Diwali 2020: देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा दिवाली का त्योहार, रोशनी से जगमग हुए घर और आसमान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 14, 2020, 07:21 PM IST

दिवाली भारत के सबसे बड़े त्योहारों में से एक है। कार्तिक मास की अमावस्या को पड़ने वाला यह त्योहार काफी धूमधाम से मनाया जाता है।

Diwali 2020: देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा दिवाली का त्योहार, रोशनी से जगमग हुए घर और आसमान
Photo Credit: Twitter

नई दिल्ली: देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया रहा है। त्योहार की जमकर रौनक देखने को मिल रही है। हालांकि, कई जगह सादगी से भी दिवाली मनाई  जा रही है। दिवाली भारत के सबसे बड़े त्योहारों में से है। इसे रोशनी का त्योहार कहा जाता है। दिवाली कार्तिक मास की अमावस्या को मनाई जाती है। कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच लोग खुशियां समेटने को आतुर नजर आए। प्रकाश पर्व को लेकर लोग कई दिन से तैयारी कर रहे थे, जिसके चलते शनिवार सुबह से ही खूब उत्साह दिखा। वहीं, शाम होते-होते रोशनी का बसेरा हो गया, जिसके बाद घर और आसमान जगमग हो उठे। 

महाराष्ट्र में सादगी से मनाई जा रही दिवाली

दिवाली मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में पारंपरिक तरीके से मनाई जा रही है लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इस बार रौनक कम है। इस साल, लक्ष्मी पूजन (दिवाली की मुख्य पूजा) और नरक चतुर्दशी एक ही दिन है। इस दिन लोग अपनी छतों की मुंडेर और बालकनी पर मिट्टी के दीये और ‘आकाश कांदील’ जलाते हैं और घरों के सामने रंगोली बनाते हैं। मुंबई, पुणे, ठाणे और नासिक सहित पूरे महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘ दिवाली पहट’ इस त्योहार का अभिन्न हिस्सा बन गया है लेकिन इस साल कोरोनामहामारी की वजह से ऐसे आयोजन नहीं हो रहे हैं। 

राष्ट्रपति और पीएम ने दिवाली पर दी बधाई

दिवाली के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दूसरे प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को बधाई दी। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, 'दीवाली के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों और विदेश में बसे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि खुशियों और प्रकाश का यह महापर्व, देश के हर घर में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करे।' वहीं, प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, 'सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक मंगलकामनाएं। यह त्योहार आपके जीवन में और अधिक प्रसन्नता और खुशहाली लाए। सभी लोग समृद्ध और स्वस्थ रहें।'

End of Article