्ति हो तो उसका आनंद कुछ और ही होता है। पहले गैस कनेक्शन स्टेटस सिंबल हुआ करता था। अब गरीब से गरीब व्यक्ति तक इसकी पहुंच है और यह बहुत खुशी की बात है। दुर्भाग्य ये है कि आपमें से बहुत से लोग ऐसे हैं जिनका कांटा 2014 में अटका हुआ है और उससे वो बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उसका नतीजा भी आपको भुगतना पड़ा है। देश की जनता आपको पहचान गई है, कुछ लोग पहले पहचान गए, कुछ लोग अब पहचान रहे हैं और कुछ लोग आने वाले समय में पहचानने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि नागालैंड के लोगों ने आखिरी बार 1998 में कांग्रेस के लिए वोट किया था, करीब 24 साल हो गए। ओडिशा ने 1995 में आपके लिए वोट किया था, सिर्फ 27 साल हुए आपको वहां एंट्री नहीं मिली। गोवा में 1994 में पूर्ण बहुमत के साथ आप जीते थे, 28 साल से गोवा ने आपको स्वीकार नहीं किया। पिछली बार 1988 में त्रिपुरा में वहां की जनता ने आपको वोट दिया था, करीब 34 साल पहले। यूपी, गुजरात, बिहार ने आखिरी बार 1985 में कांग्रेस के लिए वोट किया था, करीब 37 साल पहले। पिछली बार पश्चिम बंगाल के लोगों ने करीब 50 साल पहले 1972 में आपको पसंद किया था।

इस कोरोना काल में कांग्रेस ने हद कर दी। पहली लहर के दौरान देश जब लॉकडाउन का पालन कर रहा था, जब WHO दुनिया भर को सलाह देता था, सारे हेल्थ एक्सपर्ट कह रहे थे कि जो जहां है वहीं पर रुके। तब कांग्रेस के लोगों ने मुंबई के रेलवे स्टेशन पर खड़े रहकर मुंबई के श्रमिकों को जाने के लिए उनको टिकट दिया गया, लोगों को जाने के लिए प्रेरित किया गया।

End of Article